Wednesday, September 2, 2026
28 C
Delhi

मुल्क राज आनंद: इंसानी बराबरी और मज़लूमों की आवाज़ उठाने वाले अज़ीम उपन्यासकार

मुल्क राज आनंद अंग्रेज़ी अदब के मशहूर हिंदुस्तानी उपन्यासकार और कहानीकार थे। उनकी तहरीरों में समाज के ग़रीब, मज़दूर, दलित और दबे-कुचले तबक़े की ज़िंदगी, उनकी मुश्किलात और बेहतर मुस्तक़बिल की जद्दोजहद साफ़ दिखाई देती है। उनकी रचनाओं में इंसानी बराबरी, आज़ादी और सामाजिक इंसाफ़ का पैग़ाम बार-बार सामने आता है।

मुल्क राज आनंद की पैदाइश 12 दिसंबर 1905 को पेशावर में हुयी थी। उनका बचपन ऐसे माहौल में गुज़रा जहां उन्होंने समाज में मौजूद ऊंच-नीच और भेदभाव को क़रीब से देखा। यही तजुर्बे आगे चलकर उनकी अदबी दुनिया का अहम हिस्सा बने।

अदब की दुनिया में क़दम

आनंद ने अपनी तालीम के बाद लेखन को अपना रास्ता बनाया। उनकी पहली मशहूर कृति ‘Untouchable’ थी, जिसमें उन्होंने समाज के उस तबक़े की ज़िंदगी को सामने रखा जिसे सदियों से छुआछूत और सामाजिक भेदभाव का सामना करना पड़ा था।

इसके बाद उनके कई अहम उपन्यास सामने आए। ‘Coolie’ (1936) में एक ग़रीब नौजवान की ज़िंदगी और उसके शोषण की कहानी बयान की गई है। ‘Two Leaves and a Bud’ (1937) में मज़दूरों की मुश्किल ज़िंदगी और अंग्रेज़ी दौर के शोषण को विषय बनाया गया।

उनके उपन्यास ‘The Village’ (1939), ‘Across the Black Waters’ (1940), ‘The Sword and the Sickle’ (1942) और ‘The Private Life of an Indian Prince’ (1953) भी ख़ास तौर पर चर्चित रहे।

आम इंसान उनकी तहरीर का हीरो

मुल्क राज आनंद की सबसे बड़ी ख़ूबी यह थी कि उन्होंने बड़े-बड़े महलों और ताक़तवर लोगों के बजाय आम इंसान को अपनी कहानी का मरकज़ बनाया।     

उनके किरदार ग़रीबी, ज़ुल्म, जात-पात, बेबसी और सामाजिक नाइंसाफ़ी से लड़ते दिखाई देते हैं। शुरुआती उपन्यासों में उनके किरदार अक्सर हालात के सामने मजबूर नज़र आते हैं, लेकिन बाद की तहरीरों में उनमें अपने हक़ के लिए आवाज़ उठाने और अपनी तक़दीर बदलने का जज़्बा दिखाई देता है।

औरतों के किरदार भी मज़बूत

आनंद की कहानियों में औरतों के किरदार भी महज़ सहायक किरदार नहीं हैं। उनकी कई नायिकाएं अपने हक़ और इज़्ज़त के लिए खड़ी होती हैं और ज़ुल्म को चुपचाप सहने से इंकार करती हैं।

उनकी रचनाओं में इंसानी रिश्तों की पेचीदगी, समाज की बंदिशें और आज़ाद ज़िंदगी की तमन्ना को बेहद सादगी के साथ पेश किया गया है।

कहानी में हिंदुस्तान की तस्वीर

मुल्क राज आनंद के साहित्य में गांव और शहर दोनों की तस्वीर मिलती है। किसान, मज़दूर, छोटे दुकानदार, ग़रीब परिवार और आम लोग उनकी कहानियों के अहम किरदार हैं।

उनकी तहरीर में हिंदुस्तानी समाज की मिट्टी की ख़ुशबू महसूस होती है। वह सिर्फ़ कहानी नहीं कहते, बल्कि अपने दौर के समाज की तस्वीर भी हमारे सामने रखते हैं।

उनके लेखन में एक तरफ़ हिंदुस्तानी लोक-जीवन है तो दूसरी तरफ़ आधुनिक सोच और इंसानी बराबरी का पैग़ाम।

‘जंगल में मंगल’ का दिलचस्प क़िस्सा

एक सफ़र के दौरान उन्होंने 5 दरियाओं की सरज़मीन पर एक नदी के किनारे बन रहे बांध का ख़ूबसूरत मंज़र देखा। चारों तरफ़ पानी, ऊंचे बांध और तेज़ धूप के बीच उनकी ज़बान से बेइख़्तियार पंजाबी का एक जुमला निकला “जंगल में मंगल हो रहा है।”

वहीं मौजूद एक शख़्स ने यह बात सुनी और कुछ देर बाद उसे हीर गाते हुए सुना गया। उस शख़्स का नाम बाली भाट था। उसने आनंद को हीर-रांझा की दास्तान सुनाई। आनंद को उसकी कहानी सुनाने का अंदाज़ बेहद पसंद आया। इस छोटे से वाक़िए में भी उनके अंदर मौजूद कहानी सुनने और आम इंसान की ज़िंदगी को समझने की गहरी दिलचस्पी दिखाई देती है।

‘शक्ति’ और इंसान की जद्दोजहद

आनंद की तहरीरों में शक्ति का तसव्वुर भी अहम है। उनके नज़रिए में इंसान के अंदर मौजूद ताक़त ही उसे मुश्किल हालात का सामना करने का हौसला देती है।

जब इंसान पर ख़ौफ़, मायूसी और अंधेरे का साया छा जाता है तो वह अपनी राह खो सकता है। लेकिन उसी अंधेरे में वह अपने अंदर ऐसी ताक़त तलाश करता है जिसके सहारे आने वाले कल का सामना कर सके।

यही जद्दोजहद मुल्क राज आनंद के साहित्य का एक अहम पहलू है इंसान टूटे नहीं, बल्कि अपने हक़ और बेहतर मुस्तक़बिल के लिए खड़ा हो।

अदब में हमेशा ज़िंदा रहेगा नाम

मुल्क राज आनंद ने अपनी तहरीरों के ज़रिए समाज के उन लोगों को आवाज़ दी जिनकी आवाज़ अक्सर दबा दी जाती थी। उनकी कहानियों और उपन्यासों में इंसानी दर्द, बराबरी, आज़ादी और इंसाफ़ की तलाश दिखाई देती है।

उनका साहित्य हमें यह पैग़ाम देता है कि अदब सिर्फ़ तफ़रीह का ज़रिया नहीं, बल्कि समाज का आईना और बदलाव की आवाज़ भी हो सकता है।

मुल्क राज आनंद इसी वजह से हिंदुस्तानी अंग्रेज़ी अदब के उन अदीबों में शुमार होते हैं जिनकी तहरीर में इंसानियत की आवाज़ सबसे ऊंची सुनाई देती है।

ये भी पढ़ें: नवाज़ देवबंदी: मोहब्बत, जज़्बात और इंसानियत के शायर

आप हमें FacebookInstagramTwitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

ज़मीन अली: वो चराग़ जिसने उर्दू के लिए एक नया रास्ता रोशन किया

कुछ लोग सिर्फ़ अपने दौर के लिए काम नहीं...

अमजद हैदराबादी: दर्द को रुबाई में ढालने वाले शायर

उर्दू अदब की दुनिया में अमजद हैदराबादी का नाम...

राबिया बसरी: मोहब्बत-ए-इलाही की पहली सूफ़ी शायरा 

तसव्वुफ़ की तारीख़ में अगर किसी एक नाम को...

Topics

अमजद हैदराबादी: दर्द को रुबाई में ढालने वाले शायर

उर्दू अदब की दुनिया में अमजद हैदराबादी का नाम...

राबिया बसरी: मोहब्बत-ए-इलाही की पहली सूफ़ी शायरा 

तसव्वुफ़ की तारीख़ में अगर किसी एक नाम को...

Related Articles

Popular Categories