Sunday, May 31, 2026
32.1 C
Delhi

पंजाबी कवि बुल्ले शाह की दास्तान- मोहब्बत, सूफ़ियाना रंग और सादगी की मिसाल

उर्दू और पंजाबी अदब की दुनिया में कुछ नाम ऐसे होते हैं, जो सिर्फ़ शायर नहीं, बल्कि एक दौर की आवाज़ बन जाते हैं। उन्हीं में से एक नाम है बुल्ले शाह—एक ऐसा सूफ़ी दरवेश, जिसकी शायरी में मोहब्बत भी है, बग़ावत भी, और इंसानियत का गहरा पैग़ाम भी।

एक दरवेश की शुरुआत

बुल्ले शाह का असली नाम सैय्यद अब्दुल्ला शाह कादरी बताया जाता है, हालांकि इस पर पूरी तरह से सहमति नहीं है। उनकी पैदाइश करीब 1680 के आसपास पंजाब के उच (मुल्तान सूबे) में एक धार्मिक परिवार में हुई। उनके पिता शाह मुहम्मद दरवेश अरबी, फ़ारसी और क़ुरान के ज्ञाता थे।

ना मैं मोमन विच मसीतां, ना मैं विच कुफ़र दीआं रीतां
ना मैं पाकां विच पलीतां, ना मैं मूसा ना फरऔन
बुल्ल्हा की जाणा मैं कौण

बचपन में ही उनका परिवार कई जगहों पर गया. पहले मलाकवाल, फिर कसूर के पास पांडोके गांव। यहां बुल्ले शाह ने एक आम बच्चे की तरह ज़िंदगी जी. कभी मस्जिद में इल्म हासिल किया, तो कभी गांव में मवेशी चराए। यही सादगी आगे चलकर उनकी शायरी की पहचान बनी।

पढ़ पढ़ आलिम फ़ाज़िल होइओं,
कदे अपने आप नूं पढ़आई नहीं।

जा जा वड़दा एं मन्दिर मसीतीं,
कदे मन अपने विच वड़्याई नहीं ।

तालीम और रूहानी सफ़र

बुल्ले शाह ने अपनी शुरुआती तालीम अपने पिता से ही हासिल की। बाद में कसूर में मशहूर आलिम मौलाना गुलाम मुर्तज़ा से पढ़ाई की। लेकिन उनकी असली रूहानी यात्रा तब शुरू हुई, जब वे लाहौर पहुंचे और Shah Inayat Qadri से मुलाक़ात हुई।

शाह इनायत उनके मुर्शिद बने और यहीं से बुल्ले शाह की सोच में एक नई क्रांति आई। उन्होंने जात-पात, धर्म और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ़ आवाज़ उठानी शुरू की।

रांझा रांझा कर दी नी मैं आपे रांझा होई
सद्दो नी मैनूं धीदो रांझा हीर ना आखो कोई

समाज से टकराव और बग़ावती सोच

बुल्ले शाह सिर्फ़ सूफ़ी नहीं थे, बल्कि एक बाग़ी भी थे। उन्होंने उस दौर के धार्मिक ठेकेदारों और समाज की रूढ़ियों को खुलकर चुनौती दी।


“मस्जिद ढा दे, मंदिर ढा दे, ढा दे जो कुछ ढैंदा,
पर दिल न किसी दा ढाईं, रब दिलां विच रहंदा।”

यानी, इमारतें तोड़ने से कुछ नहीं होता. असल में दिल को चोट नहीं पहुंचानी चाहिए, क्योंकि ख़ुदा वहीं बसता है।

इसी बेबाकी की वजह से उन्हें कई बार “काफ़िर” तक कहा गया और समाज से अलग-थलग कर दिया गया। लेकिन उन्होंने कभी अपने रास्ते से समझौता नहीं किया।

सादगी भरी शायरी, मगर मायने बेहद गहरे

बुल्ले शाह की शायरी की सबसे बड़ी खूबी उसकी सादगी है। उन्होंने कठिन फ़ारसी या अरबी की बजाय आम बोलचाल की पंजाबी भाषा को चुना, ताकि हर इंसान उनके पैग़ाम को समझ सके।

उनकी काफ़ियां आज भी लोगों की ज़ुबान पर हैं. आपको बता दें कि बुल्ले शाह की पंजाबी कविताओं को ‘काफ़ियां’ कहा जाता है।

“बुल्लेया की जाना मैं कौन…” यह सिर्फ़ एक शेर नहीं, बल्कि इंसान की पहचान की तलाश का बयान है।

उनकी शायरी में सूफ़ीवाद और वेदांत दोनों का असर दिखता है एक तरफ़ इश्क़-ए-हक़ीकी (ईश्वर का प्रेम), और दूसरी तरफ़ आत्मा की खोज।

इंसानियत का पैग़ाम

बुल्ले शाह का सबसे बड़ा पैग़ाम था इंसानियत।
उन्होंने कहा कि धर्म, जाति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर इंसान को इंसान समझना ही असली इबादत है।

उनकी सोच इतनी क्रांतिकारी थी कि आज भी उन्हें “जनता का शायर” कहा जाता है। उनकी शायरी ने समाज के हर तबके को छुआ. चाहे वह किसान हो, मज़दूर हो या कोई आम इंसान।

आख़िरी दिन और विरासत

बुल्ले शाह ने अपनी ज़िंदगी का ज़्यादातर हिस्सा कसूर में बिताया और 1757 में 77 साल की उम्र में उनका इंतकाल हुआ। शुरू में उनके जनाज़े को लेकर भी विवाद हुआ, लेकिन बाद में उन्हें कसूर में दफ़नाया गया।

आज उनकी दरगाह Bulleh Shah Shrine पर हर साल उर्स लगता है, जहां हज़ारों लोग उनकी याद में इकट्ठा होते हैं।

आज भी ज़िंदा हैं बुल्ले शाह

बुल्ले शाह की शायरी सिर्फ़ किताबों तक सीमित नहीं रही। उसे संगीत ने नई ज़िंदगी दी। Nusrat Fateh Ali Khan, Abida Parveen और कई दूसरे फ़नकारों ने उनके कलाम को दुनिया भर में पहुंचाया।

आज भी उनके काफ़ी सूफ़ी संगीत, क़व्वाली और यहां तक कि बॉलीवुड गानों में गूंजते हैं। 

रब्बी शेरगिल ने बुल्ले शाह की मशहूर काफ़ी “बुल्ला की जाना मैं कौन” को अपनी आवाज़ देकर नई पहचान दी। फ़िल्म दिल से का लोकप्रिय गीत “छइयां छइयां” भी उनकी काफ़ी “तेरे इश्क नचाया कर थैया थैया” से प्रेरित माना जाता है। वहीं बॉलीवुड फ़िल्म रॉकस्टार का गीत “कतया करूं” भी बुल्ले शाह की सूफ़ियाना शायरी से ही लिया गया है।

बुल्ले शाह सिर्फ़ एक शायर नहीं थे, बल्कि एक सोच थे एक ऐसी सोच जो इंसान को खुद से मिलने की राह दिखाती है।

ये भी पढ़ें: इक़बाल अशहर: “उर्दू है मिरा नाम…” से पहचान बनाने वाले शायर की अदबी दास्तान

आप हमें FacebookInstagramTwitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

रोगाणुओं की प्रतिरोध क्षमता का एआई के ज़रिये मुकाबला

यू.एस. सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन भारत के...

भारत की ‘Tea City of India’: जिसकी चाय की चुस्कियां पूरी दुनिया लेती है

भारत में चाय (Tea) लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी...

Topics

रोगाणुओं की प्रतिरोध क्षमता का एआई के ज़रिये मुकाबला

यू.एस. सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन भारत के...

भारत की ‘Tea City of India’: जिसकी चाय की चुस्कियां पूरी दुनिया लेती है

भारत में चाय (Tea) लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी...

उत्तराखंड की ट्रेडिशनल थाली: पहाड़ों की रूह, ज़ायकों का जश्न

ज़रा सोचिए... सुबह का वक़्त है। सामने बर्फ़ से...

Padma Shri 2026: 30 हज़ार शो, गायों की सेवा और Mir Haji Kasam का सफ़र

कुछ लोग अपनी बातों से पहचाने जाते हैं और...

Related Articles

Popular Categories