Saturday, August 22, 2026
33 C
Delhi

पंजाब के वो ऐतिहासिक बाज़ार, जो आज भी अपनी विरासत को ज़िंदा रखे हुए हैं

आज जब हम खरीदारी के लिए मॉल या ऑनलाइन स्टोर का रुख करते हैं, तो शायद ही कभी सोचते हैं कि एक दौर ऐसा भी था, जब किसी शहर की पहचान उसके बाज़ार से होती थी।अमृतसर का गुरु बाज़ार हो, पटियाला का अदालत बाज़ार या लुधियाना का चौड़ा बाज़ार ये सिर्फ़ खरीदारी की जगहें नहीं हैं, बल्कि इतिहास की ज़िंदा निशानियां हैं। कहीं एक ही परिवार सौ साल से कारोबार कर रहा है, तो कहीं वही हुनर आज भी ज़िंदा है जो दादा-परदादा के ज़माने में था।

सबसे दिलचस्प बात ये है कि इन बाज़ारों ने पंजाब के इतिहास को किसी म्यूज़ियम में नहीं, बल्कि लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी में संभालकर रखा है।पंजाब के अलग-अलग शहरों में आज भी ऐसे कई पुराने बाज़ार मौजूद हैं, जिन्होंने बदलते वक़्त के बावजूद अपनी असली पहचान को बचाकर रखा है। इन गलियों में घूमना सिर्फ़ खरीदारी करना नहीं, बल्कि शहर के गुज़रे दौर से मिलने जैसा एहसास भी है।

अमृतसर का गुरु बाज़ार

अमृतसर की पहचान श्री हरिमंदिर साहिब से जुड़ी है, लेकिन इस शहर के इतिहास में गुरु बाज़ार की भी ख़ास जगह है। पुराने शहर का ये इलाका सदियों से कारोबार का अहम केंद्र रहा है। आज ये बाज़ार ख़ास तौर पर सोने-चांदी के गहनों के लिए मशहूर है।

यहां पारंपरिक जड़ाऊ गहने, शादी-ब्याह के ख़ास डिज़ाइन और हाथों से की गई बारीक कारीगरी लोगों को अपनी ओर खींचती है। इसकी तंग गलियों से गुज़रते हुए महसूस होता है कि ये सिर्फ़ ज्वेलरी मार्केट नहीं, बल्कि अमृतसर की पुरानी कारोबारी विरासत का हिस्सा है। यहां कई दुकानें ऐसी हैं जो कई पीढ़ियों से चल रही हैं। भले ही गहने बेचने के तरीके बदल गए हों, लेकिन लोगों का भरोसा और कारीगरों का हुनर आज भी इस बाज़ार की सबसे बड़ी पहचान है।

पटियाला का अदालत बाज़ार

पटियाला का ज़िक्र हो और अदालत बाज़ार की बात न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। रियासतों के दौर से ये शहर के सबसे मशहूर बाज़ारों में गिना जाता है और आज भी पटियाला की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। यहां आपको पटियाला की मशहूर जुतियां, रंग-बिरंगे परांदे, शादी के कपड़े और पंजाबी हस्तशिल्प से जुड़ी कई चीज़ें आसानी से मिल जाती हैं। एक समय ऐसा था जब रियासती परिवार और बड़े घरानों की खरीदारी का बड़ा हिस्सा इसी बाज़ार से होता था। आज भी यहां वही शाही माहौल महसूस किया जा सकता है। बदलते वक़्त के बावजूद अदालत बाज़ार ने अपनी पुरानी पहचान को संभालकर रखा है।

लुधियाना का चौड़ा बाज़ार

लुधियाना को पंजाब की औद्योगिक राजधानी कहा जाता है, लेकिन इस शहर की असली रौनक आज भी चौड़ा बाज़ार में दिखाई देती है। उन्नीसवीं सदी से मौजूद ये बाज़ार शहर के सबसे पुराने कारोबारी इलाकों में से एक माना जाता है। दिलचस्प बात ये है कि आज जहां भीड़ की वजह से गलियां तंग लगती हैं, वहीं कभी ये इलाका अपने चौड़े रास्तों के लिए मशहूर था। इसी वजह से इसका नाम चौड़ा बाज़ार पड़ा।

सर्दियों के कपड़े, शॉल, होजरी और थोक कारोबार के लिए मशहूर ये बाज़ार आज भी व्यापार का बड़ा केंद्र बना हुआ है। यहां के पुराने व्यापारी आज भी भरोसे और लंबे कारोबारी रिश्तों को अपनी सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

जालंधर का स्पोर्ट्स मार्केट

जालंधर का नाम दुनिया भर में खेल के सामान के लिए मशहूर है। यहां की स्पोर्ट्स मार्केट उसी परंपरा का हिस्सा है, जिसने शहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। यहां बने फुटबॉल, क्रिकेट बैट, हॉकी स्टिक और दूसरे खेलों का सामान कई देशों तक पहुंचता है। सबसे ख़ास बात ये है कि इस कारोबार की शुरुआत बड़ी फैक्ट्रियों से नहीं, बल्कि उन कारीगरों से हुई थी जो अपने हाथों से फुटबॉल सिलते और खेल का सामान तैयार करते थे।

आज भले ही मशीनों का इस्तेमाल बढ़ गया हो, लेकिन शहर के कई हिस्सों में आज भी वही पुराना हुनर ज़िंदा है, जिसने जालंधर को भारत की खेल राजधानी बनाने में अहम भूमिका निभाई। इसलिए ये बाज़ार सिर्फ़ कारोबार नहीं, बल्कि पंजाब की मशहूर कारीगरी की पहचान भी है।

फिरोज़पुर का शाही बाज़ार

सरहदी शहर फिरोज़पुर का इतिहास हमेशा से कारोबार और आवाजाही से जुड़ा रहा है। इसी इतिहास का अहम हिस्सा है शाही बाज़ार। पुराने फिरोज़पुर की गलियों में बसा ये इलाका लंबे समय तक शहर की कारोबारी गतिविधियों का केंद्र रहा। यहां आज भी पीतल और तांबे के बर्तन, पारंपरिक मसाले और रोज़मर्रा के इस्तेमाल की कई पुरानी चीज़ें मिल जाती हैं।

पहले जब सरहदी इलाकों से व्यापार ज़्यादा होता था, तब ये बाज़ार शहर की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा माना जाता था। आज भी यहां घूमने पर एक ऐसा माहौल महसूस होता है, जो आधुनिक मार्केट से बिल्कुल अलग है।

होशियारपुर का कश्मीरी बाज़ार

होशियारपुर का नाम आते ही लकड़ी पर की जाने वाली बेमिसाल नक़्काशी याद आती है। शहर का कश्मीरी बाज़ार इस कला का अहम केंद्र माना जाता है। सालों से यहां शीशम की लकड़ी पर बारीक काम करने वाले कारीगर अपने हुनर को आगे बढ़ाते आ रहे हैं। लकड़ी पर पीतल और दूसरी धातुओं की इनले कारीगरी ने होशियारपुर को पूरे देश में अलग पहचान दिलाई है।

फर्नीचर से लेकर सजावटी सामान तक, यहां बनी चीज़ें अपनी ख़ूबसूरती के लिए मशहूर हैं। वक़्त के साथ मशीनों ने काम आसान ज़रूर किया है, लेकिन आज भी कई कारीगर अपने हाथों से उसी पारंपरिक तरीके से काम करते हैं, जैसा उनके बुज़ुर्ग किया करते थे। यही वजह है कि ये बाज़ार सिर्फ़ खरीदारी की जगह नहीं, बल्कि पंजाब की एक अनोखी कला का ज़िंदा केंद्र भी है।

पुराने बाज़ारों की सबसे बड़ी खूबी उनकी दुकानें या उनका आकार नहीं, बल्कि उनकी पहचान है। ये बाज़ार बदलते वक़्त के साथ भी अपनी विरासत को संभाले हुए हैं। पंजाब के ये ऐतिहासिक बाज़ार बताते हैं कि विरासत सिर्फ़ किलों, हवेलियों या स्मारकों में ही नहीं बसती। कई बार वो किसी पुरानी दुकान के बोर्ड में, किसी कारीगर के हुनर में या भीड़भरी तंग गलियों में भी ज़िंदा रहती है।

शायद यही वजह है कि इन बाज़ारों में जाना सिर्फ़ खरीदारी करना नहीं, बल्कि पंजाब के गुज़रे हुए दौर से मुलाक़ात करना भी है। और जब ये मुलाकात होती है, तो महसूस होता है कि इन बाज़ारों ने सिर्फ़ कारोबार ही नहीं, बल्कि पंजाब की अनगिनत कहानियों को भी आज तक संभालकर रखा है।

स्टोरी– अभीलाषा अग्रवाल

इस लेख को पंजाबी में पढ़ें

ये भी पढ़ें: जब फ़ारस का कांच,रेगिस्तान की रेत और क़बीलों का हुनर बना दुनिया का सबसे बड़ा फैशन, कच्छ की शीशा-कारी का अनकहा सफ़र

आप हमें FacebookInstagramTwitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

साझा Punjab की कहानी: जहां रिश्ते धर्म से नहीं, दिलों से जुड़े हैं

Punjab (पंजाब) गुरुओं, पीरों और फ़कीरों की पाक ज़मीन...

नौवारी साड़ी: योद्धा रानियों का वेश,मॉडर्न मराठी दुल्हन की पहचान

आपने कभी महाराष्ट्रीयन शादी देखी होगी... या गणेश चतुर्थी...

अख़लाक़ अहमद आहन: फ़ारसी और उर्दू अदब की एक ख़ास आवाज़

फ़ारसी और उर्दू अदब की दुनिया में प्रोफ़ेसर अख़लाक़...

Topics

साझा Punjab की कहानी: जहां रिश्ते धर्म से नहीं, दिलों से जुड़े हैं

Punjab (पंजाब) गुरुओं, पीरों और फ़कीरों की पाक ज़मीन...

नौवारी साड़ी: योद्धा रानियों का वेश,मॉडर्न मराठी दुल्हन की पहचान

आपने कभी महाराष्ट्रीयन शादी देखी होगी... या गणेश चतुर्थी...

अख़लाक़ अहमद आहन: फ़ारसी और उर्दू अदब की एक ख़ास आवाज़

फ़ारसी और उर्दू अदब की दुनिया में प्रोफ़ेसर अख़लाक़...

शाहिद अहमद देहलवी: दिल्ली की तहज़ीब और उर्दू अदब के अमीन

उर्दू अदब की दुनिया में शाहिद अहमद देहलवी का...

Related Articles

Popular Categories