Sunday, September 6, 2026
27 C
Delhi

हरिवंश राय बच्चन: ‘मधुशाला’ से हिंदी साहित्य को नई पहचान देने वाले कवि

हरिवंश राय बच्चन हिंदी साहित्य की हालावादी काव्यधारा के उन मशहूर कवियों में शुमार होते हैं, जिनकी शायरी में ज़िंदगी, मोहब्बत, दर्द, उम्मीद और इंसानी जज़्बात का ख़ूबसूरत मेल दिखाई देता है। आसान ज़बान और दिल को छू लेने वाले अंदाज़ ने उन्हें आम पाठकों के बीच भी बेहद मक़बूल बनाया।

हरिवंश राय बच्चन का जन्म 27 नवंबर 1907 को इलाहाबाद के चक मोहल्ले में एक संभ्रांत कायस्थ परिवार में हुआ था। उनका नाम ‘हरिवंश राय’ रखा गया, जबकि घर में प्यार से उन्हें ‘बच्चन’ पुकारा जाता था। आगे चलकर यही नाम उनकी अदबी पहचान बन गया।

तालीम और अदबी सफ़र

बच्चन ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से अंग्रेज़ी साहित्य में एम.ए. किया और वहीं तदरीस का काम भी किया। 1952 में वह विलियम बटलर येट्स के साहित्य पर शोध के लिए कैंब्रिज विश्वविद्यालय गए। 

वतन वापसी के बाद उन्होंने आकाशवाणी में प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया और 1955 में विदेश मंत्रालय में हिंदी विशेषाधिकारी नियुक्त हुए। 1966 में राष्ट्रपति ने उन्हें राज्यसभा का सदस्य मनोनीत किया।

‘मधुशाला’ ने दिलाई शोहरत

बच्चन की शायरी का सफ़र बचपन से ही शुरू हो गया था। स्कूली दिनों में ही वह तुकबंदियां करने लगे थे। 1933 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के एक कवि-सम्मेलन में उन्होंने ‘मधुशाला’ का पाठ किया, जिसे सुनकर महफ़िल में खूब दाद मिली।

इसके बाद उनकी मक़बूलियत लगातार बढ़ती गई। 1935 में प्रकाशित ‘मधुशाला’ उनकी सबसे मशहूर कृति बनी और बच्चन का नाम ‘मधुशाला’ से इस क़दर जुड़ गया कि वह इसकी पहचान ही बन गए।

उनके अन्य काव्य-संग्रहों में ‘तेरा हार’, ‘मधुबाला’, ‘मधुकलश’, ‘निशा निमंत्रण’, ‘एकांत संगीत’, ‘आकुल अंतर’, ‘सतरंगिनी’ और ‘दो चट्टानें’ प्रमुख हैं।

शायरी में दर्द भी, उम्मीद भी

बच्चन की कविता में सिर्फ़ ज़िंदगी का जश्न नहीं, बल्कि जुदाई, मायूसी और बीते हुए लम्हों की कसक भी दिखाई देती है। उनकी मशहूर कविता ‘जो बीत गई सो बात गई’ इसी एहसास को बेहद सादगी से बयान करती है।

“जीवन में एक सितारा था
माना वह बेहद प्यारा था
वह डूब गया तो डूब गया।”

इन पंक्तियों में बीते हुए वक़्त को स्वीकार करने और ज़िंदगी में आगे बढ़ने का पैग़ाम मिलता है। बच्चन दर्द को भी इस तरह बयान करते हैं कि उसमें एक नई उम्मीद की रोशनी दिखाई देने लगती है।

इंसानी जज़्बात के शायर

बच्चन की शायरी आम इंसान के सुख-दुख और अंदरूनी कैफ़ियत से गहरा रिश्ता रखती है।

“मैं जग-जीवन का भार लिए फिरता हूं,
फिर भी जीवन में प्यार लिए फिरता हूं।”

इन पंक्तियों में ज़िंदगी की मुश्किलात और उसके बावजूद दिल में मौजूद मोहब्बत का ख़ूबसूरत इज़हार मिलता है।

उनकी रचनाओं में बचपन, कुदरत और मासूम जज़्बात भी बड़ी खूबसूरती से सामने आते हैं। ‘चुरुंगुन’ जैसी रचना में एक नन्हे पंछी के उड़ने की ख़्वाहिश और दुनिया को समझने की जिज्ञासा को बेहद सहज अंदाज़ में पेश किया गया है।

आत्मकथा में भी योगदान

हरिवंश राय बच्चन सिर्फ़ शायर ही नहीं, बल्कि एक अहम तर्जुमान और आत्मकथाकार भी थे। उन्होंने ‘मैकबेथ’, ‘ओथेलो’, ‘हैमलेट’ और ‘किंग लियर’ जैसी मशहूर रचनाओं का हिंदी में तर्जुमा किया।

उनकी चार-खंडीय आत्मकथा—‘क्या भूलूं क्या याद करूं’, ‘नीड़ का निर्माण फिर’, ‘बसेरे से दूर’ और ‘दशद्वार से सोपान तक’—हिंदी साहित्य में ख़ास मक़ाम रखती है।

सम्मान और अदबी विरासत

हरिवंश राय बच्चन को ‘दो चट्टानें’ के लिए साहित्य अकादेमी पुरस्कार से नवाज़ा गया। उनकी आत्मकथा के लिए उन्हें सरस्वती सम्मान मिला। साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया।

बच्चन की सबसे बड़ी ख़ूबी उनकी सादा ज़बान, गहरी संवेदना और दिल में उतर जाने वाला अंदाज़-ए-बयां था। उन्होंने मोहब्बत से लेकर दर्द, जुदाई से लेकर उम्मीद और ज़िंदगी के जश्न तक हर कैफ़ियत को अपनी कविता में जगह दी।

यही वजह है कि हरिवंश राय बच्चन सिर्फ़ ‘मधुशाला’ के शायर नहीं, बल्कि इंसानी ज़िंदगी के हर रंग को अपने अल्फ़ाज़ में ढालने वाले ऐसे अदीब हैं, जिनकी आवाज़ आज भी अदबी महफ़िलों में गूंजती है।

ये भी पढ़ें: नवाज़ देवबंदी: मोहब्बत, जज़्बात और इंसानियत के शायर

आप हमें FacebookInstagramTwitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

हसरत मोहानी: जब इंक़लाब के शायर को भा गई कान्हा की बांसुरी

कृष्ण को देखने और समझने के अंदाज़ अलग-अलग हो...

त्रिपुरा की रिसा: जो बुनती है इतिहास, संजोती है पहचान और बिखेरती है चमक

नॉर्थ ईस्ट भारत के हरे-भरे पहाड़ों में बसा त्रिपुरा,जहां...

Topics

हसरत मोहानी: जब इंक़लाब के शायर को भा गई कान्हा की बांसुरी

कृष्ण को देखने और समझने के अंदाज़ अलग-अलग हो...

त्रिपुरा की रिसा: जो बुनती है इतिहास, संजोती है पहचान और बिखेरती है चमक

नॉर्थ ईस्ट भारत के हरे-भरे पहाड़ों में बसा त्रिपुरा,जहां...

संगरूर का Banasar Bagh Museum! जींद रियासत की शानदार विरासत

पंजाब की ज़मीन अपने समृद्ध इतिहास, बहादुरी की दास्तानों,...

Related Articles

Popular Categories