डॉ. नुसरत मेहदी उर्दू अदब की उन अहम शख़्सियतों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी शायरी और अदबी ख़िदमात से अलग पहचान बनाई है। उनकी रचनाओं में औरत के जज़्बात, समाज की सच्चाइयां, इंसानी रिश्ते, अमन और मोहब्बत जैसे विषय खूबसूरती से सामने आते हैं। उनकी शायरी में जहां एक तरफ़ दर्द और विरोध की आवाज़ सुनाई देती है, वहीं दूसरी तरफ़ उम्मीद, इंसानियत और भाईचारे का पैग़ाम भी मिलता है।
डॉ. नुसरत मेहदी की पैदाइश 1 मार्च 1970 को उत्तर प्रदेश के नगीना में एक पढ़े-लिखे और प्रतिष्ठित परिवार में हुयी। उन्होंने शुरुआती तालीम अपने ही शहर से हासिल की और मेरठ विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने उर्दू, हिंदी और अंग्रेज़ी तीनों भाषाओं में एमए की डिग्री हासिल की। लंदन की एशक्रॉफ्ट यूनिवर्सिटी ने उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि से भी सम्मानित किया। फिलहाल वह मध्य प्रदेश सरकार के आध्यात्म विभाग के अंतर्गत राज्य आनंद संस्थान की निदेशक हैं और भोपाल में रहती हैं।
डॉ. नुसरत मेहदी ने उर्दू शायरी में अपनी एक अलग जगह बनाई है। उनकी रचनाओं में महिलाओं के जज़्बात और उनके तर्जुबों को ख़ास अहमियत मिलती है। वह समाज में फैली कड़वाहट, बेचैनी, अव्यवस्था और विरोध को अपने अशआर के ज़रिये पेश करती हैं। उनकी ख़ासियत यह है कि वह मुश्किल और तल्ख़ सच्चाइयों को भी बेहद सादगी और नर्म लहजे में कह देती हैं। उनके कलाम में अल्फ़ाज़ की खूबसूरती के साथ गहरी सोच और असरदार संदेश भी देखने को मिलता है।
आज़िज़ी आज है मुमकिन है न हो कल मुझ में,
इस तरह ऐब निकालो न मुसलसल मुझ में।
इन उनकी शायरी में गंगा-जमुनी तहज़ीब और वतन से मोहब्बत की खुशबू भी साफ़ महसूस होती है। वह हिंदुस्तान की मिली-जुली संस्कृति को अपनी पहचान और विरासत मानती हैं। उनकी ये पंक्तियां इसी सोच को बयां करती हैं।
हर तरफ़ महकी हुई मेरे चमन की ख़ुशबू,
है फ़ज़ाओं में अज़ानों की भजन की ख़ुशबू।
शायरी के अलावा डॉ. नुसरत मेहदी ने कहानी, लेख और नाटक लेखन के क्षेत्र में भी काम किया है। उनकी प्रमुख काव्य कृतियों में साया-साया धूप, आबला-पा, मैं भी तो हूं, घर आने को है, हिसार-ए-ज़ात से परे और फ़रहाद नहीं होने के शामिल हैं।
साहित्य के साथ-साथ उन्होंने उर्दू भाषा और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए भी लगातार काम किया है। वह लंबे समय तक मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी की सचिव रहीं। इस दौरान उन्होंने अपनी प्रशासनिक क्षमता और मेहनत से अकादमी की गतिविधियों को नई पहचान दी। उनके कार्यकाल में उर्दू सप्ताह का आयोजन किया जाता रहा, जिसके ज़रिये साहित्य, कला और संस्कृति से जुड़े कई कार्यक्रम हुए। इन आयोजनों ने उर्दू भाषा और अदब को आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
फ़ज़ा ये अम्न-ओ-अमां की सदा रखे क़ायम,
सुनो ये फ़र्ज़ तुम्हारा भी है हमारा भी।
इसके अलावा वह मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग के अल्लामा इक़बाल साहित्य केंद्र में उपनिदेशक, राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद, नेशनल बुक ट्रस्ट, सीसीआरटी और दिल्ली की उर्दू पैनल जैसी संस्थाओं से भी जुड़ी रहीं। उन्होंने मध्य प्रदेश वक़्फ़ बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी और राज्य हज कमेटी की कार्यकारी अधिकारी के तौर पर भी अपनी सेवाएं दी हैं।
डॉ. नुसरत मेहदी ने भारत के साथ-साथ अमेरिका, इंग्लैंड, दुबई, सऊदी अरब, पाकिस्तान, बहरीन, क़तर, कुवैत और मस्कट जैसे देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार, मुशायरों, उर्दू सम्मेलनों और कार्यशालाओं में भी हिस्सा लिया है।
उर्दू अदब और समाज के लिए उनकी सेवाओं को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाज़ा गया है। इनमें 2018 में अमेरिका के उर्दू सेंटर इंटरनेशनल की ओर से मिला इंटरनेशनल परफॉर्मेंस इंटरनेशनल अवॉर्ड, 2017 का समरन गीत एजाज़, 2016 का अख़्तर-उल-ईमान अवॉर्ड, 2015 का मदर टेरेसा गोल्ड मेडल और बेस्ट सिटिजन ऑफ़ इंडिया गोल्ड मेडल शामिल हैं। इसके अलावा उन्हें 2014 में परवीन शाकिर अवॉर्ड, 2010 में अमर शहीद अशफ़ाक़उल्लाह अवॉर्ड और 2008 में नुशूर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया।
डॉ. नुसरत मेहदी की शायरी सिर्फ़ अल्फ़ाज़ का खेल नहीं, बल्कि समाज को देखने और समझने का एक नज़रिया है। उनकी रचनाओं में औरत की आवाज़, इंसानियत का दर्द, वतन की मोहब्बत और गंगा-जमुनी तहज़ीब के रंग एक साथ दिखाई देते हैं। यही वजह है कि उन्होंने उर्दू अदब में अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
ये भी पढ़ें: ज़फ़र इक़बाल: उर्दू ग़ज़ल को नए ख़्याल और अंदाज़ से सजाने वाले शायर
आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।



