पैंसठ पार की हीरा देवी (Heera Devi) विनोद कापड़ी की फिल्म ‘पायर’ (Vinod Kapri’s film ‘Pyar’) की नायिका हैं। उत्तराखण्ड के सुदूर कस्बे बेरीनाग से कोई दस किलोमीटर दूर एक छोटे-से गांव गढ़तिर की रहने वाली हीरा देवी ने फिल्म के लिए चुने जाने से पहले अपनी जिंदगी का ज्यादातर हिस्सा पहाड़ की अधिकतर संसाधनहीन महिलाओं की तरह परिवार और मवेशियों की देखरेख करते हुए बिताया था। सिनेमा और कैमरा छोड़िए, बड़ी स्क्रीन वाले मोबाइल फोन भी उनके लिए किसी दूसरे संसार की चीजें थीं।

बच्चों के शादी-ब्याह और परिवार की दूसरी जिम्मेदारियां निबटा चुकीं हीरा देवी कुछ वर्ष पहले पति के न रहने के बाद से एकाकी जीवन बिता रही थीं. घर में उनका साथ देने के लिए एक पालतू भैंस थी। इत्तफाक से वो उन्हीं दिनों ब्याई थी। सो हीरा देवी की सारी दिनचर्या भैंस और उसके नवजात बच्चे के लिए घास वगैरह का इंतजाम करने के इर्द-गिर्द घूमती थी।
इसी दौरान पत्रकार और फिल्म निर्देशक विनोद कापड़ी ने उनके जीवन में दस्तक दी और अपनी फिल्म में काम करने का प्रस्ताव दिया। उल्लेखनीय है कि स्वयं विनोद भी उसी पृष्ठभूमि से हैं। हीरा देवी के गांव के नज़दीक ही उखड़ नामक एक गांव में उनका पितृक घर है।
विनोद कापड़ी की दिलचस्पी पहाड़ के उन बुजुर्गों की जिंदगी में थी जिनके बच्चे बेहतर भविष्य की तलाश में गांव छोड़कर शहरों में जा बसे हैं। पीछे रह गए माता-पिता के हिस्से में खाली होते गांव, अकेलापन और उम्र के साथ बढ़ती मुश्किलें आई हैं। इसी विषयवस्तु को लेकर स्क्रिप्ट लिखी गई। शुरू में बुज़ुर्ग दंपत्ति का रोल करने के लिए नसीरुद्दीन शाह और उनकी पत्नी रत्ना पाठक शाह ने सहमति जताई लेकिन फिर कोरोना आ गया। नसीरुद्दीन शाह बीमार पड़े और सारी योजना धरी की धरी रह गई।
कुछ समय बाद दोबारा से फिल्म के लिए उपयुक्त कलाकारों की तलाश शुरू हुई तो विनोद ने तय किया कि पेशेवर अभिनेताओं की जगह ऐसे लोगों को लिया जाए जो उस दुनिया का हिस्सा हों जिसे फिल्म में दिखाया जाना है। पुरुष पात्र के लिए पदम सिंह कपड़ी मिल गए। वे पूर्व सैनिक थे और स्थानीय रामलीलाओं में अभिनय भी कर चुके थे। लेकिन स्त्री पात्र के लिए तलाश आसान नहीं थी।

हीरा देवी तक पहुंचने की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। विनोद और उनकी टीम आसपास के गांवों में घूम रही थी। एक बुजुर्ग महिला को देखकर वे उसकी ओर बढ़े तो वह घबरा गई। उसे लगा कि वन विभाग के लोग हैं और जंगल से घास या लकड़ी लाने के लिए पकड़ने आए हैं। बाद में गांव वालों से बातचीत के दौरान हीरा देवी के बारे में पता चला। वह घास का गट्ठर लेकर लौट रही थीं। फिल्म में काम करने के लिए किसी महिला की तलाश की बात सुनकर उन्होंने खुद आगे बढ़कर अपनी उम्मीदवारी पेश कर दी। एक बातचीत में विनोद ने बताया था कि हीरा देवी के आत्मविश्वास ने उन्हें बहुत प्रभावित किया था। उन्हें एक दृश्य दिया गया और उन्होंने बिना किसी पूर्व अभिनय अनुभव के उसे जिस सहजता से किया, उससे उनकी तलाश पूरी हो गई।
लेकिन फिल्म में काम करने की बात चली तो हीरा देवी की पहली चिंता अभिनय या कैमरे को लेकर नहीं थी। वह भैंस और उसके बच्चे को लेकर थी। दूसरी चिंता यह कि अड़ोसी-पड़ोसी क्या कहेंगे. कुछ परिचितों ने उन्हें चेताया भी कि पिक्चर वालों का कोई भरोसा नहीं होता, कब कौन-सी चीज की फिल्म खींच लें!
और शूटिंग शुरू हो गई
हीरा देवी का घर मुख्य लोकेशन से कोई छह किलोमीटर दूर था। शूटिंग सुबह साढ़े छह बजे शुरू होती और अक्सर रात के आठ बजे तक चलती। प्रोडक्शन वाले हीरा देवी को वैसी ही इज्जत बख्शते जैसी किसी स्थापित अभिनेत्री को मिलती होगी। उन्हें अभिनय सिखाने के लिए बाकायदा प्रशिक्षक तैनात थे। हर रोज लाने-छोड़ने के लिए एक गाड़ी हमेशा तैयार रहती। हीरा देवी तड़के उठकर जंगल चली जातीं और गाड़ी के आने से पहले भैंस के लिए दिन भर की घास का इंतजाम कर लेतीं। फिर शूटिंग पर पहुंचतीं और शाम को लौटकर अपने घरेलू संसार में वापस दाखिल हो जातीं।
शूटिंग का एक बेहद दिलचस्प वाकया
एक दृश्य में उन्हें घास का गठ्ठर उठाए नायक के साथ कहीं जाते हुए दिखाया जाना था। सुबह का दृश्य था। हीरा देवी के आने से पहले प्रोडक्शन की टीम ने कहीं से घास का एक गट्ठर मंगवा लिया था। सेट पर पहुंचते ही उनकी निगाह सबसे पहले उसी पर पड़ी। उनकी आंखों में चमक आ गई।
शूटिंग शुरू हुई लेकिन उस दिन हीरा देवी के अभिनय में कोई जान नहीं आ रही थी। उनकी निगाह बार-बार उसी गट्ठर की तरफ चली जाती। निर्देशक विनोद झुंझलाने लगे और तो हीरा देवी ने सीन रुकवाकर विनोद से पूछा, “इस घास का क्या करोगे?”
“यहीं फेंक देंगे और क्या!”
उनके मन में टीस उठी। उन्होंने निर्देशक से बात की और सुनिश्चित करवाया कि शूटिंग खत्म होने पर घास को फेंकने के बजाय उन्हें घर ले जाने के लिए दे दिया जाएगा। इस निश्छलता से भीतर तक भीग गए विनोद ने प्रोडक्शन टीम को एक और गट्ठर की व्यवस्था करने को कहा। उसके बाद सब कुछ अच्छी तरह हुआ।
उस शाम घर जाते हुए उनकी जीप में दो गट्ठर घास भी भरी हुई थी। हीरा देवी के चेहरे पर उस दिन कैसा संतोष रहा होगा, इसकी कल्पना वही कर सकता है जिसने पहाड़ की महिलाओं को हर सुबह जान की बाजी लगाकर चारे और लकड़ी की खोज में बाघों से भरे जंगलों की ओर जाते देखा है। हमारे लिए घास का एक गट्ठर शायद मामूली चीज हो, लेकिन पहाड़ की किसी अकेली बुजुर्ग महिला के लिए वह कई दिनों की मेहनत और चिंता से मिली एक बड़ी राहत होता है।

इस छोटे-से प्रसंग में हीरा देवी के व्यक्तित्व का एक बड़ा हिस्सा दिखाई देता है। उनके लिए घास केवल फिल्म के किसी दृश्य की प्रॉपर्टी नहीं थी। वह उनकी जिंदगी का ज़रूरी हिस्सा थी। कैमरे के सामने खड़ी होकर भी वह अपने उस संसार को नहीं भूल सकती थीं जिसमें भैंस भूखी रह सकती थी, अगर उसके लिए चारे का इंतजाम न हो।
करीब दो साल पहले, नवंबर 2024 में, ‘पायर’ का अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर एस्टोनिया की राजधानी टालिन में आयोजित ब्लैक नाइट्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ. फिल्म को आधिकारिक प्रतियोगिता में जगह मिली और उसे पीओएफएफ ऑडियंस अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। इसके बाद दुनिया के कई फिल्म समारोहों में उसकी सराहना हुई। फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार हासिल किए।
हीरा देवी के लिए यह यात्रा किसी सपने से कम नहीं थी। गांव की पगडंडियों और जंगलों से निकलकर वे यूरोप के एक बड़े फिल्म समारोह के रेड कारपेट तक पहुंच गई थीं, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि वहां भी उनका मन अपने घर और भैंस में ही अटका हुआ था। विनोद बताते हैं कि रेड कारपेट पर चलते हुए भी हीरा देवी यही सोच रही थीं कि उनके बगैर उनकी भैंस क्या खा रही होगी, कैसे रह रही होगी! आखिरकार उनकी बेटी को गांव बुलाकर भैंस की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, तभी हीरा देवी विदेश जाने के लिए तैयार हुईं।
इसमें पहाड़ की स्त्री के जीवन का एक गहरा सच छिपा है। उसकी दुनिया में बड़े-बड़े पुरस्कारों, रेड कारपेट और अंतरराष्ट्रीय पहचान से कहीं ज्यादा जरूरी वह पशु है जिसके साथ उसने अपने अकेलेपन के दिन काटे हैं। वह दुनिया जिसके लिए वह हर सुबह जंगल जाती रही है।
‘पायर’ में हीरा देवी तुलसी का किरदार निभाती हैं। पदम सिंह कपड़ी उनके पति पदम के रूप में हैं। फिल्म में दोनों एक ऐसे बुजुर्ग दंपती की भूमिका में हैं जिनका बेटा वर्षों पहले गांव छोड़कर चला गया है। उनके बीच छोटी-छोटी नोकझोंक है, शिकायतें हैं, एक-दूसरे पर निर्भरता है और उस सबके नीचे एक लंबा साझा जीवन। फिल्म की सबसे बड़ी खूबी यही है कि इसमें प्रेम किसी रोमानी कल्पना की तरह नहीं, बल्कि साथ रहते-रहते विकसित हुए एक सहज मानवीय रिश्ते की तरह दिखाई देता है। हीरा देवी और पदम सिंह की स्वाभाविक मौजूदगी इस कहानी को एक ऐसी विश्वसनीयता देती है जिसे किसी अभिनय प्रशिक्षण से हासिल करना आसान नहीं।
फिल्म को भारत में सिनेमाघरों तक पहुंचने में भी लंबा इंतजार करना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय समारोहों में सम्मान पाने के बावजूद उसे वितरण और ओटीटी मंचों पर जगह बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा। आखिरकार 30 अक्टूबर 2026 को यह भारतीय सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई और अब देश भर में धूम मचा रही है।
हीरा देवी की कहानी को केवल इस रूप में देखना आसान है कि एक साधारण ग्रामीण महिला अचानक फिल्म अभिनेत्री बन गई और उसने अंतरराष्ट्रीय ख्याति हासिल कर ली। उनकी कहानी का असली आकर्षण कहीं और है. वे अपनी जिंदगी में कुछ भी छोड़कर किसी नए संसार में दाखिल नहीं हुईं. देश विदेश में प्रसिद्धि की राह पर चलते हुए भी वे वही महिला थीं जो सुबह जंगल जाकर अपनी भैंस के लिए घास काटती थी। कैमरे के सामने अभिनय करते हुए भी उनकी निगाह घास के उस गट्ठर पर थी जिसे कोई और शायद बेकार समझकर फेंक देता।
यही वजह है कि हीरा देवी पर्दे पर अभिनय करती हुई भी अभिनय करती हुई नहीं लगतीं। उनके भीतर एक पूरा जीवन मौजूद है – हिमालय की सुदूर दुर्गम ऊंचाइयों में खुद को बचाए-बनाए रख लेने वाला समूचा पहाड़ी जीवन।
ये भी पढ़ें- वाराणसी की संकरी गलियों में बसा कांच के मोतियों को बनाने का हुनर, बनारस का छुपा हुआ फ़न
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते है।



