वाराणसी को भारत की आध्यात्मिक नगरी कहा जाता है। यहां गंगा के घाट, मंदिरों की घंटियां और आरती की धुन..ये सब इस शहर की पहचान हैं। लेकिन इन सबके बीच, संकरी गलियों में एक और खज़ाना छुपा हुआ है, जो शायद हर टूरिस्ट की नज़र से ओझल रह जाता है वो है कांच के मोतियों की नक़्क़ाशी। ये वो फ़न है जिसे इस शहर के माहिर कारीगरों ने सदियों से संजोया है और आज भी ज़िंदा रखा है।

इतिहास के आईने में
वाराणसी में मोती बनाने की परंपरा कई सदियों पुरानी है। तारीख़ के पन्नों के मुताबिक़, इस फ़न को सबसे पहले मुग़ल शासन के दौरान फ़ारसी कारीगर यहां लेकर आए थे। वक़्त के साथ ये एक नफ़ीस देसी हुनर में तब्दील हो गया, जिसे ‘Lampworking’ कहा जाता है। इसमें कारीगर छोटी सी लौ की मदद से रंग-बिरंगी कांच की छड़ें पिघलाते हैं और उन्हें फूलों, जियोमेट्री डिज़ाइन या अमूर्त नक़्शों में ढालकर हार, कंगन और दूसरे ज़ेवरात का रूप देते हैं। हर मोती में एक अलग ही जान और चमक होती है।
मोतियों के पीछे के कारीगर
मोती बनाना यहां पीढ़ी-दर-पीढ़ी चलने वाला फ़न है। माहिर कारीगर अपने ख़ानदानी कारख़ानों में हर मोती को हाथ से तराशते हैं। वे पुरानी तकनीकों के साथ-साथ नए ज़माने के तत्वों को भी अपनाते हैं ताकि बदलते फ़ैशन के साथ क़दम से क़दम मिलाकर चल सकें। वाराणसी जिसे बनारस भी कहते हैं आज भारत के उन बड़े केंद्रों में शुमार है जहां से मोती और मोती से बनी चीज़ें बड़े पैमाने पर बाहर भेजी जाती हैं। इन मोतियों की रंगत कपड़ों, सजावटी सामान, पर्दों, पर्स, एक्सेसरीज़ और ज़ेवरात, हर जगह नज़र आती है। आज यहां 2,000 से ज़्यादा माहिर कारीगर इस फ़न और हस्तशिल्प के लिए अपनी जान लगा रहे हैं।

चाँदपुर, कंदवाँ और रामनगर जैसे इलाक़ों में बसे ये कारीगर वाराणसी के इस चमकते हुए मोती उद्योग की जान हैं। इन्हें काम करते देखना वाक़ई एक हैरतअंगेज़ तजुर्बा है। कई कारख़ाने सैलानियों को न सिर्फ़ यह फ़न क़रीब से देखने की इजाज़त देते हैं, बल्कि उन्हें ख़ुद मोती बनाकर आज़माने का मौक़ा भी देते हैं। अगर आप वाराणसी में हैं, तो यह तजुर्बा आपको किसी भी हाल में मिस नहीं करना चाहिए!
एक यादगार तोहफ़ा
वाराणसी के काँच के मोती सिर्फ़ सैलानियों में ही मक़बूल नहीं, बल्कि यह इस रंगीन और रूहानी शहर से अपने साथ ले जाने के लिए एक बेहतरीन तोहफ़ा भी हैं। आप ‘बीडवाला’ या शहर की दूसरी दुकानों का रुख़ करें, जहाँ ये चमकदार और नफ़ीस मोती कपड़ों, एक्सेसरीज़ या मज़हबी चीज़ों की ज़ीनत बनते हैं। इन्हें ज़ेवर के तौर पर पहनना आपके लिबास में एक देसी शान भी जोड़ेगा और आपकी इस सफ़र की एक ख़ूबसूरत याद भी बन जाएगा।

तो अगली बार जब आप काशी की गलियों में हों, तो सिर्फ़ घाटों और मंदिरों तक ही मत रुकिए। इन कांच के मोतियों की दुनिया में भी उतरिए, जहां हर मोती में सदियों की मेहनत, मोहब्बत और हुनर की ख़ुशबू बसी हुई है।
ये भी पढ़ें-ज़मीन के नीचे छिपा था चोलों का ख़जाना : नागपट्टिनम से निकली नटराज-शिवकामी की दुर्लभ कांस्य मूर्तियां
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते है।



