उर्दू अदब की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाली कुछ शख़्सियते ऐसी हैं, जिन्होंने अपनी शायरी और अदबी ख़िदमात से एक अलग मुक़ाम हासिल किया है। ज़ेहरा निगाह भी ऐसा ही एक नाम हैं। उन्हें प्यार से ‘ज़ेहरा आपा’ कहा जाता है। उन्होंने उस दौर में उर्दू शायरी में अपनी पहचान बनाई, जब मुशायरों और अदबी महफ़िलों में महिलाओं की भागीदारी बहुत कम हुआ करती थी। अपनी ख़ास शायरी, दिलकश अंदाज़-ए-बयां और मज़बूत कलम के दम पर उन्होंने इस दुनिया में एक अलग जगह बनाई।
अब इस घर की आबादी मेहमानों पर है
कोई आ जाए तो वक़्त गुज़र जाता है
ज़ेहरा निगाह की पैदाइश 14 मई 1937 को हैदराबाद, भारत में हुयी थी। उनका ताल्लुक़ एक ऐसे ख़ानदान से था, जहां इल्म, अदब और शायरी का ख़ास माहौल था। उनके पिता सरकारी मुलाज़िम होने के साथ शायरी में भी दिलचस्पी रखते थे। घर में बड़े-बड़े शायरों के कलाम पढ़े और सुने जाते थे। यही माहौल उनके साहित्यिक सफ़र की बुनियाद बना।
इस उम्मीद पे रोज़ चराग़ जलाते हैं
आने वाले बरसों बअद भी आते हैं
1947 में भारत के बंटवारे के बाद जब वह महज़ 10 साल की थीं, तब अपने परिवार के साथ पाकिस्तान चली गईं। बचपन से ही उन्हें उर्दू शायरी से लगाव था। उन्होंने 14 साल की उम्र में शायरी कहना शुरू कर दिया था। छोटी उम्र में ही मीर, ग़ालिब, हाली और इक़बाल जैसे बड़े शायरों का कलाम याद कर लिया था। महज़ 15 साल की उम्र में उन्होंने मुशायरों में शिरकत करना शुरू कर दिया था।
मुशायरों में बनाई अलग पहचान
ज़ेहरा निगाह की शायरी में क्लासिकी रंग के साथ आधुनिक दौर के एहसास भी नज़र आते हैं। उनकी नज़्मों और ग़ज़लों में औरत की ज़िंदगी, रिश्तों की नज़ाकत, सामाजिक हालात और इंसानी जज़्बात को ख़ूबसूरती से बयान किया गया है।
नहीं नहीं हमें अब तेरी जुस्तुजू भी नहीं
तुझे भी भूल गए हम तिरी ख़ुशी के लिए
उन्होंने ऐसे समय में मुशायरों में अपनी जगह बनाई, जब मंच पर महिलाओं की मौजूदगी बहुत आम नहीं थी। अपने पुरअसर अंदाज़ और कलाम की गहराई से उन्होंने न सिर्फ़ श्रोताओं का दिल जीता, बल्कि आने वाली शायराओं के लिए भी रास्ते खोले।
शायरी के अलावा ज़ेहरा निगाह ने टेलीविज़न की दुनिया में भी काम किया। वह स्क्रिप्ट राइटर के तौर पर कई टेलीविज़न धारावाहिकों से जुड़ी रहीं। उन्होंने साहित्य पर आधारित कार्यक्रमों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। उनकी अदबी दिलचस्पी का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह कई बड़े साहित्यिक आयोजनों और सम्मेलनों की अध्यक्षता भी कर चुकी हैं।
अदबी ख़ानदान और साहित्यिक विरासत
ज़ेहरा निगाह का परिवार भी कला और साहित्य के क्षेत्र में अपनी पहचान रखता है। उनकी बड़ी बहन फ़ातिमा सुरैया बाज़िया मशहूर लेखिका और ड्रामा राइटर थीं। उनके भाई अनवर मक़सूद पाकिस्तान के जाने-माने लेखक, व्यंग्यकार और टीवी होस्ट हैं। उनके एक अन्य भाई अहमद मक़सूद भी सरकारी सेवा में अहम पद पर रहे।
ज़ेहरा निगाह का परिवार भी कला और साहित्य के क्षेत्र में अपनी पहचान रखता है। उनकी बड़ी बहन फ़ातिमा सुरैया बाज़िया मशहूर लेखिका और ड्रामा राइटर थीं। उनके भाई अनवर मक़सूद पाकिस्तान के जाने-माने लेखक, व्यंग्यकार और टीवी होस्ट हैं। उनके एक अन्य भाई अहमद मक़सूद भी सरकारी सेवा में अहम पद पर रहे।
छोटी सी बात पे ख़ुश होना मुझे आता था
पर बड़ी बात पे चुप रहना तुम्ही से सीखा
सम्मान और प्रमुख किताबें
उर्दू साहित्य में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें कई बड़े सम्मानों से नवाज़ा गया। साल 2006 में उन्हें पाकिस्तान के प्रतिष्ठित ‘प्राइड ऑफ परफॉर्मेंस’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा लाहौर लिटरेचर फेस्टिवल का लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड (2013), अल्लामा इक़बाल अवॉर्ड (2018), यूबीएल लिटरेरी लाइफटाइम अवॉर्ड (2019) और आर्ट्स काउंसिल लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड (2021) भी उनके नाम रहे। मई 2026 में उन्हें पाकिस्तान के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘हिलाल-ए-इम्तियाज़’ से भी सम्मानित किया गया।
उनकी प्रमुख किताबों में ‘शाम का पहला तारा’, ‘वरक़’, ‘फ़िराक़’ और ‘गुल चांदनी’ शामिल हैं। साल 2023 में उनका काव्य-संग्रह ‘लफ़्ज़’ भी प्रकाशित हुआ।
ज़ेहरा निगाह की शायरी सिर्फ़ अल्फ़ाज़ का मेल नहीं, बल्कि ज़िंदगी के तजुर्बों, एहसासों और ख़ामोशियों का आईना है। उन्होंने अपनी कलम से यह साबित किया कि अदब में पहचान बनाने के लिए किसी तय दायरे की ज़रूरत नहीं होती। अपनी शायरी और अदबी ख़िदमात के ज़रिए उन्होंने उर्दू साहित्य में एक ऐसी जगह बनाई है, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: ज़फ़र इक़बाल: उर्दू ग़ज़ल को नए ख़्याल और अंदाज़ से सजाने वाले शायर
आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं



