Bell Metal Craft:मध्य प्रदेश की उत्तरी सरहद पर बसे दतिया और टीकमगढ़, दो ऐसे ज़िले हैं जो अपनी तारीख़, तहज़ीब और हुनर के लिए जाने जाते हैं। दतिया का महल जहां मुग़ल और राजपूत स्थापत्य का दिलकश संगम है, वहीं टीकमगढ़ के क़रीब ओरछा का क़िला, राजा महल और जहांगीर महल की ख़ूबसूरती से हर आंख को चौंधिया देता है। लेकिन इन दोनों ज़िलों की गलियों में एक छुपा हुआ ख़ज़ाना भी है। बेल मेटल वेयर (Bell metal ware) यानी धोकरा शिल्प जो तीन सदियों से इस धरती की मिट्टी, आग और हुनर में पिरोया हुआ है। पुश्त दर पुश्त चलने वाला ये हुनर सिर्फ़ कारोबार नहीं, बल्कि रिवायत की रूह है।

एक अनोखी विरासत की कहानी
धोकरा यानी बेल मेटल शिल्प (Bell Metal Craft) का इतिहास बहुत गहरा है। शुरू में ये हुनर राजाओं और सिपाहियों के लिए जंगी हथियार बनाने में काम आता था, मगर वक़्त के साथ कारीगरों ने इसमें नक़्क़ाशी और ख़ूबसूरती घोल दी। आज यहां की गलियों में ऐसी चीज़ें तैयार होती हैं जो हर ज़रूरत और हर शौक़ को पूरा करती हैं।
इन नग़ीनों को ढालने का तरीक़ा है लॉस्ट वैक्स कास्टिंग। सबसे पहले मोम का एक नमूना तैयार किया जाता है, जो अक्सर लोगों की ज़िंदगी की तस्वीर बयान करता है। फिर उस पर मिट्टी की परत चढ़ाई जाती है और एक छोटा-सा सुराख़ छोड़ा जाता है। पूरे ढांचे को आग पर तपाया जाता है। मोम पिघलकर बाहर निकल जाता है और अंदर डिज़ाइन के आकार का एक खोखला घर बच जाता है। उसी में पिघला हुआ धातु डाला जाता है, ठंडा होने पर मिट्टी तोड़ी जाती है और सामने आता है एक अनमोल नग़ीना, जिस पर पुराने ज़माने की मोहब्बत और नक़्क़ाशी का नूर चमकता है। यही नूर इन Artworks को ख़ास बनाता है और हुनर के पारखियों के दिलों में उतर जाता है।

सदियों पुरानी अमानत
दतिया और टीकमगढ़ का ये शिल्प यहां के लोगों की तहज़ीब में रचा-बसा है। पूजा-पाठ, त्योहार और रस्मों में इन कलाकृतियों का इस्तेमाल होता है। कारीगरों के लिए ये सिर्फ़ रोज़ी-रोटी का ज़रिया नहीं, बल्कि अपनी पहचान और पुरखों के इल्म को बचाए रखने का वसीला भी है। देहाती रूह से बनी ये चीज़ें किसी भी जगह को पुराने ज़माने की मिठास और रूमानियत से भर देती हैं।

हुनर के दीवानों की जन्नत
कलेक्टर और आर्ट लवर्स के लिए ये शिल्प एक जन्नत से कम नहीं। यहां मूर्तियां, देवी-देवताओं के विग्रह, चिराग़, बर्तन और सजावट के टुकड़े, हर पसंद मौजूद है। बाज़ारों की रैकों पर सजी ये चीज़ें क़ुदरत, मिथकों और आम लोगों की ज़िंदगी से लिए गए नक़्शों से सजी मिलती हैं। मध्य प्रदेश की सैर पर आने वाले हर सैलानी को चाहिए कि वो इन हसीन आर्टवर्क का एक टुकड़ा ज़रूर ख़रीदे और अपने घर को पुराने ज़माने की रूह से आबाद करे।
तो आइए, दतिया और टीकमगढ़ की उन गलियों की ओर चलें, जहां आज भी आग, मोम और मिट्टी मिलकर इतिहास को तराशते हैं। क्योंकि ये सिर्फ़ कलाकृतियां नहीं, हमारी मिट्टी की मेहक और हमारे हुनर की दुआ हैं।
ये भी पढ़ें-ज़मीन के नीचे छिपा था चोलों का ख़जाना : नागपट्टिनम से निकली नटराज-शिवकामी की दुर्लभ कांस्य मूर्तियां
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते है।



