उर्दू अदब में बहुत कम किताबों को वो मक़बूलियत नसीब होती है जो शौकत थानवी की मज़ाहिया कहानी “स्वदेशी रेल” को मिली। लोगों को हंसाना एक फ़न है, और शौकत थानवी इस फ़न के माहिर थे। उन्होंने तक़रीबन 40 किताबें लिखकर उर्दू के मज़ाहिया अदब में अच्छा-ख़ासा इज़ाफ़ा किया।
धोका था निगाहों का मगर ख़ूब था धोका
मुझ को तिरी नज़रों में मोहब्बत नज़र आई
पैदाइश और बचपन
उनका असली नाम मोहम्मद उमर था और वालिद का नाम सिद्दीक़ अहमद। वो 1904 में वृन्दावन में पैदा हुए, क्योंकि उनके वालिद वहां कोतवाल के ओहदे पर तैनात थे। हालांकि उनका आबाई वतन थाना भवन, ज़िला मुज़फ़्फ़रनगर था। जब उन्होंने “शौकत” को अपना क़लमी नाम बनाया, तो वतन की निस्बत से उसके साथ “थानवी” जोड़ लिया। उर्दू और फ़ारसी की शुरुआती तालीम घर पर ही हुई, और वो भी बड़ी मुश्किल से, क्योंकि उन्हें पढ़ने का ख़ास शौक़ नहीं था।
हमेशा ग़ैर की इज़्ज़त तिरी महफ़िल में होती है
तिरे कूचे में जा कर हम ज़लील-ओ-ख़्वार होते
लखनऊ और शोहरत
वालिद के रिटायर होने के बाद वो उनके साथ भोपाल और फिर लखनऊ आ गए। माता-पिता ने लखनऊ को ही अपना मुस्तक़िल ठिकाना बना लिया। यहीं शौकत थानवी की तख़लीक़ी सलाहियतों को फलने-फूलने का मौक़ा मिला, और उन्होंने अपनी तहरीरों के लिए मज़ाह (हास्य) का रास्ता चुना। 1932 के आस-पास जब उन्होंने “स्वदेशी रेल” लिखी, तो उनकी शोहरत चारों तरफ़ फैल गई। इसी शोहरत की बदौलत उन्हें ऑल इंडिया रेडियो में नौकरी मिली। बाद में वो पाकिस्तान चले गए, जहां भी रेडियो में काम मिल गया। 1963 में लाहौर में उनका इंतिक़ाल हुआ।
अगर ग़म तेरा ग़म है तो कोई ग़म से रिहा क्यूं हो
जिसे हासिल हो तेरा क़ुर्ब वो तुझ से जुदा क्यूं हो
हंसाने का अंदाज़
शौकत थानवी लफ़्ज़ों के उलट-फेर, लतीफ़ों, रिआयत-ए-लफ़्ज़ी, मुहावरों, हिज्जों की गड़बड़ और मज़ेदार वाक़िआत से हंसी पैदा करते थे। नक़्क़ादों का कहना है कि उनके मज़ाह में गहराई कम और सतहीपन ज़्यादा है। ऊंचे दर्जे का अदब बहुत सोच-विचार और मेहनत से बनता है, और इतना ज़्यादा लिखने वाले को न सोचने का वक़्त मिलता है, न अपनी तहरीरों पर नज़र-ए-सानी करने का। हंसी को फ़नकारी के साथ पेश न किया जाए, तो वो नाकाम कोशिश बनकर रह जाती है। शौकत हंसाने में तो कामयाब रहे, मगर पढ़ने वाले को गहरे सोचने पर मजबूर नहीं कर पाए।
हक़ीक़त सामने थी और हक़ीक़त से मैं ग़ाफ़िल था
मिरा दिल तेरा जल्वा था तिरा जल्वा मिरा दिल था
फिर भी उनके लेखन में एक मक़सद साफ़ नज़र आता है। वो समाज की बुराइयों और इंसानी ज़िंदगी की बेतरतीबियों को दूर करना चाहते थे, इसीलिए उन पर हंसते और उनका मज़ाक़ उड़ाते थे। “स्वदेशी रेल”, “ताज़ियत” और “लखनऊ कांग्रेस सेशन” उनकी कामयाब कोशिशों में गिनी जाती हैं।
मशहूर किताबें
उनकी मशहूर किताबों में मौज-ए-तबस्सुम, बह्र-ए-तबस्सुम, सैलाब, तूफ़ान-ए-तबस्सुम, सौतिया चाह, कार्टून, बदौलत, जोड़तोड़ और ससुराल शामिल हैं। उन्होंने शायरी भी की, रेडियो ड्रामे भी लिखे, और “शीश महल” के नाम से ख़ाकों (रेखाचित्रों) का एक मजमूआ भी पेश किया।
शौकत थानवी भले ही गहरे अदीब न माने जाएं, लेकिन आम पढ़ने वालों के चेहरों पर मुस्कान लाने का जो काम उन्होंने किया, वो अपनी जगह एक बड़ी ख़िदमत है।
ये भी पढ़ें: मुजतबा हुसैन: हंसी के पीछे छुपी सच्चाई का बेमिसाल क़लमकार
आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं



