“ख़ुदा को मान कि तुझ लब के चूमने के सिवा
कोई इलाज नहीं आज की उदासी का”
उर्दू शायरी की दुनिया में कुछ शायर ऐसे होते हैं, जो अपनी अलग सोच और नए अंदाज़-ए-बयां से साहित्य में एक नई पहचान बनाते हैं। उनकी शायरी में पुराने ख़यालों के साथ नए दौर के एहसास भी दिखाई देते हैं। ऐसे ही शायरों में एक अहम नाम ज़फ़र इक़बाल का है। उन्होंने उर्दू ग़ज़ल को एक अलग दिशा देने की कोशिश की और अपने अनोखे अंदाज़ से शायरी की दुनिया में ख़ास मुक़ाम हासिल किया।
ज़फ़र इक़बाल की पैदाइश 27 सितंबर 1932 को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलनगर में हुयी थी। उनकी शुरुआती तालीम अपने पैतृक इलाके और ओकारा में हुई। आगे की पढ़ाई के लिए वह लाहौर चले गए। पेशे से वह वकील रहे, लेकिन शायरी और अदब से उनका रिश्ता हमेशा मज़बूत बना रहा। उन्होंने कई साल तक वकालत की और साथ ही उर्दू अख़बारों में अपने लेखों के ज़रिए भी साहित्यिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखते रहे।
ज़फ़र इक़बाल की शायरी की सबसे बड़ी ख़ासियत उनका अलग अंदाज़ है। जहां रिवायती उर्दू ग़ज़ल में मोहब्बत को अक्सर रूहानी और ख़याली अंदाज़ में पेश किया जाता था, वहीं ज़फ़र इक़बाल ने इसे ज़िंदगी के असल तजुर्बों और इंसानी एहसास से जोड़कर देखा। उनकी शायरी में मोहब्बत, उदासी, रिश्ते, इंसानी फ़ितरत और समाज की सच्चाइयां नए रूप में सामने आती हैं।
उन्होंने ग़ज़ल के पुराने ढांचे में रहते हुए भी उसके कहने के तरीक़े को बदलने की कोशिश की। उनके यहां शब्दों का इस्तेमाल भी कुछ अलग दिखाई देता है। वह आम अल्फ़ाज़ को नए मायने देकर ऐसी बात कह जाते हैं, जो पढ़ने वाले को सोचने पर मजबूर कर देती है।
“झूठ बोला है तो क़ायम भी रहो उस पर ‘ज़फ़र’
आदमी को साहिब-ए-किरदार होना चाहिए”
इस शेर में शायर ने इंसान के किरदार और उसके रवैये पर तंज़ किया है। वह कहते हैं कि अगर इंसान कोई बात कहता है, तो उसे अपने कहे पर क़ायम भी रहना चाहिए। यह शेर मज़ाहिया अंदाज़ के साथ इंसानी फ़ितरत पर एक गहरी बात कहता है।
ज़फ़र इक़बाल की शायरी में मोहब्बत और रिश्तों की कशमकश भी ख़ूब दिखाई देती है। वह छोटी-छोटी बातों में बड़े एहसास तलाशते हैं।
“यहां किसी को भी कुछ हस्ब-ए-आरज़ू न मिला
किसी को हम न मिले और हम को तू न मिला”
इस शेर में इंसानी ख़्वाहिशों और अधूरी मोहब्बत का दर्द छिपा है। शायर के मुताबिक़ ज़िंदगी में हर इंसान को वह नहीं मिलता, जिसकी उसे तलाश होती है। किसी की चाहत अधूरी रह जाती है, तो किसी को उसका मनचाहा हमसफ़र नहीं मिलता। यही ज़िंदगी की एक तल्ख़ हक़ीक़त है।
उनके अशआर में रोज़मर्रा की ज़िंदगी के तर्जुबे भी बेहद दिलचस्प अंदाज़ में सामने आते हैं।
“थकना भी लाज़मी था कुछ काम करते करते
कुछ और थक गया हूं आराम करते करते”
इस शेर में उन्होंने थकान और इंसानी ज़िंदगी की एक आम सूरत-ए-हाल को हल्के-फुल्के मगर दिलचस्प अंदाज़ में बयान किया है। इसमें एक तरफ़ मुस्कुराहट है, तो दूसरी तरफ़ ज़िंदगी की मसरूफ़ियत और इंसान की बेबसी भी महसूस होती है।
“ख़ामुशी अच्छी नहीं इंकार होना चाहिए
ये तमाशा अब सर-ए-बाज़ार होना चाहिए”
इस शेर में शायर ने चुप रहने के बजाय अपनी बात खुलकर कहने की अहमियत बताई है। उनके मुताबिक, जब किसी बात पर एतराज़ हो, तो इंसान को अपनी आवाज़ उठानी चाहिए। यह अंदाज़ उनकी शायरी को आम ज़िंदगी और समाज से जोड़ता है।
ज़फ़र इक़बाल ने शायरी के साथ-साथ पत्रकारिता और लेखन के मैदान में भी अपनी मौजूदगी बनाए रखी। उन्होंने करीब 35 साल तक अलग-अलग उर्दू अख़बारों में कॉलम लिखे। वर्ष 2003 में उनकी हार्ट बाईपास सर्जरी हुई, जिसके बाद उन्होंने वकालत का पेशा छोड़ दिया।
ज़फ़र इक़बाल ने अपनी शायरी के ज़रिए उर्दू साहित्य को कई अहम संग्रह दिए। उनकी प्रमुख काव्य कृतियों में तमजीद, तक़वीम, तश्कील, तजावुज़, तवारुद, तसाहिल, है हनुमान, अब तक, गुल आफ़ताब और तौफ़ीक़ शामिल हैं।
इसके अलावा उनकी किताबों में आब-ए-रवां, रातब-ओ-याबिस, ग़ुबारआलूद सिमटों का सुराग़, सर-ए-आम, ऐब-ओ-हुनर और वहम-ओ-गुमान का नाम भी लिया जाता है। इन रचनाओं के ज़रिए उन्होंने अपनी साहित्यिक सोच और ग़ज़ल के नए प्रयोगों को पाठकों तक पहुंचाया।
उर्दू साहित्य में उनके योगदान को पाकिस्तान में कई बड़े सम्मानों से नवाज़ा गया। साल 1999 में उन्हें राष्ट्रपति की ओर से ‘प्राइड ऑफ़ परफ़ॉर्मेंस’ पुरस्कार दिया गया। इसके बाद 2014 में उन्हें ‘हिलाल-ए-इम्तियाज़’ से सम्मानित किया गया। वर्ष 2021 में पाकिस्तान एकेडमी ऑफ़ लेटर्स ने उन्हें ‘कमाल-ए-फ़न अवॉर्ड’ से नवाज़ा।
ज़फ़र इक़बाल की शायरी की ख़ास बात यह है कि वह पुराने अंदाज़ को दोहराने के बजाय हर बार कुछ नया कहने की कोशिश करते हैं। उनके अशआर में कहीं मोहब्बत की नरमी है, कहीं ज़िंदगी का तजुर्बा, तो कहीं समाज पर हल्का-सा तंज़। उन्होंने उर्दू ग़ज़ल को नए ख़याल, नई ज़बान और नए मफ़हूम से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है।
यही वजह है कि ज़फ़र इक़बाल को आधुनिक उर्दू ग़ज़ल के उन शायरों में शुमार किया जाता है, जिन्होंने अपनी अलग सोच और तख़्लीक़ी अंदाज़ से साहित्य में एक नई राह बनाई।
ये भी पढ़ें: मुजतबा हुसैन: हंसी के पीछे छुपी सच्चाई का बेमिसाल क़लमकार
आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं



