तलवंडी को ये ख़ुशकिस्मती हासिल है कि गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने अपनी ज़िंदगी के शुरुआती 32 साल यहीं गुज़ारे। इसी दौरान उन्होंने लोगों को सोचने और ज़िंदगी को समझने के नए रास्ते दिखाए। वहीं, सुल्तानपुर को भी ये ख़ास अहमियत हासिल है कि गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने अपनी जवानी के साढ़े चार अहम साल यहां बिताए।
यही वो जगह थी, जहां गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) के मुंह से ‘तेरा-तेरा’ का बोल निकला। यहीं उन्होंने समाज को ये पैग़ाम दिया कि इंसान की पहचान सिर्फ़ हिंदू या मुसलमान होने से नहीं होती। इसी जगह पर दुखों से घिरी दुनिया को रूहानी सुकून देने वाला मूल मंत्र प्रकट हुआ। जप की शुरुआत भी सुल्तानपुर से ही जुड़ी मानी जाती है।
सुल्तानपुर एक पुराना शहर है, जो सफ़ेद बेईं नदी के किनारे एक पुराने शाही रास्ते पर बसा हुआ है। कहा जाता है कि 11वीं सदी में महमूद ग़ज़नी के एक अफ़सर सुल्तान ख़ान लोदी ने इस शहर को बसाया था। जब गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) करीब 1500 ईस्वी में सुल्तानपुर पहुंचे, तब इस शहर पर दौलत ख़ान लोदी का हुकूमत थी। सुल्तानपुर उनकी जागीर का हिस्सा था। दौलत ख़ान लोदी का रिश्ता सिकंदर लोदी से था और वो इब्राहिम लोदी के चाचा थे। बाद में उनका अपने भतीजे इब्राहिम लोदी से झगड़ा हो गया था।
दौलत ख़ान लोदी के यहां दीवान के तौर पर काम करने वाले भाई जै राम ने गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) को मोदीखाने में नौकरी दिलाने की सिफ़ारिश की। मोदीखाना उस दौर में सरकारी अनाज और राशन रखने की जगह हुआ करता था। कुछ समय बाद दौलत ख़ान लोदी के पास शिकायतें पहुंचने लगी कि मोदीखाने का काम ठीक से नहीं चल रहा है और लोगों को राशन सही तरीके से नहीं बांटा जा रहा। लगातार शिकायतें मिलने पर उन्होंने अचानक मोदीखाने के हिसाब-किताब की जांच कराने का हुक्म दिया।
लेकिन जांच में सभी हिसाब बिल्कुल सही पाए गए। गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) जब किसानों और मज़दूरों को राशन तौलकर देते थे, तो साथ ही ‘तेरा-तेरा’ का जाप करते थे। इसके बावजूद हिसाब-किताब में कोई गड़बड़ी नहीं मिली। ये जांच लगातार तीन दिन तक चली। हिसाब की जांच जाको राय नाम के एक मुंशी ने की। जब नवाब ने जांच का नतीजा पूछा, तो जाको राय ने कथित तौर पर कहा, “नवाब सलामत, नानक के हिस्से में 321 रुपये बाकी निकलते हैं।” इसके बाद नवाब ने अपने ख़ज़ांची भवानी दास को हुक्म दिया कि ये रकम गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) को दे दी जाए।
लेकिन गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने ये रकम ज़रूरतमंदों में बांटने के लिए कह दिया। उन्होंने कहा कि जहां मेहनत की कद्र न हो, जहां सच्चाई छोड़ दी जाए और शक व झूठ का माहौल हो, वहां उनके लिए काम करना मुमकिन नहीं है। इसके बाद गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने फैसला किया कि वो अब मोदीखाने का काम नहीं करेंगे। एक सुबह गुरु नानक देव जी जब स्नान करने के लिए बेईं नदी गए, तो वापस नहीं लौटे।

उनके अचानक गायब होने से पूरे शहर में हलचल मच गई। लोग तरह-तरह की बातें करने लगे। कुछ का कहना था कि गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) नदी में समा गए हैं, तो कुछ को लगा कि शायद नदी का कोई जीव उन्हें निगल गया है। चार दिन बाद गुरु नानक देव जी बेईं नदी की तरफ़ से वापस शहर लौटे। कहा जाता है कि इस दौरान उन्होंने एक बड़ा रूहानी फैसला लिया था। वो परमात्मा के दरबार से इंसान को विनम्रता का पैग़ाम लेकर लौटे थे।
बेईं नदी से बाहर आते ही गुरु नानक देव जी ने कहा, “न कोई हिंदू, न मुसलमान।” इसके बाद गुरु नानक देव जी की शोहरत तेज़ी से फैलने लगी। लेकिन धर्म के ठेकेदारों और पुरानी सोच के कुछ लोगों को ये बात पसंद नहीं आई कि लोग बाबा नानक की तारीफ़ कर रहे हैं। जब उन्होंने ‘न कोई हिंदू, न मुसलमान’ का पैग़ाम सुना, तो दौलत ख़ान लोदी से गुरु नानक जी के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करने की मांग की। हालांकि, दौलत ख़ान ने ऐसा करने से इनकार कर दिया।
बताया जाता है कि काज़ी ने नवाब से कहा कि वो ऐसा न करके ग़लती कर रहे हैं। इसके बाद बाबा नानक को दरबार में बुलाया गया। जब उनसे पूछा गया कि वो कौन हैं, तो गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने जवाब दिया कि वो वाहेगुरु के सिवा किसी और को नहीं जानते। उन्होंने समझाया कि इंसान के जिस्म को हिंदू या मुसलमान कहा जा सकता है, लेकिन वो इन दोनों पहचानों से ऊपर उठकर दोनों को एक नज़र से देखते हैं।
काज़ी इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ। उसने कहा कि अगर सब एक हैं, तो गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) को उनके साथ नमाज़ पढ़नी चाहिए। कन्हैया लाल ने अपनी किताब तारीख़-ए-पंजाब में लिखा है कि गुरु जी नवाब के साथ नमाज़ पढ़ने गए। पूरे शहर में ये ख़बर फैल गई कि शायद आज नानक जी मुसलमान बन जाएंगे।
जब नवाब और इमाम नमाज़ के लिए खड़े हुए, तो गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने नमाज़ में हिस्सा नहीं लिया। नमाज़ पूरी होने के बाद नवाब ने उनसे इसकी वजह पूछी। गुरु जी ने जवाब दिया कि नमाज़ के दौरान नवाब का जिस्म तो इबादत में खड़ा था, लेकिन उनका ध्यान काबुल में घोड़े खरीदने पर लगा हुआ था। वहीं, इमाम को ये चिंता सता रही थी कि कहीं उनकी घोड़ी का बच्चा कुएं में न गिर जाए।
इसी तरह वहां मौजूद दूसरे लोगों के ज़ेहन में भी अपने-अपने दुनियावी ख़याल चल रहे थे। कोई भी पूरे दिल से नमाज़ नहीं पढ़ रहा था। गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने कहा कि जब इबादत में दिल ही शामिल न हो, तो ऐसी नमाज़ पढ़ने का कोई मतलब नहीं है। बिना सच्चे दिल के इबादत करने से बेहतर है कि इंसान ऐसा न करे। वहां मौजूद हर शख़्स जानता था कि नमाज़ के दौरान उसके ज़ेहन में क्या चल रहा था। इसलिए कोई भी बाबा नानक के जवाब को ग़लत नहीं ठहरा सका। धीरे-धीरे सभी उन्हें एक रूहानी और पहुंचे हुए इंसान के तौर पर पहचानने लगे।

दौलत ख़ान गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) की इस बात से हैरान रह गया। उसने बाबा नानक से माफ़ी मांगी। इसके बाद गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने अपना वो फैसला दोहराया, जो वो पहले ही कर चुके थे। उन्होंने कहा कि अब वो सुल्तानपुर में नहीं रहेंगे। बल्कि उन जगहों पर जाएंगे, जहां से झूठ, नाइंसाफ़ी और धर्म के नाम पर ग़लत रस्मों-रिवाज़ फैल रहे हैं।
भाई गुरदास जी के मुताबिक, बाबा नानक ने इस बारे में गहराई से सोचा था। उन्होंने देखा कि इंसानियत अपने असली मक़सद से भटक चुकी है और दुख में जी रही है। इसी वजह से वो लोगों को सही रास्ता दिखाने और समाज में बदलाव लाने के लिए घर से बाहर निकल पड़े।
पहले नवाब, फिर भाई जै राम जी, इसके बाद गुरु नानक देव जी की पत्नी और बच्चे, माता-पिता और ससुराल वालों ने भी उन्हें रोकने की कोशिश की। सभी चाहते थे कि वो सुल्तानपुर में ही रुक जाएं, लेकिन गुरु जी अपने फैसले पर अटल रहे। भाई मरदाना जी के लिए एक नया रबाब भी तैयार हो चुका था और सफ़र की दिशा भी तय हो गई थी।
त्वारिख़ गुरु ख़ालसा के मुताबिक, जब मोदीखाने का पूरा हिसाब-किताब किया गया, तो गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) के हिस्से में 160 रुपये बाकी निकले। उनके जाने से पहले नवाब और भाई जै राम जी ने कई बार सुझाव दिया कि ये रकम गुरु जी के बेटों के नाम कर दी जाए। लेकिन गुरु नानक देव जी सुल्तानपुर छोड़ने से पहले ही ये रकम ज़रूरतमंदों में बांट चुके थे।
इस तरह साढ़े चार साल तक अपने क्रांतिकारी विचारों और कामों से लोगों को नई राह दिखाने के बाद, बाबा जी करीब 1500 ईस्वी में भाई मरदाना जी के साथ सफ़र पर निकल पड़े। उनका रुख़ हिंदुओं के बड़े धार्मिक केंद्रों की तरफ़ था। वो अपने साथ ऐसी अहम शिक्षाओं का पैग़ाम लेकर निकले थे, जैसे: “भेखी प्रभ न पाईऐ।” यानी सिर्फ़ बाहरी वेशभूषा बदलने से परमात्मा नहीं मिलता। “ता किछु घाल पवै दर लेखे, जे उस दी नदर होवै।” यानी इंसान की मेहनत तभी सफल होती है, जब उस पर परमात्मा की मेहर होती है।
इतिहासकारों के मुताबिक, गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने अपनी उदासियों यानी धार्मिक यात्राओं के दौरान दो बड़ी बुराइयों का सामना किया। पहली, मुसलमानों में फैली धर्म के नाम पर कट्टर सोच और दूसरी, हिंदुओं में गहराई तक फैले अंधविश्वास। गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने इन दोनों बुराइयों का मुकाबला न तो किसी सियासी ताक़त से किया, न डर दिखाकर और न ही किसी लालच के ज़रिए। बल्कि उन्होंने मोहब्बत, समझदारी और रूहानी ज्ञान के सहारे लोगों को सही रास्ता दिखाने की कोशिश की। गुरु नानक देव जी की उदासियों (धार्मिक यात्राओं) से जुड़े कई मशहूर किस्से आज भी सुनाए जाते हैं।
इनमें हरिद्वार में पश्चिम दिशा की ओर पानी चढ़ाने का किस्सा और जगन्नाथ पुरी में एक ढोंगी साधु के बर्तन से जुड़ी घटना काफी मशहूर है। गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने अपनी इन यात्राओं के दौरान पूरब, उत्तर, दक्षिण और पश्चिम, चारों दिशाओं का सफ़र किया। कहा जाता है कि पहली उदासी के दौरान गुरु जी ने भगवा रंग के कपड़े पहने थे। दूसरी उदासी में उन्होंने सफ़ेद और तीसरी में नीले रंग के कपड़े पहने। मान्यता के मुताबिक, अलग-अलग रंगों के कपड़े पहनने के पीछे मक़सद अलग-अलग धार्मिक परंपराओं से जुड़े लोगों के बीच जाना और उनसे बातचीत करना था।

गुरु जी इन मुलाक़ातों के ज़रिए ऐसी सोच और फलसफा लोगों तक पहुंचाना चाहते थे, जो पूरी इंसानियत के काम आ सके। भाई गुरदास जी लिखते हैं कि उदासियों से लौटने के बाद बाबा नानक ने संन्यासी वाला लिबास उतार दिया और फिर से आम लोगों की तरह कपड़े पहनने लगे। इसके बाद वो एक जगह बस गए और लोगों को सादा और बेहतर ज़िंदगी जीने का तरीका समझाने लगे। भाई गुरदास जी ने इस बारे में लिखा है:
“फिर बाबा आया करतारपुर, भेख उदासी सगल उतारा।
पहरि संसारी कपड़े, मंजी बैठ किया अवतारा।”
इसका मतलब है कि बाबा नानक करतारपुर लौटे और उन्होंने उदासी यानी संन्यासी का लिबास उतार दिया। इसके बाद आम लोगों जैसे कपड़े पहनकर एक जगह बैठकर लोगों को शिक्षा देने लगे। उस दौर में समाज में ये मान्यता काफी मज़बूत थी कि पारंपरिक वर्ण-आश्रम व्यवस्था के मुताबिक, जब कोई इंसान वानप्रस्थ या संन्यास का रास्ता अपना लेता है, तो वो दोबारा गृहस्थ जीवन में नहीं लौट सकता। लेकिन गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने अपनी उदासियां पूरी करने और उनका मक़सद पूरा होने के बाद संन्यासी का लिबास उतार दिया। उन्होंने आम इंसान की तरह जीवन जीना शुरू किया। उनका ये कदम उस दौर की पुरानी सामाजिक मान्यताओं और भेदभाव को चुनौती देने वाला था।
सुल्तानपुर से रवाना होने के बाद भाई मरदाना जी ने गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) की सभी उदासियों में उनका साथ दिया। वो अपने रबाब के साथ हमेशा गुरु जी के सफ़र में शामिल रहे। कहा जाता है कि गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) की बहन बीबी नानकी ने अपने पैसों से भाई मरदाना जी के लिए ख़ास तौर पर रबाब बनवाया था। भाई मरदाना इसी रबाब को बजाकर गुरु जी की यात्राओं के दौरान भक्ति और रूहानियत से भरे शब्दों को सुरों में ढालते थे। इस तरह गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) के विचारों और उनके पैग़ाम को संगीत के ज़रिए भी लोगों तक पहुंचाया जाता था।
गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने सिर्फ़ भारत में ही नहीं, बल्कि श्रीलंका, नेपाल, भूटान, बगदाद और फ़ारस तक का सफ़र किया। उन्होंने लोगों को ईमानदारी से मेहनत करके कमाने, परमात्मा का नाम जपने और अपनी कमाई में से दूसरों के साथ बांटने की सीख दी। उन्होंने कीर्तन यानी भक्ति के गीतों के ज़रिए परमात्मा को याद करने पर भी ज़ोर दिया। गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने पंगत और संगत की परंपरा शुरू की।
इस परंपरा का मक़सद था कि सभी लोग पहले एक ही कतार में बैठकर लंगर खाएं और फिर गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) की संगत में शामिल हों। सभी को एक साथ पंगत में बैठाने के पीछे सोच ये थी कि लोगों के बीच से अहंकार, ऊंच-नीच, जात-पात और अमीर-ग़रीब का फ़र्क मिटाया जा सके। गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने टोटल 70 साल, 5 महीने और 17 दिन तक इस दुनिया में जीवन बिताया। अपनी ज़िंदगी के आख़िरी 18 साल उन्होंने करतारपुर में गुज़ारे। इस शहर को उन्होंने खुद बसाया था। यहां रहकर वो सिखों को अपनी शिक्षाएं देते रहे।
उदासियों के दौरान जिस नई धार्मिक परंपरा की शुरुआत हुई थी, करतारपुर में गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) ने उसे और मज़बूत किया। उनकी शिक्षाओं को अपनाने वाले लोग गुरु के सिख कहलाए और सिख धर्म से जुड़ते चले गए। दूर-दराज़ के इलाक़ों से लोग गुरु नानक देव जी के दर्शन करने और उनकी बातें सुनने करतारपुर पहुंचते थे।
करतारपुर में पंगत और संगत की परंपरा जारी रही। गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) अपने सिखों को लगातार सही रास्ते पर चलने की सीख देते रहे। यहीं उन्होंने अपने दोनों बेटों, बाबा श्री चंद जी और बाबा लखमी दास जी के बजाय भाई लहणा जी को अपना उत्तराधिकारी चुना। उन्हें अंगद नाम दिया और अपनी रूहानी ज्योत का दूसरा वारिस बनाया। भाई लहणा जी ने गुरु नानक देव जी की ओर से ली गई सभी परीक्षाओं को कामयाबी से पूरा किया था। इसी वजह से उन्हें नानक की रूहानी ज्योत का दूसरा रूप चुना गया।
पांच पैसे और एक नारियल के साथ माथे पर तिलक लगाया गया और चरण-पाहुल की रस्म अदा की गई। इसके बाद भाई लहणा जी को अंगद नाम दिया गया। इस तरह वो सिख धर्म के दूसरे गुरु बने और गुरु अंगद देव जी कहलाए। 70 साल की उम्र में 1539 ईस्वी में गुरु नानक देव जी परमात्मा की ज्योत में समा गए। गुरु गद्दी सौंपने के बाद उन्होंने करीब चार महीने तक ही जीवन बिताया। बाद में गुरु अर्जन देव जी ने गुरु नानक देव जी की वाणी को बड़े अदब के साथ आदि ग्रंथ में शामिल किया।
कई इतिहासकारों के मुताबिक, गुरु नानक देव जी ने अपनी यात्राओं के दौरान अलग-अलग जगहों पर रहने वाले भगतों और भट्टों की रचनाएं भी इकट्ठा की थीं। बाद में गुरु नानक देव जी की पांचवीं रूहानी ज्योत गुरु अर्जन देव जी ने इन रचनाओं को भी आदि ग्रंथ में शामिल किया।
कई ऐतिहासिक किताबों के मुताबिक, गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) के पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार को लेकर हिंदुओं और मुसलमानों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, ये मामला समय रहते सुलझा लिया गया और रावी नदी के किनारे उनका अंतिम संस्कार किया गया। लेकिन मान्यता है कि बाद में जब चिता की राख देखी गई, तो वहां शरीर का कोई हिस्सा नहीं मिला। इसके बाद मुसलमानों ने एक तरफ उनकी याद में मज़ार बनाई, जबकि दूसरे लोगों ने दूसरी तरफ समाधि बनाई। दोनों इमारतों के बीच एक ही दीवार थी।
रॉबर्ट एन. कस्ट ने लिखा है कि दुनिया में शायद ही कहीं ऐसा देखने को मिलता है, जहां एक ही शख़्स की मज़ार और समाधि एक साथ, एक ही दीवार के सहारे बनी हों। हालांकि, वक़्त के साथ ये दोनों इमारतें भी मिट गईं। “नानक ज़ि जहां रफ़्त, गुल अज़ बाग़ बिरूं शुद।” इसका मतलब है कि गुरु नानक इस दुनिया से ऐसे रुख़सत हुए, जैसे कोई खिला हुआ फूल बाग़ से टूटकर अलग हो जाता है।
लेख: प्रोफ़ेसर रविंदर सिंह
इस लेख को अंग्रेज़ी में पढ़ें
ये भी पढ़ें- Mattan: जहां मस्जिद से अज़ान, मंदिर की घंटी और गुरबाणी मिलकर सुनाती हैं भाईचारे की कहानी
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।



