Sunday, November 22, 2026
19 C
Delhi

अजमल सिद्दीक़ी: जदीद ख़्याल और ख़ूबसूरत अल्फ़ाज़ से शायरी को देते हैं नई पहचान

अजमल सिद्दीक़ी ऐसे ही शायरों में शामिल हैं। उनकी शायरी में मोहब्बत, जज़्बात, इंसानी रिश्तों, ख़ामोशी और ज़िंदगी के अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं। वह ग़ज़ल और नज़्म के साथ-साथ क़तआ तारीख़ कहने की कला में भी अपनी ख़ास पहचान रखते हैं।

शुरुआती ज़िंदगी और तालीम

अजमल सिद्दीक़ी की पैदाइश 26 जनवरी 1981 को दिल्ली में हुयी। उनके परिवार में पहले से ही तालीम और तरक़्क़ी को अहमियत दी जाती थी। इसी माहौल ने उनके अंदर इल्म हासिल करने और अपनी सोच को बेहतर बनाने का शौक पैदा किया। उन्होंने अपनी फ़िक्र और ख़याल को वुसअत देने के लिए पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान दिया और उर्दू, फ़ारसी तथा अरबी ज़बान पर अच्छी पकड़ हासिल की। उनके तर्जुबे ने उर्दू अदब को एक नई पहचान दी।

इन ज़बानों के इल्म ने उनके अदबी सफ़र को एक नई दिशा दी। धीरे-धीरे शेर-ओ-सुख़न उनके लिए अपने विचारों और एहसासात को लोगों तक पहुंचाने का ज़रिया बन गया। उन्होंने शायरी को सिर्फ़ जज़्बात के इज़हार तक महदूद नहीं रखा, बल्कि नए ख़्यालात और अलग-अलग मज़ामीन को भी अपनी रचनाओं का हिस्सा बनाया।

जदीद अंदाज़ की शायरी

अजमल सिद्दीक़ी को जदीद अंदाज़-ए-एहसास का शायर कहा जाता है। उनकी शायरी में ज़बान की सादगी और बयान की ख़ूबसूरती के साथ नए विचारों की झलक मिलती है। वह अल्फ़ाज़ को इस तरह जोड़ते हैं कि आम बात भी एक ख़ास मायने और असर के साथ सामने आती है। उनकी रचनाओं में नए मज़ामीन, बेहतर तराकीब और एहसास की गहराई दिखाई देती है।

उनके अशआर में मोहब्बत और नफ़रत जैसे जज़्बात के अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं। मसलन, उनका यह शेर इंसानी एहसासात की दो अलग-अलग कैफ़ियत को बेहद ख़ूबसूरती से बयान करता है।

अलग अलग तासीरें इन की, अश्कों के जो धारे हैं
इश्क़ में टपकें तो हैं मोती, नफ़रत में अंगारे हैं

इस शेर में शायर बताता हैं कि आंसुओं का मतलब सिर्फ़ दुख नहीं होता। उनके पीछे छिपा एहसास यह तय करता है कि वे मोहब्बत की निशानी बनेंगे या नफ़रत की। यही बात उनके शेर को गहरी तासीर देती है।

तुम से मिल कर खिल उठता था, तुम से छूट के फीका हूं
ऐ रंगरेज़ मिरे चेहरे के सारे रंग तुम्हारे हैं

यहां महबूब की मौजूदगी को ज़िंदगी के रंगों से जोड़ा गया है। शायर के मुताबिक़ किसी ख़ास इंसान का साथ हमारी ज़िंदगी को किस तरह ख़ूबसूरत बना सकता है, इसका एहसास इन अशआर में साफ़ दिखाई देता है।

ख़ामोशी, इंतज़ार और मोहब्बत के एहसास

अजमल सिद्दीक़ी की शायरी में ख़ामोशी भी एक अहम हिस्सा बनकर सामने आती है। वह कई बार उन बातों का ज़िक्र करते हैं, जिन्हें इंसान कह नहीं पाता, लेकिन जो उसके भीतर लगातार चलती रहती हैं। 

बोल पड़ता तो मिरी बात मिरी ही रहती
ख़ामुशी ने हैं दिए सब को फ़साने क्या क्या

इन अशआर में शायर ख़ामोशी के नतीजों की ओर इशारा करते हैं। कई बार अपनी बात न कहने से लोग अपने-अपने मतलब निकाल लेते हैं और एक छोटी-सी बात कई कहानियों में बदल जाती है।

हर एक सुब्ह वज़ू करती हैं मिरी आंखें
कि शायद आज तो आ जाए वो हबीब नज़र

इन अशआर में किसी अपने के दीदार की उम्मीद और हर सुबह उससे मिलने की चाह को बेहद नर्म अंदाज़ में पेश किया गया है। इसी तरह उनकी शायरी में नज़र, रोशनी, दिल और मोहब्बत जैसे प्रतीक बार-बार सामने आते हैं।

क़तआ तारीख़ में ख़ास महारत

अजमल सिद्दीक़ी ग़ज़ल और नज़्म के साथ-साथ क़तआ तारीख़ कहने में भी हुनर रखते हैं। क़तआ तारीख़ उर्दू अदब की एक ख़ास विधा है, जिसमें किसी महत्वपूर्ण घटना, शख़्सियत या अवसर की तारीख़ को शेर के ज़रिए बयान किया जाता है। यह कला भाषा की समझ, गणना और शायरी के हुनर का ख़ूबसूरत मेल है।

आज के दौर में इस रिवायत को आगे बढ़ाने वाले शायरों में अजमल सिद्दीक़ी का नाम ख़ास तौर पर लिया जाता है। उनकी यह दिलचस्पी उन्हें अपने कई हमअसर शायरों से अलग पहचान देती है।

कुल मिलाकर, अजमल सिद्दीक़ी की शायरी में जदीद सोच, मोहब्बत के एहसास और ज़बान की ख़ूबसूरती का अच्छा मेल दिखाई देता है। वह अपने अशआर के ज़रिए कभी दिल की बात कहते हैं, तो कभी इंसानी रिश्तों और ज़िंदगी की उलझनों को अल्फ़ाज़ देते हैं। ग़ज़ल, नज़्म और क़तआ तारीख़ के मैदान में उनकी दिलचस्पी उर्दू अदब की एक अहम रिवायत को आगे बढ़ाने की कोशिश भी है।

ये भी पढ़ें: ज़फ़र इक़बाल: उर्दू ग़ज़ल को नए ख़्याल और अंदाज़ से सजाने वाले शायर

आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं

Mohd Saboor Ali
Mohd Saboor Alihttps://hindi.dnn24.com/
मोहम्मद सबूर अली DNN24 में सीनियर मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता, क्रिएटिव स्टोरीटेलिंग और वीडियो प्रोडक्शन में 5+ वर्षों का अनुभव है। वे शिक्षा, सफलता की कहानियों, पॉडकास्ट और उर्दू शायरी से जुड़ी ख़बरों को कवर करते हैं। पहले वे ‘Khel Cafe’ और ‘Jandarshan News’ के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से पत्रकारिता एवं जनसंचार में एमए की पढ़ाई पूरी की और साल 2026 में Exchange4Media की ओर से उन्हें Urdu Journalism Award से सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

Guru Nanak Dev जी का संपूर्ण जीवन: एक ऐतिहासिक अध्ययन (भाग 1)

गुरु नानक देव जी (Guru Nanak Dev) के आगमन...

शबीना अदीब: अपनी शायरी और आवाज़ से मुशायरों में बनाई ख़ास पहचान

कुछ आवाज़ें लफ़्ज़ों से आगे जाकर रूह को छू...

Guru Nanak Dev जी के चरणों से जुड़ी पाकिस्तान की ऐतिहासिक जगहें

1947 में देश के बंटवारे के दौरान कई गुरुद्वारे...

इतिहास का मेहमान बनिए: इस बार 19-25 नवंबर World Heritage Week में टिकट नहीं,सिर्फ़ इश्क़ चलेगा

हिंदुस्तान की सरज़मीं जब अपनी विरासत का जाम पेश...

Topics

Guru Nanak Dev जी के चरणों से जुड़ी पाकिस्तान की ऐतिहासिक जगहें

1947 में देश के बंटवारे के दौरान कई गुरुद्वारे...

धागों में बुनी मिजोरम की कहानी, जानिए क्या है Puanchei की ख़ासियत?

भारत के उत्तर-पूर्व में बसा मिजोरम अपनी ख़ूबसूरत पहाड़ियों,...

‘Guru Ka Lahore’: इतिहास, धार्मिक अहमियत और देखने लायक जगहें

सिख इतिहास कई अनोखी, रूहानी और ऐतिहासिक घटनाओं से...

Related Articles

Popular Categories