Wednesday, November 18, 2026
25.1 C
Delhi

मलिकज़ादा मंज़ूर: उर्दू अदब की महफ़िलों को आवाज़ और अंदाज़ से रोशन करने वाले शायर

कुछ लोग ऐसे होते हैं जिनकी आवाज़ महफ़िल की रौनक बन जाती है। मलिकज़ादा मंज़ूर अहमद ऐसे ही इंसान थे। उर्दू शायरी की दुनिया में उन्हें लोग प्यार और इज़्ज़त से “मुशायरे की नज़्मत के बादशाह” कहा करते थे। 

मलिकज़ादा मंज़ूर अहमद की पैदाइश 17 अक्टूबर 1929 को उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर ज़िले के भीधुनपुर गांव में हुयी थी। उस समय यह इलाका फैज़ा बाद ज़िले का हिस्सा था। बचपन से ही उनका रुझान पढ़ने-लिखने और अदब की तरफ़ था। उन्होंने अपनी शायरी के लिए ‘मंज़ूर’ तख़ल्लुस अपनाया और इसी नाम से साहित्यिक दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। धीरे-धीरे उनकी दिलचस्पी उर्दू शायरी, गद्य और साहित्यिक गतिविधियों में बढ़ती गई।

तालीम और शिक्षक के रूप में सफ़र

मलिकज़ादा मंज़ूर अहमद ने अपनी तालीम को हमेशा अहमियत दी। उन्होंने उर्दू और अंग्रेज़ी के साथ इतिहास में भी उच्च शिक्षा हासिल की। आगे चलकर उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से उर्दू साहित्य में पीएचडी की उपाधि हासिल की। उनकी पढ़ाई और साहित्यिक समझ ने उन्हें एक गंभीर लेखक और आलोचक के रूप में पहचान दिलाई।

उनका पेशेवर सफ़र एक शिक्षक के तौर पर शुरू हुआ। शुरुआत में उन्होंने महाराजगंज में इतिहास के लेक्चरर के रूप में काम किया। इसके बाद आज़मगढ़ में अंग्रेज़ी पढ़ाई और फिर गोरखपुर विश्वविद्यालय में उर्दू के लेक्चरर बने। उनकी मेहनत और साहित्य के प्रति लगन ने उन्हें आगे बढ़ाया। बाद में वे लखनऊ विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग से जुड़े और विभागाध्यक्ष के साथ-साथ प्रोफ़ेसर की ज़िम्मेदारी भी संभाली। साल 1989 में वे करीब तीन दशक की सेवा के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय से रिटायर हुए।

एक टीचर के रूप में उनका मक़सद सिर्फ़ छात्रों को किताबों का ज्ञान देना नहीं था, बल्कि उनमें भाषा, साहित्य और सोचने-समझने का सलीका पैदा करना भी था। 

उर्दू साहित्य में योगदान

मलिकज़ादा मंज़ूर अहमद ने शायरी के साथ-साथ गद्य और आलोचना के क्षेत्र में भी अपनी काबिलियत का परिचय दिया। उनकी रचनाओं में समाज, इंसानी रिश्तों, बदलते हालात और ज़िंदगी के अलग-अलग पहलुओं की झलक मिलती है। उन्होंने कई ऐसी किताबें लिखीं, जो उर्दू साहित्य में अपनी ख़ास जगह रखती हैं।

उनकी प्रमुख रचनाओं में कॉलेज गर्ल (1954), उर्दू का मसला (1957), शहर-ए-सुखन (1961), मौलाना अबुल कलाम आज़ाद: फ़िक्र-ओ-फ़न, शहर-ए-सितम, शेर-ओ-अदब और रक़्स-ए-शरर (2004) शामिल हैं। उनकी आत्मकथा रक़्स-ए-शरर  में उनके जीवन, साहित्यिक सफ़र और तर्जुबों की झलक मिलती है।

उन्होंने कई किताबों की भूमिका लिखी और अलग-अलग साहित्यिक पत्रिकाओं में संपादन तथा आलोचना के ज़रिए भी योगदान दिया। वे उर्दू की मासिक साहित्यिक पत्रिका ‘इमकान’ के संपादन से भी जुड़े रहे। उनकी लेखनी में साहित्यिक समझ के साथ-साथ ज़िंदगी को करीब से देखने का नज़रिया भी दिखाई देता है।

मुशायरों की निज़ामत में बनाई अलग पहचान

मलिकज़ादा मंज़ूर अहमद की सबसे बड़ी पहचान मुशायरों की शानदार निज़ामत थी। उन्हें मुशायरे की निज़ामत का बादशाह कहा जाता था। उनकी आवाज़ में ठहराव, बातचीत में नफ़ासत और शायरों को पेश करने के अंदाज़ में एक ख़ास दिलकशी थी। वे जानते थे कि किस शायर को किस तरह पेश करना है और किस मौके़ पर कौन-सी बात कहनी है।

उनका मुशायरों से जुड़ाव 1949 के आसपास शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी कई बड़े साहित्यिक कार्यक्रमों की निज़ामत की। अमेरिका, कनाडा, पाकिस्तान, ईरान, नेपाल, सऊदी अरब, क़तर, बहरीन, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में उन्होंने उर्दू अदब की महफ़िलों को अपनी आवाज़ से सजाया।

अजीब दर्द का रिश्ता है सारी दुनिया में
कहीं हो जलता मकां अपना घर लगे है मुझे

उनके साहित्यिक सफ़र का एक ख़ास हिस्सा DCM मुशायरा रहा। साल 1952 से 2016 तक उन्होंने लगातार इस मशहूर मुशायरे की निज़ामत की। इसके अलावा अंबाला और दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले में आयोजित भारत-पाकिस्तान मुशायरों का संचालन भी किया। छह दशकों से ज़्यादा समय तक मुशायरों से उनका जुड़ाव अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

उनकी हाज़िरजवाबी और दिलचस्प अंदाज़ के कायल सिर्फ़ शायर और साहित्यकार ही नहीं थे, बल्कि कई बड़ी राजनीतिक और फ़िल्मी हस्तियां भी उनकी तारीफ़ करती थीं। दिलीप कुमार, इंदिरा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री आई.के. गुजराल जैसी शख़्सियतों के साथ उनके अच्छे संबंध और साहित्यिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी का ज़िक्र भी मिलता है।

शायरी में समाज और इंसानी दर्द की आवाज़

मलिकज़ादा मंज़ूर अहमद की शायरी में इंसानी ज़िंदगी, समाज की सच्चाई, रिश्तों की उलझन और बदलते दौर की बेचैनी साफ़ महसूस होती है। उनके अशआर में सिर्फ़ मोहब्बत और जज़्बात ही नहीं, बल्कि समाज के हालात पर गहरी नज़र भी दिखाई देती है।

चेहरे पे सारे शहर के गर्द-ए-मलाल है
जो दिल का हाल है वही दिल्ली का हाल है

इन अशआर में वे एक शहर के ज़रिए पूरे समाज की उदासी और बेचैनी को बयान करते हैं। यह शेर बताता है कि इंसान के भीतर का दर्द और शहर के हालात कई बार एक-दूसरे का आईना बन जाते हैं।

न ख़ौफ़-ए-बर्क़ न ख़ौफ़-ए-शरर लगे है मुझे
ख़ुद अपने बाग़ को फूलों से डर लगे है मुझे

इस शेर में एक गहरी विडंबना छिपी है। आम तौर पर बाग़ को फूलों से खूबसूरती मिलती है, लेकिन जब अपने ही बाग़ के फूल डर की वजह बन जाएं, तो यह बदलते माहौल और बिगड़ते रिश्तों की तरफ़ इशारा करता है।

देखोगे तो हर मोड़ पे मिल जाएंगी लाशें
ढूंडोगे तो इस शहर में क़ातिल न मिलेगा

इन अशआर में वे समाज में फैली हिंसा और ज़िम्मेदारी से बचने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाते हैं। वहीं एक दूसरे शेर में वे ज़िंदगी की हक़ीक़त को आईने के रूप में पेश करते हैं।

ख़्वाब का रिश्ता हक़ीक़त से न जोड़ा जाए
आईना है इसे पत्थर से न तोड़ा जाए

अदबी और सामाजिक संस्थाओं से जुड़ाव

मलिकज़ादा मंज़ूर अहमद ने साहित्यिक दुनिया में अपनी भूमिका को सिर्फ़ लेखन और मुशायरों तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने कई महत्वपूर्ण संस्थाओं में भी ज़िम्मेदारियां निभाईं। वे उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के अध्यक्ष रहे। इसके अलावा फख़रुद्दीन अली अहमद मेमोरियल कमेटी के अध्यक्ष, राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद की कार्यकारी परिषद के सदस्य और प्रसार भारती से भी जुड़े रहे।

उर्दू भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए उनके काम को देशभर में सराहा गया। उन्हें 80 से ज़्यादा पुरस्कारों और सम्मानों से नवाज़ा गया। इनमें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी के सम्मान, इम्तियाज़-ए-मीर, इफ़्तिख़ार-ए-मीर, फिराक सम्मान, मोमिन खान मोमिन ग़ज़ल अवॉर्ड और फख्र-ए-उर्दू अवॉर्ड जैसे नाम शामिल हैं।

विरासत और आख़िरी सफ़र

मलिकज़ादा मंज़ूर अहमद की शख़्सियत का असर सिर्फ़ उनके दौर तक महदूद नहीं रहा। उनके जीवन और साहित्य पर कई विश्वविद्यालयों में शोध हुआ। उनके काम को समझने के लिए एमफिल और पीएचडी स्तर पर भी अध्ययन किया गया। यह उनकी साहित्यिक अहमियत और उर्दू अदब में उनके योगदान का प्रमाण है।

22 अप्रैल 2016 को लखनऊ में 86 साल की उम्र में उनका इंतेकाल हो गया। उनके जाने से उर्दू साहित्य ने एक बेहतरीन शायर, शिक्षक और मुशायरों की दुनिया का एक बड़ा नाम खो दिया।

मलिकज़ादा मंज़ूर अहमद ने अपनी पूरी ज़िंदगी उर्दू भाषा और अदब की ख़िदमत में लगा दी। एक तरफ़ उनकी शायरी में समाज और इंसान के दर्द की आवाज़ सुनाई देती है, तो दूसरी तरफ़ उनकी निज़ामत में उर्दू की तहज़ीब, अदब और नफ़ासत की झलक मिलती है। वे उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने सिर्फ़ शायरी नहीं की, बल्कि शायरी को सुनने, समझने और लोगों तक पहुंचाने का हुनर भी सिखाया। यही वजह है कि उर्दू अदब की महफ़िलों में उनका नाम हमेशा अदब और एहतराम के साथ लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: ज़फ़र इक़बाल: उर्दू ग़ज़ल को नए ख़्याल और अंदाज़ से सजाने वाले शायर

आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब  कर सकते हैं

Mohd Saboor Ali
Mohd Saboor Alihttps://hindi.dnn24.com/
मोहम्मद सबूर अली DNN24 में सीनियर मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता, क्रिएटिव स्टोरीटेलिंग और वीडियो प्रोडक्शन में 5+ वर्षों का अनुभव है। वे शिक्षा, सफलता की कहानियों, पॉडकास्ट और उर्दू शायरी से जुड़ी ख़बरों को कवर करते हैं। पहले वे ‘Khel Cafe’ और ‘Jandarshan News’ के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से पत्रकारिता एवं जनसंचार में एमए की पढ़ाई पूरी की और साल 2026 में Exchange4Media की ओर से उन्हें Urdu Journalism Award से सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

दुष्यंत कुमार: वो कवि, जिसने ग़ज़ल को आम आदमी की आवाज़ बनाया

हिंदी साहित्य में दुष्यंत कुमार का नाम उन शायरों...

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना: जिनकी कविताओं में धड़कती आम इंसान की ज़िंदगी

हिंदी साहित्य में सर्वेश्वरदयाल सक्सेना का नाम उन कवियों...

Chhau Dance: जहां कदम बन जाते हैं कहानी और मुखौटे देते हैं किरदारों को पहचान

कभी तलवारों की टकराहट और युद्ध के दांव-पेच, तो...

अनवर मसूद: हंसी के अंदाज़ में ज़िंदगी की तल्ख़ सच्चाइयां बयां करने वाले शायर

अनवर मसूद पाकिस्तान के मशहूर शायर, शिक्षक और साहित्यकार...

Topics

दुष्यंत कुमार: वो कवि, जिसने ग़ज़ल को आम आदमी की आवाज़ बनाया

हिंदी साहित्य में दुष्यंत कुमार का नाम उन शायरों...

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना: जिनकी कविताओं में धड़कती आम इंसान की ज़िंदगी

हिंदी साहित्य में सर्वेश्वरदयाल सक्सेना का नाम उन कवियों...

Chhau Dance: जहां कदम बन जाते हैं कहानी और मुखौटे देते हैं किरदारों को पहचान

कभी तलवारों की टकराहट और युद्ध के दांव-पेच, तो...

अनवर मसूद: हंसी के अंदाज़ में ज़िंदगी की तल्ख़ सच्चाइयां बयां करने वाले शायर

अनवर मसूद पाकिस्तान के मशहूर शायर, शिक्षक और साहित्यकार...

ठेकुआ: छठ पूजा का पवित्र प्रसाद, जो सिर्फ़ मिठाई नहीं, एहसास है

छठ पूजा की पहचान सिर्फ़ सूर्य उपासना नहीं, बल्कि...

इफ़्तिख़ार नसीम : उर्दू शायरी में मोहब्बत और अपनी पहचान की आवाज़

इफ़्तिख़ार नसीम ‘इफ़्ती’ उर्दू, पंजाबी और अंग्रेज़ी के मशहूर...

रज़ा अली आबिदी: अपनी आवाज़ से इतिहास और तहज़ीब को ज़िंदा करने वाले पत्रकार

उर्दू पत्रकारिता और रेडियो प्रसारण की दुनिया में रज़ा...

Related Articles

Popular Categories