Friday, November 20, 2026
27 C
Delhi

धागों में बुनी मिजोरम की कहानी, जानिए क्या है Puanchei की ख़ासियत?

भारत के उत्तर-पूर्व में बसा मिजोरम अपनी ख़ूबसूरत पहाड़ियों, रंगीन संस्कृतियों और पुरानी रस्मों-रिवाज़ों के लिए जाना जाता है। यहां के लोकनृत्य, संगीत और पारंपरिक कपड़ों की अपनी अलग पहचान है। इन्हीं में से एक है मिजोरम का मशहूर कपड़ा पुआनचेई (Puanchei) रंग-बिरंगे डिज़ाइन और ख़ास बुनाई वाला ये कपड़ा सिर्फ़ पहनावा नहीं, बल्कि मिजो महिलाओं की पहचान और उनके हुनर की ख़ूबसूरत मिसाल भी है।

पुआनचेई (Puanchei) मिजो समुदाय का सबसे रंगीन और मशहूर पारंपरिक कपड़ा माना जाता है। मिजो भाषा में पुआन का मतलब कपड़ा और चेई का मतलब सजाना होता है। इसे शॉल की तरह कमर के चारों ओर लपेटकर पहना जाता है। इसके दोनों सिरों को एक तरफ खोंसकर बांध दिया जाता है। ये कपड़ा टखनों तक जाता है और आमतौर पर कावरचेई यानी पारंपरिक ब्लाउज के साथ पहना जाता है।

मिजो महिलाओं के लिए पुआनचेई की ख़ास अहमियत है। शादी के मौके पर ये उनके पारंपरिक पहनावे का ज़रूरी हिस्सा होता है। इसके अलावा त्योहारों, पारंपरिक नृत्यों और दूसरे ख़ास मौके पर भी महिलाएं इसे पहनती है। इसे बुनने का हुनर एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचता रहा है।

Image Source: theculturegully

पुआनचेई की बुनाई में छिपा है ख़ास हुनर

पुआनचेई (Puanchei) तैयार करना आसान काम नहीं है। इसे बनने में काफी मेहनत, सब्र और हुनर की ज़रूरत होती है। इसे पारंपरिक लॉइन लूम यानी कमर से बांधकर चलाए जाने वाले करघे पर बुना जाता है। इस करघे पर कारीगर अलग-अलग रंगों के धागों से कपड़े डिज़ाइन तैयार करते हैं। मिजो समुदाय के दूसरे पुआन कपड़ों को आमतौर पर दो अलग-अलग हिस्सों से बुना जाता है और फिर सिलकर एक किया जाता है। लेकिन पुआनचेई (Puanchei) को तीन हिस्सों में बुना जाता है।

इसमें बीच वाला हिस्सा सबसे संकरा होता है। बाद में इन तीनों हिस्सों को जोड़कर पूरा कपड़ा तैयार किया जाता है। इसे बनाने के लिए ज़्यादातर सूती धागों का इस्तेमाल होता है। पुराने समय में महिलाएं घर पर ही सूत कातती थी और उसे कुदरती रंगों से रंगकर कपड़ा बुनती थी। उस दौर में पुआन कपड़े ज़्यादातर सफ़ेद रंग के होते थे। धीरे-धीरे इनमें अलग-अलग रंगों और डिज़ाइनों का इस्तेमाल होने लगा।

रंग-बिरंगे डिज़ाइन में छिपी है मिजोरम की कहानी

पुआनचेई (Puanchei) की सबसे ख़ास बात इस पर बने रंगीन डिज़ाइन हैं। इनमें मिजो समुदाय की संस्कृति, कुदरत और पुरानी लोककथाओं की झलक देखने को मिलती है। इसकी बुनाई में ‘सिनियार’ (Siniar) नाम का डिजाइन काफी मशहूर है। इसमें त्रिकोण, टेढ़ी-मेढ़ी और हीरे जैसी आकृतियां बनाई जाती हैं। कई बार इन डिजाइनों के साथ फूलों की आकृतियां भी जोड़ी जाती हैं। इसके अलावा ‘ह्रुईह’ (Hruih) यानी काले रंग की सीधी पट्टी और ‘साकरी जांगजिया’ (Sakri Zangzia) भी खास डिजाइन हैं। साकरी जांगजिया में बाघ की पीठ जैसी धारियां बनाई जाती हैं।

पुआनचेई (Puanchei) के कुछ डिज़ाइन ‘पुआनलाइसेन’ (Puanlaisen) नाम के पारंपरिक कपड़े से भी लिए गए हैं। इस कपड़े के बीच में लंबाई के साथ गहरे लाल रंग की एक चौड़ी पट्टी होती है। पुआनचेई (Puanchei) में भी इस तरह के डिजाइन देखने को मिलते हैं। पुआनचेई (Puanchei) की बुनाई काफी घनी होती है। इसका कपड़ा मध्यम से भारी मोटाई का होता है। इसे मजबूत और खूबसूरत बनाने के लिए धागों को बहुत बारीकी से बुना जाता है। यही वजह है कि इसे तैयार करने के लिए अच्छे हुनर और तजुर्बे की जरूरत होती है।

Image Source: theculturegully

मिजो महिलाओं की पहचान और परिवार की धरोहर है Puanchei

मिजो समुदाय के लिए पुआनचेई (Puanchei) सिर्फ़ एक कपड़ा नहीं है, बल्कि ये उनकी पहचान और सामाजिक रुतबे से भी जुड़ा है। परिवारों में इसे ख़ास चीज की तरह संभालकर रखा जाता है और एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को सौंपा जाता है। पहले पुआनचेई (Puanchei) ज़्यादातर घर और परिवार के इस्तेमाल के लिए ही बुने जाते थे। लेकिन समय के साथ हाथ से बने कपड़ों की मांग बढ़ी और ये बाज़ारों में भी बिकने लगे। मिजोरम की राजधानी आइजोल की दुकानों में स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी इन्हें खरीद सकते हैं। आज पुआनचेई (Puanchei) से सिर्फ़ पारंपरिक कपड़े ही नहीं, बल्कि टेबल रनर, कुशन कवर और घर सजाने के लिए दूसरी चीजें भी बनाई जा रही हैं।

मिजोरम के इस पारंपरिक कपड़े को इसकी ख़ास पहचान और बुनाई के अनोखे हुनर के लिए साल 2019 में GI Tag भी मिला था। इसके बाद पुआनचेई को देशभर में मिजोरम के खास पारंपरिक कपड़े के तौर पर पहचान मिली। अगर आप मिजोरम घूमने जाते हैं, तो वहां के स्थानीय बाज़ारों में पुआनचेई से बनी चीजें जरूर देख सकते हैं। इन्हें अपने लिए यादगार के तौर पर या किसी करीबी को तोहफ़े में भी दे सकते हैं। अपने खूबसूरत रंगों, दिलचस्प डिज़ाइनों और हाथ की बुनाई के लिए मशहूर पुआनचेई (Puanchei) आज भी मिजोरम की पुरानी परंपराओं को ज़िंदा रखे हुए है।

ये भी पढ़ें- अपतानी बुनाई : सिर्फ एक कपड़ा नहीं, पूरी संस्कृति है जो खुद को बुन रही पीढ़ी-दर-पीढ़ी

आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।

Nausheen Khan
Nausheen Khan
नौशीन ख़ान DNN24 में सीनियर मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और वीडियो प्रोडक्शन में चार साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रेजुएशन किया है और फिलहाल IGNOU से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया में एम.ए. कर रही हैं। वह पहले Newslaundry Hindi में इंटर्न और Newsreel Asia में ट्रेनी रह चुकी हैं। उनकी दिलचस्पी फीचर स्टोरीज़, महिलाओं से जुड़े मुद्दों, सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों, मनोरंजन ख़बरों, एंकरिंग और वॉइस ओवर में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

इतिहास का मेहमान बनिए: इस बार 19-25 नवंबर World Heritage Week में टिकट नहीं,सिर्फ़ इश्क़ चलेगा

हिंदुस्तान की सरज़मीं जब अपनी विरासत का जाम पेश...

‘Guru Ka Lahore’: इतिहास, धार्मिक अहमियत और देखने लायक जगहें

सिख इतिहास कई अनोखी, रूहानी और ऐतिहासिक घटनाओं से...

सरपेच से सरताज तक: Cartier का ‘Tiger Eye’ और नवानगर के महाराजा की शान

जब बात शाही ज़ेवरात की होती है, तो ज़हन...

कुंवर नारायण: संवेदना, मानवीयता और जीवन के गहरे सवालों के कवि

हिंदी साहित्य में कुंवर नारायण का नाम उन प्रमुख...

Topics

‘Guru Ka Lahore’: इतिहास, धार्मिक अहमियत और देखने लायक जगहें

सिख इतिहास कई अनोखी, रूहानी और ऐतिहासिक घटनाओं से...

कुंवर नारायण: संवेदना, मानवीयता और जीवन के गहरे सवालों के कवि

हिंदी साहित्य में कुंवर नारायण का नाम उन प्रमुख...

दुष्यंत कुमार: वो कवि, जिसने ग़ज़ल को आम आदमी की आवाज़ बनाया

हिंदी साहित्य में दुष्यंत कुमार का नाम उन शायरों...

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना: जिनकी कविताओं में धड़कती आम इंसान की ज़िंदगी

हिंदी साहित्य में सर्वेश्वरदयाल सक्सेना का नाम उन कवियों...

Related Articles

Popular Categories