कुछ आवाज़ें लफ़्ज़ों से आगे जाकर रूह को छू लेती हैं। उर्दू शायरी की दुनिया में ऐसी ही एक मक़बूल शायरा हैं शबीना अदीब, जिनके हर शेर में मोहब्बत की नरमी, एहसास की गहराई और ज़िंदगी की सच्चाई झलकती है जिन्होंने अपनी दिलकश आवाज़, सादगी भरे अंदाज़ और असरदार शायरी से देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में अपनी अलग पहचान बनाई है। मुशायरों के मंच पर उनकी मौजूदगी और शेर पढ़ने का उनका ख़ास अंदाज़ सुनने वालों को बांध लेता है। उनकी शायरी में मोहब्बत, इंतज़ार, जज़्बात, रिश्तों की नज़ाकत और इंसानी एहसासों की ख़ूबसूरत तस्वीर दिखाई देती है।
शबीना अदीब की पैदाइश 27 दिसंबर 1974 को उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुयी। उन्हें बचपन से ही पढ़ने-लिखने और अदब से लगाव था। उन्होंने उर्दू साहित्य में तालीम हासिल की और स्नातक की पढ़ाई के साथ मुअल्लिम की ट्रेनिंग भी पूरी की। शायरी के प्रति उनका रुझान बहुत कम उम्र में ही पैदा हो गया था। महज़ 15 साल की उम्र में उन्होंने शेर कहना शुरू कर दिया था। इसके बाद 16 साल की उम्र से ही मुशायरों और अदबी महफिलों में हिस्सा लेने लगीं। इतनी कम उम्र में मंच पर अपनी बात रखने का उनका आत्मविश्वास और शायरी का हुनर लोगों को मुत्तासिर करने लगा था।
शबीना अदीब के शायराना सफ़र में साल 1994 एक अहम पड़ाव साबित हुआ। इसी साल उन्होंने आज़मगढ़ में आयोजित एक ऑल इंडिया मुशायरे में पहली बार बड़े मंच पर अपनी शायरी पेश की। इस मुशायरे में उन्हें मशहूर शायर कैफ़ी आज़मी जैसी बड़ी साहित्यिक हस्तियों के साथ मंच साझा करने का मौक़ा मिला। यह उनके पेशेवर शायरी के सफ़र की शुरुआत थी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और धीरे-धीरे मुशायरों की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली।
शबीना अदीब अपनी शायरी के सफ़र में मरहूम शायर हक़ बनारसी को अपना उस्ताद मानती हैं। उनसे मिली रहनुमाई ने उनके साहित्यिक सफ़र को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। किसी भी शायर के लिए उस्ताद की अहमियत बहुत ख़ास होती है, क्योंकि वही शायरी की बारीकियों, अल्फ़ाज़ के चुनाव और बयान के सलीके से परिचित कराता है। शबीना अदीब के शायराना अंदाज़ में भी इस अदबी तर्बियत की झलक दिखाई देती है।
साल 2007 में उनका पहला शायरी संग्रह ‘तुम मेरे पास रहो’ प्रकाशित हुआ। इस किताब को पाठकों और साहित्य प्रेमियों के बीच अच्छी सराहना मिली। इस संग्रह के ज़रिए लोगों को उनकी शायरी को करीब से पढ़ने और समझने का मौक़ा मिला। उनकी ग़ज़लों में आसान भाषा के साथ गहरे जज़्बात देखने को मिलते हैं। यही वजह है कि उनकी शायरी सिर्फ़ साहित्य के जानकारों तक महदूद नहीं रहती, बल्कि आम सुनने और पढ़ने वाला भी उससे आसानी से जुड़ जाता है।
उनकी एक मशहूर ग़ज़ल के ये अशआर मोहब्बत के शुरुआती एहसास को बेहद खूबसूरती से बयान करते हैं।
ख़ामोश लब हैं झुकी हैं पलकें दिलों में उल्फ़त नई-नई है,
अभी तकल्लुफ़ है गुफ़्तगू में अभी मोहब्बत नई-नई है।
इन अशआर में मोहब्बत की शुरुआत का वह ख़ूबसूरत दौर दिखाई देता है, जब दिल में बहुत कुछ होता है, लेकिन जुबां पर बात लाने में झिझक महसूस होती है। झुकी हुई पलकें, ख़ामोश होंठ और बातचीत में रहने वाला तकल्लुफ़ नए रिश्ते की नज़ाकत को बयां करते हैं। यही सादगी शबीना अदीब की शायरी को ख़ास बनाती है।
उनकी शायरी में मोहब्बत के साथ-साथ वफ़ा, इंतज़ार और रिश्तों के प्रति समर्पण का रंग भी दिखाई देता है।
तू किसी रास्ते का मुसाफ़िर रहे तेरी एक-एक ठोकर उठा लाऊंगी,
अपनी बेचैन पलकों से चुन-चुन के मैं तेरे रास्ते के पत्थर उठा लाऊंगी।
इन अशआर में मोहब्बत को सिर्फ़ एक एहसास नहीं, बल्कि किसी के रास्ते की मुश्किलें अपने हिस्से में लेने का जज़्बा बताया गया है। प्रेम में समर्पण और साथ निभाने की जो भावना इन अल्फ़ाज़ में है, वह सुनने वाले के दिल को छू जाती है।
तुम्हारा चेहरा चराग़ों में कौन रखता है,
मेरी तरह तुम्हें आंखों में कौन रखता है।
इन अशआर में किसी को अपनी आंखों में बसाकर रखने और उसे दुनिया की भीड़ से अलग अहमियत देने का एहसास मिलता है। यही वजह है कि उनकी शायरी में मोहब्बत के अलग-अलग रंग सुनने को मिलते हैं।
शबीना अदीब ने अपनी शायरी के ज़रिए भारत के अलावा कई देशों में भी उर्दू अदब की खुशबू पहुंचाई है। वह सऊदी अरब, दुबई, क़तर, कुवैत, बहरीन, नेपाल, ओमान और मलेशिया जैसे देशों में आयोजित मुशायरों और साहित्यिक कार्यक्रमों में शिरकत कर चुकी हैं। इन महफ़िलों में उन्होंने अपनी शायरी से लोगों को मोहब्बत, अमन और इंसानियत का पैग़ाम दिया है। उनके चाहने वालों का दायरा लगातार बढ़ा है और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में उर्दू शायरी सुनने वाले उन्हें पसंद करते हैं।
शबीना अदीब की पसंदीदा शायरों में मीर तक़ी मीर, मिर्ज़ा ग़ालिब और जोश मलीहाबादी जैसे बड़े नाम शामिल हैं। वह किताबों को अपना सबसे करीबी साथी मानती हैं। अदब के प्रति उनका लगाव उनकी शायरी और बातचीत दोनों में दिखाई देता है। उनकी शख़्सियत की सादगी भी लोगों को मुत्तासिर करती है।
उर्दू शायरी में उनके योगदान के लिए उन्हें कई साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्थाओं की ओर से सम्मानित भी किया जा चुका है। आज शबीना अदीब समकालीन उर्दू शायरी की एक जानी-पहचानी आवाज़ हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और शायराना हुनर से यह साबित किया है कि शायरी सिर्फ़ अल्फ़ाज़ का मेल नहीं, बल्कि दिल की बात को दूसरों तक पहुंचाने का एक खूबसूरत ज़रिया है।
उनकी शायरी की सबसे बड़ी खूबी यही है कि वह मुश्किल अल्फ़ाज़ के बजाय आसान जुबान में गहरी बात कहती हैं। उनके अशआर में मोहब्बत की नर्मी भी है और जज़्बात की गहराई भी। यही वजह है कि शबीना अदीब की आवाज़ और उनके अल्फ़ाज़ मुशायरों की महफ़िलों में लंबे वक़्त तक याद रखे जाते हैं।
ये भी पढ़ें: दुष्यंत कुमार: वो कवि, जिसने ग़ज़ल को आम आदमी की आवाज़ बनाया
आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं



