Monday, November 23, 2026
25 C
Delhi

Guru Nanak Gurpurab 2026: इतिहास, अहमियत और मनाने की परंपराएं

गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी का प्रकाश पर्व सिख धर्म के सबसे अहम त्योहारों में से एक है। ये दिन सिर्फ़ गुरु साहिब की पैदाइश की ख़ुशी मनाने का नहीं, बल्कि उनके दिए इंसानियत, बराबरी, सच्ची मेहनत और मिल-बांटकर खाने के पैगाम को याद करने का भी मौक़ा है। हर साल देश-विदेश में सिख संगत इस पर्व को पूरी अकीदत और जोश के साथ मनाती है।

साल 2026 में गुरु नानक गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी का प्रकाश पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से जारी नानकशाही कैलेंडर 2026-27 के मुताबिक, ये दिन 9 मघ्घर को पड़ रहा है। इस साल गुरु साहिब का 557वां प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। इस मौक़े पर गुरुद्वारों में अखंड पाठ, कीर्तन, नगर कीर्तन और लंगर का इंतज़ाम किया जाता है। लेकिन इस पर्व की असल अहमियत समझने के लिए गुरु साहिब की ज़िंदगी, उनकी तालीम और उस दौर के समाज में उनके विचारों से आए बदलाव को जानना भी ज़रूरी है।

Pic Credit: Sikhnet

श्री गुरु नानक देव जी की पैदाइश और शुरुआती ज़िंदगी

श्री गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी की पैदाइश 1469 ईस्वी में राय भोई की तलवंडी में हुआ था, जिसे आज ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। ये जगह मौजूदा पाकिस्तान में है। गुरु साहिब के पिता का नाम मेहता कालू जी और माता का नाम माता तृप्ता जी था। उनकी बड़ी बहन बेबे नानकी जी थी, जिनका गुरु साहिब की ज़िंदगी में ख़ास मुकाम माना जाता है।

बचपन से ही गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी की सोच दूसरे बच्चों से अलग थी। वो समाज में फैले अंधविश्वास, जात-पात और धर्म के नाम पर होने वाले दिखावे पर सवाल उठाते थे। उनकी दिलचस्पी सिर्फ़ पुरानी रस्मों-रिवाजों तक महदूद नहीं थी, बल्कि वो इंसान की ज़िंदगी और उसके कर्मों के मायने समझने पर जोर देते थे।

जवानी में गुरु साहिब सुल्तानपुर लोधी में रहे। यहां उन्होंने मोदीखाने में काम किया। सुल्तानपुर लोधी से जुड़ा काली बेईं का वाकया भी गुरु साहिब की ज़िंदगी की मशहूर साखियों में शामिल है। पुरानी साखियों के मुताबिक, एक दिन गुरु साहिब काली बेईं में स्नान करने गए और तीन दिन तक लापता रहे। इसके बाद उन्होंने इंसानियत, एक अकाल पुरख में यकीन और सभी इंसानों के बीच बराबरी का पैगाम दिया।

Pic Credit: Social Media

गुरु नानक देव जी की उदासियां: दूर-दूर तक पहुंचा इंसानियत का पैगाम

गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी ने अपनी ज़िंदगी का बड़ा हिस्सा लोगों से मिलने, उनसे बातचीत करने और अपनी तालीम लोगों तक पहुंचाने में बिताया। पारंपरिक ऐतिहासिक जानकारियों के मुताबिक, उनकी यात्राओं को चार उदासियों के नाम से जाना जाता है। इन यात्राओं के दौरान गुरु साहिब अलग-अलग इलाकों, धार्मिक मरकज़ों और समाजों में गए और लोगों के साथ अपने विचार साझा किए। इन यात्राओं का मक़सद सिर्फ़ नई जगहों पर जाना नहीं था। गुरु साहिब ने जहां भी सफ़र किया, वहां लोगों को बाहरी दिखावे की जगह अच्छे आचरण, रहमदिली और सेवा की अहमियत समझाई।

उन्होंने धर्म के नाम पर होने वाले भेदभाव और पाखंड पर सवाल उठाए। भाई मरदाना जी भी इन यात्राओं में गुरु साहिब के साथ रहे। उनकी रबाब और गुरु साहिब की बाणी के जरिए ये पैगाम लोगों तक पहुंचा। इन उदासियों से जुड़ी कई साखियां सिख परंपरा में मशहूर हैं। हालांकि, इन यात्राओं के सभी रास्तों और हर वाकये के बारे में एक जैसी ऐतिहासिक जानकारियां नहीं मिलती, लेकिन ये साफ़ है कि गुरु साहिब ने अपने विचारों को किसी एक इलाके या वर्ग तक महदूद नहीं रखा।

Pic Credit: TOI

गुरु साहिब की शिक्षाएं और उनकी अहमियत

गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी की तालीम का सबसे अहम हिस्सा इंसानियत और एक अकाल पुरख में यकीन है। उन्होंने लोगों को जाति, धर्म, भाषा या सामाजिक हैसियत के आधार पर बांटने की जगह सभी को बराबर समझने का पैगाम दिया। उनकी बाणी में सच्चाई, विनम्रता, रहमदिली और सेवा को ख़ास अहमियत दी गई है। गुरु साहिब की शिक्षाओं को आमतौर पर तीन अहम उसूलों के ज़रिए समझा जाता है। पहला है नाम जपना, यानी परमात्मा को याद करना और अपनी ज़िंदगी को उसकी भक्ति से जोड़ना। दूसरा है किरत करनी, यानी ईमानदारी से मेहनत करके अपनी रोजी-रोटी कमाना।

तीसरा है वंड छकना, यानी अपनी कमाई और संसाधनों में से ज़रूरतमंदों के साथ हिस्सा बांटना। ये उसूल सिर्फ़ धार्मिक उपदेश नहीं हैं, बल्कि रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जुड़े हैं। गुरु साहिब ने समझाया कि किसी इंसान की पहचान उसके जन्म या सामाजिक हैसियत से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होनी चाहिए। उन्होंने औरतों को कमतर समझने वाली सोच का भी विरोध किया और सभी इंसानों की बराबरी की बात कही। आज भी ये शिक्षाएं समाज के लिए उतनी ही अहम हैं। जब समाज में बंटवारे, भेदभाव और स्वार्थ जैसी परेशानियां मौजूद हैं, तब गुरु साहिब का आपसी भाईचारे और इंसानियत का पैगाम लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने की प्रेरणा देता है।

Pic Credit: Social Media

करतारपुर साहिब: गुरु साहिब की ज़िंदगी का अहम पड़ाव

अपनी यात्राओं के बाद गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी ने रावी नदी के किनारे करतारपुर साहिब में रहना शुरू किया। यहां उन्होंने संगत के साथ ज़िंदगी बिताई और अपनी शिक्षाओं को अमल में लाने का रास्ता दिखाया। करतारपुर में संगत, सिमरन, मेहनत और मिल-जुलकर रहने को ख़ास अहमियत दी गई।

गुरु साहिब ने ये बात साफ़ की कि धर्म सिर्फ़ एकांत में बैठकर पूजा करने का नाम नहीं है, बल्कि समाज में रहते हुए ईमानदारी से काम करना, दूसरों की मदद करना और सभी के साथ बराबरी का सुलूक करना भी इसका हिस्सा है। करतारपुर साहिब से जुड़ी ये जीवनशैली आगे चलकर सिख परंपरा की अहम बुनियाद बनी। 1539 ईस्वी में गुरु नानक देव जी ज्योति जोत समा गए। उन्होंने भाई लहणा जी को अपना उत्तराधिकारी बनाया, जो बाद में श्री गुरु अंगद देव जी के नाम से जाने गए।

गुरु नानक गुरुपर्व कैसे मनाया जाता है?

गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी के प्रकाश पर्व की तैयारियां कई दिन पहले ही शुरू हो जाती हैं। गुरुद्वारों में संगत इकट्ठा होकर धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेती है। इन कार्यक्रमों में गुरु साहिब की बाणी का पाठ, कीर्तन और उनकी शिक्षाओं को याद किया जाता है।

अखंड पाठ साहिब

प्रकाश पर्व से पहले कई गुरुद्वारों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अखंड पाठ साहिब की शुरुआत की जाती है। इस दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बाणी का लगातार पाठ होता है। पाठ की समाप्ति प्रकाश पर्व वाले दिन या उसके आसपास होती है। संगत इसमें शामिल होकर गुरु साहिब के प्रति अपनी अकीदत जाहिर करती है।

Pic Credit: Telgu Rise

नगर कीर्तन और प्रभात फेरियां

प्रकाश पर्व से पहले नगर कीर्तन सजाया जाता है। इसमें पांच प्यारे अगुवाई करते हैं और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी को फूलों से सजाया जाता है। संगत शबद कीर्तन करते हुए गुरबाणी का पैगाम लोगों तक पहुंचाती है। कई जगहों पर इससे पहले प्रभात फेरियां भी निकाली जाती हैं। इनमें सुबह के वक़्त संगत गुरबाणी का जाप करते हुए अलग-अलग इलाकों से गुज़रती है।

कीर्तन, कथा और धार्मिक दीवान

प्रकाश पर्व वाले दिन गुरुद्वारों में सुबह से ही धार्मिक दीवान सजाए जाते हैं। आसा दी वार का कीर्तन होता है और गुरबाणी का गायन किया जाता है। इसके साथ ही गुरु साहिब की ज़िंदगी से जुड़ी साखियां भी सुनाई जाती हैं। कथावाचक और विद्वान गुरु साहिब की बाणी और उनकी तालीम के बारे में संगत के साथ अपने विचार साझा करते हैं। शाम के वक़्त भी कई जगहों पर कीर्तन दरबार सजाए जाते हैं।

Pic Credit: Social Media

लंगर और सेवा

गुरुपर्व के मौके पर लंगर का ख़ास इंतज़ाम किया जाता है। संगत बिना किसी जाति, धर्म या सामाजिक भेदभाव के एक साथ बैठकर लंगर छकती है। लंगर की सेवा में खाना तैयार करने से लेकर परोसने और बर्तन साफ़ करने तक हर उम्र के लोग हिस्सा लेते हैं। ये परंपरा गुरु साहिब के वंड छकने और बराबरी के पैगाम को अमल में लाती है।

गुरुपर्व पर संगत के प्रमुख धार्मिक मरकज़

गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी के प्रकाश पर्व पर पंजाब और दुनिया के कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों में बड़े स्तर पर धार्मिक कार्यक्रम होते हैं। अमृतसर का श्री हरमंदिर साहिब इस मौक़े पर संगत का एक अहम मरकज़ होता है। यहां सजावट, गुरबाणी कीर्तन और धार्मिक दीवानों में बड़ी तादाद में संगत शामिल होती है। सुल्तानपुर लोधी का गुरुद्वारा बेर साहिब भी गुरु साहिब की ज़िंदगी से जुड़ी एक अहम जगह है। इसी तरह पाकिस्तान में मौजूद ननकाना साहिब, गुरु साहिब की जन्मस्थली होने की वजह से ख़ास अहमियत रखता है। करतारपुर साहिब भी गुरु साहिब की ज़िंदगी के आख़िरी दौर और उनके बसाए संगत केंद्र से जुड़ा एक अहम धार्मिक स्थल है।

Pic Credit: Social Media

दुनिया भर में मनाया जाता है गुरु साहिब का प्रकाश पर्व

गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी की तालीम किसी एक देश या इलाके तक महदूद नहीं है। यही वजह है कि भारत के अलावा कनाडा, ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कई दूसरे देशों में भी सिख संगत इस दिन को पूरी अकीदत के साथ मनाती है। विदेशों के गुरुद्वारों में कीर्तन, नगर कीर्तन, लंगर और सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों के ज़रिए नई पीढ़ी को भी गुरु साहिब की ज़िंदगी और उनकी तालीम से जोड़ने की कोशिश की जाती है।

गुरु नानक देव जी का पैगाम आज भी है अहम

गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी का प्रकाश पर्व हमें उनकी ज़िंदगी और बाणी से जुड़ने का मौक़ा देता है। उनकी तालीम सिर्फ़ धार्मिक कार्यक्रमों तक महदूद नहीं है, बल्कि ईमानदारी से ज़िंदगी जीने, दूसरों की मदद करने और हर इंसान के साथ बराबरी का सुलूक करने की सीख देती है। गुरुपर्व मनाने का असल मक़सद भी यही है कि गुरु साहिब के बताए रास्ते को अपनी ज़िंदगी में अपनाया जाए।

Pic Credit: Social Media

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
गुरु नानक गुरुपर्व 2026 कब मनाया जाएगा?

साल 2026 में गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी का प्रकाश पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। नानकशाही कैलेंडर के मुताबिक, ये दिन 9 मघ्घर को है।

साल 2026 में गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी का कौन-सा प्रकाश पर्व मनाया जाएगा?

साल 2026 में गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। गुरु साहिब का जन्म 1469 ईस्वी में राय भोई की तलवंडी में हुआ था।

गुरुपर्व के मौक़े पर कौन-से धार्मिक कार्यक्रम होते हैं?

इस मौके पर अखंड पाठ साहिब, नगर कीर्तन, प्रभात फेरियां, गुरबाणी कीर्तन, धार्मिक दीवान और लंगर का इंतज़ाम किया जाता है। अलग-अलग गुरुद्वारों में स्थानीय रस्मों के मुताबिक दूसरे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी का प्रकाश पर्व क्यों मनाया जाता है?

ये दिन गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी की ज़िंदगी और उनकी दी हुई शिक्षाओं को याद करने के लिए मनाया जाता है। उन्होंने नाम जपने, ईमानदारी से मेहनत करने, मिल-बांटकर खाने और सभी इंसानों को बराबर समझने का पैगाम दिया।

लेख: अभिलाषा अग्रवाल

इस लेख को पंजाबी में पढ़ें

ये भी पढ़ें- Mattan: जहां मस्जिद से अज़ान, मंदिर की घंटी और गुरबाणी मिलकर सुनाती हैं भाईचारे की कहानी

आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

नातिक़ गुलावठी: शायरी के साथ आज़ादी की जंग में भी निभाया अहम किरदार

मौलाना सैयद अबुल हसन नातिक़ गुलावठी उर्दू अदब के...

मोहम्मद दीन तासीर: उर्दू साहित्य के नए दौर की अहम आवाज़ 

तासीर का पूरा नाम मोहम्मद दीन तासीर था। उनका...

Guru Nanak Dev जी का संपूर्ण जीवन: एक ऐतिहासिक अध्ययन (भाग 2)

तलवंडी को ये ख़ुशकिस्मती हासिल है कि गुरु नानक...

गोपाल मित्तल: कलम से अदब को नया नज़रिया देने वाले साहित्यकार

उर्दू साहित्य की दुनिया में गोपाल मित्तल का नाम...

Topics

नातिक़ गुलावठी: शायरी के साथ आज़ादी की जंग में भी निभाया अहम किरदार

मौलाना सैयद अबुल हसन नातिक़ गुलावठी उर्दू अदब के...

मोहम्मद दीन तासीर: उर्दू साहित्य के नए दौर की अहम आवाज़ 

तासीर का पूरा नाम मोहम्मद दीन तासीर था। उनका...

Guru Nanak Dev जी का संपूर्ण जीवन: एक ऐतिहासिक अध्ययन (भाग 2)

तलवंडी को ये ख़ुशकिस्मती हासिल है कि गुरु नानक...

गोपाल मित्तल: कलम से अदब को नया नज़रिया देने वाले साहित्यकार

उर्दू साहित्य की दुनिया में गोपाल मित्तल का नाम...

Related Articles

Popular Categories