Friday, November 27, 2026
28 C
Delhi

Constitution Day 2026: हाथों से लिखे संविधान में छिपी हैं भारत की ये अनोखी झलकियां

जब भारतीय संविधान का ज़िक्र होता है, तो हमारे ज़हन में देश के कानून, नागरिकों के अधिकार और लोकतंत्र की तस्वीर उभरती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत का संविधान सिर्फ़ नियमों और कानूनों का दस्तावेज़ नहीं है, बल्कि इसमें देश के हज़ारों साल पुराने इतिहास, कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलती हैं। इसकी मूल कॉपी को टाइप या प्रिंट करने के बजाय हाथों से लिया गया था।

इसके हर पन्ने को ख़ूबसूरत चित्रों और बारीक डिज़ाइन से सजाया गया है। भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को इसे पूरे देश में लागू किया गया। इस ख़ास मौके पर आइए जानते हैं भारतीय संविधान से जुड़ी 7 दिलचस्प बातें।

संविधान सभा की बहस देखने पहुंचे थे 53 हज़ार से ज़्यादा लोग

    भारतीय संविधान तैयार करने का सफ़र 9 दिसंबर 1946 को शुरू हुआ था। इसी दिन संविधान सभा की पहली बैठक हुई थी। करीब 2 साल, 11 महीने और 18 दिन की मेहनत और लंबी बहस के बाद 26 नवंबर 1949 को संविधान को अपनाया गया। इस दौरान सिर्फ़ संविधान सभा के सदस्य ही नहीं, बल्कि आम लोग भी इसकी प्रक्रिया में दिलचस्पी ले रहे थे। करीब तीन साल के दौरान 53,000 से ज़्यादा लोग संविधान सभा की दर्शक दीर्घा (Visitor Gallery) में पहुंचे थे। यहां बैठक में उन्होंने संविधान बनाने से जुड़ी बहस और चर्चाएं देखीं।

    करीब 90 हज़ार शब्द हाथों से लिखे गए थे

    भारत का संविधान दुनिया का सबसे लंबा लिखित राष्ट्रीय संविधान है। जब यह 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था, तब इसमें 395 अनुच्छेद (Articles), 22 भाग (Parts) और 8 अनुसूचियां (Schedules) थीं। वक़्त के साथ देश की ज़रूरतों के मुताबिक इसमें कई बदलाव और संशोधन किए गए। भारतीय संविधान की हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में इसकी हस्तलिखित कॉपियां तैयार की गई थी, जिनमें करीब 90,000 शब्द थे। अंग्रेज़ी कॉपी को ख़ूबसूरत कैलीग्राफ़ी में लिखने की ज़िम्मेदारी प्रेम बिहारी नारायण रायज़ादा को दी गई थी। कहा जाता है कि इस काम के लिए उन्हें 4,000 रुपये की टोकन राशि दी गई थी। वहीं, हिंदी की मूल कॉपी को वसंत कृष्ण वैद्य ने हाथों से लिखा था।

    शांतिनिकेतन के कलाकारों ने सजाए संविधान के पन्ने

      भारतीय संविधान की ख़ासियत सिर्फ़ इसकी लिखावट नहीं है। इसकी मूल कॉपी को किसी ख़ूबसूरत किताब की तरह सजाया भी गया था। इसके पन्नों पर बनी पेंटिंग्स और डिज़ाइन को शांतिनिकेतन के कलाकारों ने आचार्य नंदलाल बोस की देखरेख में तैयार किया था। उनकी टीम ने हर पन्ने पर बारीक़ डिज़ाइन वाले बॉर्डर और ख़ास चित्र बनाए। संविधान के सभी 22 भागों में एक-एक ख़ास चित्र है। इन तस्वीरों के ज़रिए भारत के इतिहास के अलग-अलग दौर को दिखाया गया है। इनमें सिंधु घाटी सभ्यता, वैदिक काल, मौर्य और गुप्त साम्राज्य, मुगल दौर और आज़ादी की लड़ाई की झलक मिलती है।

      संविधान में रामायण-महाभारत से लेकर बुद्ध और महावीर तक की झलक

        संविधान की मूल कॉपी के चित्रों को ध्यान से देखें तो इनमें भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के कई रंग नज़र आते हैं। इन तस्वीरों में अलग-अलग दौर और परंपराओं को जगह दी गई है।

        सिंधु घाटी सभ्यता: संविधान के पहले भाग में सिंधु घाटी से मिली बैल की मुहर (Bull Seal) का चित्र है।

        बौद्ध परंपरा: एक चित्र में भगवान बुद्ध को उनके शिष्यों और पशु-पक्षियों के बीच शांत माहौल में दिखाया गया है।

        जैन धर्म: भगवान महावीर को ध्यान की मुद्रा में बैठे हुए दिखाया गया है।

        रामायण: भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण को लंका विजय के बाद अयोध्या लौटते हुए दिखाया गया है।

        महाभारत: कुरुक्षेत्र के मैदान में भगवान कृष्ण और अर्जुन के बीच बातचीत का दृश्य भी शामिल है।

        महाबलीपुरम: यहां की प्राचीन मूर्तिकला और गंगा के धरती पर उतरने से जुड़ा दृश्य भी संविधान की कलाकृतियों का हिस्सा है।

        इन तस्वीरों को देखकर अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि संविधान बनाने वालों ने भारत की अलग-अलग सभ्यताओं, धार्मिक परंपराओं और कला को कितनी अहमियत दी थी।

        संविधान सभा में शामिल थीं 15 महिलाएं

          भारतीय संविधान तैयार करने वाली संविधान सभा में 15 महिला सदस्य भी शामिल थीं। इनमें सरोजिनी नायडू, राजकुमारी अमृत कौर, हंसा मेहता, सुचेता कृपलानी और जी. दुर्गाबाई जैसे नाम शामिल थे। इन महिलाओं ने संविधान सभा की बहस में हिस्सा लिया और महिलाओं समेत सभी नागरिकों के लिए बराबरी और समान अधिकारों की बात रखी। उस दौर में जब महिलाओं के अधिकारों को लेकर दुनिया के कई हिस्सों में बहस चल रही थी, भारतीय संविधान सभा में उनकी मौजूदगी अपने आप में एक अहम बात थी।

          284 सदस्यों ने किए थे संविधान पर हस्ताक्षर

            26 नवंबर 1949 को संविधान अपनाए जाने के बाद भी इससे जुड़ी एक अहम तारीख़ 24 जनवरी 1950 है। इसी दिन संविधान सभा के 284 सदस्यों ने संविधान की मूल कॉपी पर अपने हस्ताक्षर किए थे। ये बैठक नई दिल्ली के संविधान हॉल में हुई थी। इसके दो दिन बाद यानी 26 जनवरी 1950 को संविधान पूरे देश में लागू हुआ और भारत एक गणराज्य बना।

            नाइट्रोजन से भरे ख़ास चैंबर में महफ़ूज़ हैं मूल कॉपियां

            इसकी मूल हस्तलिखित कॉपियों को आज भी ख़ास इंतज़ाम के साथ महफ़ूज़ रखा गया है। इन्हें संसद भवन की लाइब्रेरी में नाइट्रोजन गैस से भरे ख़ास चैंबर में रखा गया है। इसका मक़सद काग़ज़ और उन पर बनी बेशकीमती कलाकृतियों को लंबे वक़्त तक ख़राब होने से बचाना है, ताकि आने वाली नस्लें भी संविधान की असली लिखावट और उसकी ख़ूबसूरत तस्वीरों को देख सकें।

            भारतीय संविधान को अक्सर देश के क़ानूनों और नागरिकों के अधिकारों की किताब के तौर पर देखा जाता है। लेकिन इसकी मूल कॉपी को ध्यान से देखने पर पता चलता है कि इसमें भारत की सभ्यता, तहज़ीब, धार्मिक परंपराओं, कला और आज़ादी की लड़ाई को भी जगह दी गई है।

            प्रेम बिहारी नारायण रायज़ादा की ख़ूबसूरत लिखावट और आचार्य नंदलाल बोस व उनकी टीम की कलाकारी ने इसे एक ऐसी ऐतिहासिक धरोहर बना दिया है, जिसमें भारत की कहानी सिर्फ़ शब्दों में नहीं, बल्कि तस्वीरों में भी दर्ज है। यही वजह है कि भारतीय संविधान सिर्फ़ एक क़ानूनी दस्तावेज़ नहीं, बल्कि देश की साझा विरासत और पहचान का भी प्रतीक है।

            ये भी पढ़ें- 1904 से 1947 तक: ऐसे बना भारत का तिरंगा, जो आज हमारी पहचान है

            आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।

            Nausheen Khan
            Nausheen Khan
            नौशीन ख़ान DNN24 में सीनियर मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता और वीडियो प्रोडक्शन में चार साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया में ग्रेजुएशन किया है और फिलहाल IGNOU से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया में एम.ए. कर रही हैं। वह पहले Newslaundry Hindi में इंटर्न और Newsreel Asia में ट्रेनी रह चुकी हैं। उनकी दिलचस्पी फीचर स्टोरीज़, महिलाओं से जुड़े मुद्दों, सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों, मनोरंजन ख़बरों, एंकरिंग और वॉइस ओवर में है।

            LEAVE A REPLY

            Please enter your comment!
            Please enter your name here

            Hot this week

            नातिक़ लखनवी: लखनऊ की अदबी दुनिया से उभरा शायरी का एक ख़ास नाम

            नातिक़ लखनवी उर्दू अदब के उन शायरों में शामिल...

            Bishnupur Music Festival: जहां इतिहास और संगीत की खुशबू बसी है

            इमेजिन..एक ऐसी दुनिया जहां संगीत वक्त की सीमाओं को...

            हीरा देवी: पहाड़ की पगडंडी से रेड कारपेट तक

            पैंसठ पार की हीरा देवी (Heera Devi) विनोद कापड़ी...

            पीले पड़ते पन्नों में छिपा इतिहास, Goa सरकार की पुरानी Manuscripts को सहेजने की पहल

            किसी पुराने दस्तावेज़ के पीले पड़ चुके पन्नों में...

            Topics

            नातिक़ लखनवी: लखनऊ की अदबी दुनिया से उभरा शायरी का एक ख़ास नाम

            नातिक़ लखनवी उर्दू अदब के उन शायरों में शामिल...

            Bishnupur Music Festival: जहां इतिहास और संगीत की खुशबू बसी है

            इमेजिन..एक ऐसी दुनिया जहां संगीत वक्त की सीमाओं को...

            हीरा देवी: पहाड़ की पगडंडी से रेड कारपेट तक

            पैंसठ पार की हीरा देवी (Heera Devi) विनोद कापड़ी...

            Harike Wetland Festival: जहां परिंदों की चहचहाहट में गूंजता है पर्यावरण प्रेम

            इमेजिन.. एक ऐसी जगह जहां ब्यास और सतलुज नदियों...

            CodeYogi: Prashant Chaudhary की पहल से गांव के बच्चों के लिए खुल रहे टेक्नोलॉजी के दरवाज़े

            क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से गांव और छोटे...

            Guru Nanak Gurpurab 2026: इतिहास, अहमियत और मनाने की परंपराएं

            गुरु नानक (Guru Nanak) देव जी का प्रकाश पर्व...

            Related Articles

            Popular Categories