Friday, November 27, 2026
28 C
Delhi

Siva Singh: ऑस्ट्रेलिया में पहले अखंड पाठ की मेज़बानी करने वाले पंजाबी सिख की अनकही कहानी

उन दिनों जब सिवा सिंह (Siva Singh) अपनी घोड़ा-गाड़ी लेकर ऑस्ट्रेलिया के गांवों में निकलते थे, तो उनका मक़सद सिर्फ़ रोज़ी-रोटी कमाना नहीं था। पंजाब से हज़ारों मील दूर बसे इस प्रवासी के लिए ये सफ़र अपने धर्म और उन लोगों से जुड़े रहने का ज़रिया भी था, जिन्होंने उनकी तरह विदेश की ज़मीन पर अपनी नई ज़िंदगी शुरू की थी। 19वीं सदी के आख़िरी सालों में ऑस्ट्रेलिया पहुंचे सिवा सिंह (Siva Singh) ने विक्टोरिया के बेनाला इलाके को अपना ठिकाना बनाया। वो घोड़ा-गाड़ी से गांवों में जाकर घरों में इस्तेमाल होने वाला सामान बेचते थे। लंबे सफ़र के दौरान कई बार यही गाड़ी उनका घर भी बन जाती थी।

दो दशक से ज़्यादा वक़्त बीतने के बाद उनका रीफ हिल्स के पास मौजूद खेत एक ख़ास धार्मिक समागम का मरकज़ बना। इस समागम की ऑस्ट्रेलिया के सिख इतिहास में ख़ास अहमियत है। 16 दिसंबर 1920 को विक्टोरिया के अलग-अलग इलाकों से करीब 30 सिख वहां जमा हुए। इस आयोजन को ऑस्ट्रेलिया में दर्ज पहले पुष्ट अखंड पाठ के तौर पर पहचान मिली है।

ऑस्ट्रेलिया के इतिहासकार लेन केना और क्रिस्टल जॉर्डन की नई किताब Siva Singh Benalla ने इस पंजाबी प्रवासी की ज़िंदगी और ऑस्ट्रेलिया में सिख समुदाय के शुरुआती इतिहास को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। 18 अक्टूबर 2026 को बेनाला में रिलीज़ हुई इस किताब में पुराने दस्तावेज़ों, तस्वीरों और लंबी रिसर्च के ज़रिए उस दौर की कहानी बयान की गई है, जिसके बारे में लोगों तक बहुत कम जानकारी पहुंची है।

घोड़ा-गाड़ी से खेतों तक का सफ़र

सिवा सिंह (Siva Singh) करीब 1896 में विक्टोरिया पहुंचे थे। यहां उन्होंने घूम-फिरकर सामान बेचने का काम शुरू किया। वो घोड़ा-गाड़ी में घरों में इस्तेमाल होने वाली चीज़ें लादकर दूर-दराज़ की किसान बस्तियों तक जाती थी। ये काम आसान नहीं था। उन्हें लंबे रास्ते तय करने पड़ते थे और कई बार रात गुज़ारने के लिए भी घोड़ा-गाड़ी ही उनका सहारा बनती थी।

उन्होंने सादगी से ज़िंदगी बिताई, पैसे बचाए और पंजाब में रह रहे अपने परिवार को भी रुपये भेजते रहे। अपनी मेहनत के दम पर वो धीरे-धीरे आर्थिक रूप से मज़बूत होते गए। पुराने रिकॉर्ड के मुताबिक, 1915 तक उनके पास बेनाला इलाके में 320 एकड़ का खेत था। वहीं, कुछ दस्तावेज़ों में उनकी टोटल ज़मीन 422 एकड़ बताई गई है।

लेकिन सिवा सिंह (Siva Singh) की पहचान सिर्फ़ एक कामयाब किसान या कारोबारी के तौर पर नहीं थी। उस दौर में इस इलाके में सिखों की तादाद बहुत कम थी और वो अलग-अलग जगहों पर बसे हुए थे। ऐसे हालात में सिवा सिंह (Siva Singh) ने सिख समुदाय को धर्म से जोड़े रखने में अहम किरदार निभाया। वो ग्रंथी के तौर पर भी सेवाएं देते थे और सिखों को धार्मिक रस्मों और रीति-रिवाज़ों से जुड़े रहने में मदद करते थे। धीरे-धीरे उनका खेत सिख समुदाय के लोगों के मिलने-जुलने और धार्मिक समागमों का एक अहम ठिकाना बन गया।

जब रीफ हिल्स में हुआ ऐतिहासिक अखंड पाठ

16 दिसंबर 1920 का दिन ऑस्ट्रेलिया के सिख इतिहास में ख़ास अहमियत रखता है। इस दिन सिवा सिंह (Siva Singh) के रीफ हिल्स मौजूद खेत में करीब 30 सिख जमा हुए। इनमें अलबरी, वोडोंगा, चिल्टर्न, यारावोंगा और मेलबर्न जैसी जगहों से आए सिख शामिल थे। ये समागम हरनाम सिंह के निधन के बाद आयोजित किया गया था। पुराने रिकॉर्ड के मुताबिक, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का स्वरूप भारत से मंगवाना पड़ा था। इसी वजह से समागम में देरी हुई।

उस समय वहां कोई पक्का गुरुद्वारा नहीं था। इसलिए संगत ने खुले मैदान में ही अस्थायी इंतज़ाम किए। लकड़ी के खंभों को यूकेलिप्टस के पत्तों वाली टहनियों से सजाकर छत जैसा ढांचा बनाया गया। गुरु साहिब के प्रकाश के लिए एक अस्थायी मंच तैयार किया गया। वहां ब्रिटिश और ऑस्ट्रेलियाई झंडे भी लगाए गए थे। इस मौके पर इसर सिंह ने धार्मिक सेवाएं निभाईं।
इस समागम की तस्वीर स्थानीय फोटोग्राफर विलियम जॉन हाउशिप ने खींची थी।

आज ये तस्वीर मेलबर्न यूनिवर्सिटी के आर्काइव में महफ़ूज़ है। ये तस्वीर ऑस्ट्रेलिया के ग्रामीण इलाकों में बसे शुरुआती सिख समुदाय की एक दुर्लभ झलक दिखाती है। इसके अलावा, 17 दिसंबर 1920 को प्रकाशित Benalla Standard अख़बार की रिपोर्ट भी इस समागम का उस दौर का एक अहम ऐतिहासिक सबूत है।

इस समागम को ऑस्ट्रेलिया में दर्ज पहले प्रमाणित अखंड पाठ के तौर पर जाना जाता है। हालांकि, इसे देश में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पहली बार पहुंचने की घटना बताना सही नहीं होगा। 1895 और 1899 के पुराने अख़बारों में भी सिख धार्मिक ग्रंथों का ज़िक्र मिलता है। लेकिन इतिहासकारों के बीच इस बात को लेकर मतभेद हैं कि ये ज़िक्र पूरी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी से जुड़े थे या छोटी धार्मिक किताबों से।

वोट के हक़ के लिए लड़नी पड़ी लंबी लड़ाई

सिवा सिंह (Siva Singh) की ज़िंदगी सिर्फ़ विदेश जाकर मेहनत करने की कहानी नहीं थी। जिस दौर में वो ऑस्ट्रेलिया में रह रहे थे, उस समय भारतीय मूल के लोगों को नस्लभेद और कई तरह की पाबंदियों का सामना करना पड़ता था। ऑस्ट्रेलिया की ‘व्हाइट ऑस्ट्रेलिया पॉलिसी’ का मक़सद ग़ैर-यूरोपीय लोगों के वहां आने और देश के सार्वजनिक जीवन में उनकी हिस्सेदारी को महदूद करना था। इस वजह से भारतीय प्रवासियों के लिए बराबरी के हक़ हासिल करना आसान नहीं था।

सिवा सिंह को भी इस भेदभाव का सामना करना पड़ा।

1915 में उनका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया, जबकि इससे पहले वो तीन फ़ेडरल चुनावों में वोट डाल चुके थे। उन्होंने इस फ़ैसले को चुनौती दी और अपना वोट देने का हक़ वापस पाने के लिए कई साल तक संघर्ष किया। आख़िरकार, 1925 में उनका नाम दोबारा वोटर लिस्ट में दर्ज किया गया। ये घटना उनकी ज़िंदगी का एक अहम पहलू सामने लाती है।

जिस शख़्स ने सालों की मेहनत से वहां अपना कारोबार और ज़मीन-जायदाद बनाई, उसे उसी देश में वोट देने जैसे बुनियादी जमहूरी हक़ के लिए लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी। उस दौर में दूसरे भारतीय प्रवासियों को भी ऐसी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। कई लोगों के लिए अपने परिवारों को ऑस्ट्रेलिया बुलाना भी आसान नहीं था।

घोड़ा-गाड़ी में छिपी थीं ज़िंदगी की यादें

सिवा सिंह (Siva Singh) का इंतक़ाल 1954 या 1955 में हुआ। ऐतिहासिक रिकॉर्ड में उनकी मौत के अलग-अलग साल दर्ज हैं। लेकिन उनकी ज़िंदगी से जुड़ी एक ख़ास चीज़ उनके जाने के बाद भी बची रही—उनकी घोड़ा-गाड़ी। उनके इंतक़ाल के बाद एक स्थानीय किसान ने इस गाड़ी को संभालकर रखा। कई दशक बाद जब रिसर्च करने वालों ने इसकी जांच की, तो उन्हें इसमें रोज़मर्रा के इस्तेमाल की कई चीज़ें और दस्तावेज़ मिले। इनमें ख़ाली डिब्बे, बच्चों के जूते और ज़मीन के टैक्स से जुड़े नोटिस भी शामिल थे।

ये कोई बड़ी ऐतिहासिक चीज़ें नहीं थीं, लेकिन इनसे एक प्रवासी की रोज़मर्रा की ज़िंदगी की झलक ज़रूर मिलती है। इन चीज़ों से अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि वो किस तरह सफ़र करते थे, कैसे अपनी ज़िंदगी गुज़ारते थे और विदेश की ज़मीन पर अपना घर बसाने के लिए कितनी मेहनत करते थे। इस घोड़ा-गाड़ी को महफ़ूज़ रखने और इसे लोगों के सामने प्रदर्शित करने के लिए एक स्थायी जगह देने की कोशिशें भी की गई हैं।

नवंबर 2019 में बेनाला में सिवा सिंह (Siva Singh) की याद में एक स्मारक भी बनाया गया। इसके ज़रिए शुरुआती सिख समुदाय के लिए उनके योगदान और वोट के हक़ के लिए किए गए उनके संघर्ष को सम्मान दिया गया। 2022 में बेनाला आर्ट गैलरी में लगी ‘Bush Diwan’ प्रदर्शनी में भी उनकी ज़िंदगी को जगह दी गई। इस प्रदर्शनी में कला के ज़रिए विदेश में बसने, अपनी पहचान बनाए रखने और ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले शुरुआती भारतीय प्रवासियों के तजुर्बों को पेश किया गया।

केना और जॉर्डन की नई किताब भी इस इतिहास को और विस्तार से सामने लाने की कोशिश है। ये उन लोगों के योगदान को सामने लाती है, जिन्होंने बड़ी तादाद में सिख प्रवासियों के आने और पक्के गुरुद्वारे बनने से बहुत पहले ही ऑस्ट्रेलिया में धार्मिक और सामुदायिक ज़िंदगी की बुनियाद रखने में मदद की थी। पंजाब के लिए सिवा सिंह (Siva Singh) की कहानी सिर्फ़ एक प्रवासी की कामयाबी की दास्तान नहीं है। ये उस पीढ़ी की याद भी है, जिसने अनजान मुल्कों में जाकर अपनी मेहनत से ज़िंदगी बनाई, अपने परिवारों की मदद की और मुश्किल हालात के बावजूद अपनी धार्मिक पहचान को क़ायम रखा।

रीफ हिल्स में बनी एक अस्थायी धार्मिक जगह, वहां जमा हुई संगत और अपने वोट के हक़ के लिए सालों तक लड़ने वाला एक पंजाबी प्रवासी—ये सभी बातें सिवा सिंह (Siva Singh) की ज़िंदगी को इतिहास का एक अहम हिस्सा बनाती हैं। एक सदी से ज़्यादा वक़्त गुज़र जाने के बाद भी उस दिन की तस्वीर आज एक ऐसे समुदाय की गवाही देती है, जो नई ज़मीन पर अपनी जगह बनाते हुए भी अपनी जड़ों से जुड़ा रहना चाहता था।

लेख: हरविंदर कौर

इस लेख को पंजाबी में पढ़ें

ये भी पढ़ें- Punjabi Folk Singer Gurmeet Bawa: इम्तियाज़ अली ने शूटिंग में क्यों बजाया उनका ‘जुगनी’ गाना?

आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

डॉ. नुसरत मेहदी: उर्दू अदब की पहचान और गंगा-जमुनी तहज़ीब की आवाज़ 

डॉ. नुसरत मेहदी उर्दू अदब की उन अहम शख़्सियतों...

Constitution Day 2026: हाथों से लिखे संविधान में छिपी हैं भारत की ये अनोखी झलकियां

जब भारतीय संविधान का ज़िक्र होता है, तो हमारे...

नातिक़ लखनवी: लखनऊ की अदबी दुनिया से उभरा शायरी का एक ख़ास नाम

नातिक़ लखनवी उर्दू अदब के उन शायरों में शामिल...

Bishnupur Music Festival: जहां इतिहास और संगीत की खुशबू बसी है

इमेजिन..एक ऐसी दुनिया जहां संगीत वक्त की सीमाओं को...

हीरा देवी: पहाड़ की पगडंडी से रेड कारपेट तक

पैंसठ पार की हीरा देवी (Heera Devi) विनोद कापड़ी...

Topics

डॉ. नुसरत मेहदी: उर्दू अदब की पहचान और गंगा-जमुनी तहज़ीब की आवाज़ 

डॉ. नुसरत मेहदी उर्दू अदब की उन अहम शख़्सियतों...

नातिक़ लखनवी: लखनऊ की अदबी दुनिया से उभरा शायरी का एक ख़ास नाम

नातिक़ लखनवी उर्दू अदब के उन शायरों में शामिल...

Bishnupur Music Festival: जहां इतिहास और संगीत की खुशबू बसी है

इमेजिन..एक ऐसी दुनिया जहां संगीत वक्त की सीमाओं को...

हीरा देवी: पहाड़ की पगडंडी से रेड कारपेट तक

पैंसठ पार की हीरा देवी (Heera Devi) विनोद कापड़ी...

Harike Wetland Festival: जहां परिंदों की चहचहाहट में गूंजता है पर्यावरण प्रेम

इमेजिन.. एक ऐसी जगह जहां ब्यास और सतलुज नदियों...

CodeYogi: Prashant Chaudhary की पहल से गांव के बच्चों के लिए खुल रहे टेक्नोलॉजी के दरवाज़े

क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से गांव और छोटे...

Related Articles

Popular Categories