क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से गांव और छोटे शहरों के बच्चे भी टेक्नोलॉजी की दुनिया में अपना करियर बना सकते हैं? क्या कोडिंग सीखने और सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने के लिए महंगे लैपटॉप और बड़े शहरों में रहने की ज़रूरत ख़त्म हो सकती है? इन सवालों के जवाब तलाशने की कोशिश की गई DNN24 के Diverse Dialogues के एक एपिसोड में। इसमें CodeYogi Foundation के फाउंडर प्रशांत चौधरी (Prashant Chaudhary) ने बताया कि कैसे स्मार्टफोन के ज़रिए बच्चों को AI और टेक्नोलॉजी की स्किल्स सिखाकर उनके लिए नए मौक़े तैयार किए जा सकते हैं।
प्रशांत की कहानी सिर्फ़ एक टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट की कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसे शख़्स का सफ़र है, जिसने ख़ुद छोटे गांव से निकलकर बड़े ख़्वाब देखे और अब दूसरे बच्चों के सपनों को भी उड़ान देने में जुटे हैं। उनका मानना है कि गांवों में टैलेंट की कमी नहीं है। कमी है तो सही मौके, गाइडेंस और ज़रूरी संसाधनों की।
एक टीचर ने बदली ज़िंदगी की दिशा
प्रशांत चौधरी (Prashant Chaudhary) का बचपन उत्तर प्रदेश के मेरठ के पास एक गांव में बीता। पढ़ाई के लिए उन्हें छोटी उम्र से ही परिवार से दूर रहना पड़ा। हिन्दी मीडियम से अचानक इंग्लिश मीडियम स्कूल में आने के बाद उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लेकिन पांचवीं क्लास में उनकी जिंदगी में साइंस टीचर मीता सिंह आईं। उन्होंने पढ़ाने का ऐसा तरीका अपनाया कि बच्चों को सवाल पूछने और जवाब देने में मजा आने लगा। सही जवाब देने वाले बच्चों को वो चॉकलेट भी देती थी। इससे प्रशांत की साइंस में दिलचस्पी बढ़ी और पढ़ाई को लेकर उनका नज़रिया बदलने लगा।

आगे चलकर उन्होंने आईआईटी दिल्ली में दाखिला लिया और साल 2010 में अपनी पढ़ाई पूरी की। वो अपने गांव से आईआईटी पहुंचने वाले पहले शख़्स बने। इस सफ़र में उन्होंने महसूस किया कि गांव के बच्चों में भी काबिलियत है, लेकिन उन्हें करियर और पढ़ाई की सही जानकारी आसानी से नहीं मिल पाती।
नौकरी से आगे बढ़कर बच्चों को सिखाने का फैसला
आईआईटी दिल्ली से पढ़ाई के बाद प्रशांत चौधरी (Prashant Chaudhary) ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम शुरू किया। उन्होंने स्टार्टअप में काम किया और अपनी सॉफ्टवेयर सर्विस कंपनी भी शुरू की। इस दौरान उन्होंने दोस्तों और रिश्तेदारों को कोडिंग सिखानी शुरू की। इनमें कई ऐसे युवा थे, जिनके पास इंजीनियरिंग की डिग्री नहीं थी। इसके बावजूद कोडिंग सीखकर उन्होंने टेक्नोलॉजी सेक्टर में काम करना शुरू कर दिया।
इस तजुर्बे ने प्रशांत चौधरी (Prashant Chaudhary) को समझाया कि टेक्नोलॉजी फील्ड में आगे बढ़ने के लिए सिर्फ़ बड़ी डिग्री ज़रूरी नहीं है। सही स्किल्स और उन पर काम करने का तजुर्बा भी अच्छे मौके दिला सकते हैं। साल 2012 में उन्होंने बच्चों को iPhone Application Development सिखाना शुरू किया। इसके बाद Angular और Chatbots जैसी नई टेक्नोलॉजी की ट्रेनिंग भी दी। साल 2020 में उन्होंने इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए CodeYogi की शुरुआत की। इसका मक़सद सरकारी स्कूलों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक के बच्चों तक टेक्नोलॉजी की तालीम पहुंचाना था।
सरकारी संस्थानों के बच्चों को मिली ट्रेनिंग
CodeYogi ने शुरुआत में उत्तराखंड के आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों के साथ एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया। प्रशांत चौधरी (Prashant Chaudhary) के मुताबिक, इस प्रोग्राम के लिए करीब 45 हज़ार बच्चों ने टेस्ट दिया, जिनमें से 1,000 बच्चों को चुना गया। ट्रेनिंग आसान नहीं थी। बच्चों को रोजाना करीब 8 घंटे और हफ्ते में पांच दिन पढ़ाई करनी होती थी। शुरुआत में करीब 900 बच्चों ने प्रोग्राम जॉइन किया, लेकिन लगभग 350 बच्चे ही पूरी ट्रेनिंग कर पाए।

ट्रेनिंग पूरी करने वाले कई बच्चों को सॉफ्टवेयर सेक्टर में नौकरी के मौके मिले। बच्चों को सिर्फ़ कोडिंग ही नहीं सिखाई गई, बल्कि GitHub और LinkedIn प्रोफ़ाइल बनाना, अपने प्रोजेक्ट्स दिखाना और Open Source Projects में योगदान देना भी बताया गया। इससे उन्हें अपनी स्किल्स कंपनियों तक पहुंचाने में मदद मिली।
जब लैपटॉप नहीं था, तब स्मार्टफोन बना सहारा
टेक्नोलॉजी सीखने की बात आती है तो अक्सर कंप्यूटर और लैपटॉप का ख्याल आता है। लेकिन गांवों के कई बच्चों के लिए लैपटॉप खरीदना आसान नहीं है। CodeYogi के सामने भी यही चुनौती थी। प्रशांत चौधरी (Prashant Chaudhary) बताते हैं कि उत्तराखंड के आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में बच्चों को कंप्यूटर लैब में कोडिंग की प्रैक्टिस करनी होती थी। लेकिन कई बार लैब बंद मिलती थी। कभी बिजली नहीं होती थी तो कभी टेक्नीशियन मौजूद नहीं होता था।
इसी दौरान कुछ लड़कियों ने स्मार्टफोन पर ही कोडिंग करना शुरू कर दिया। ये देखकर प्रशांत चौधरी (Prashant Chaudhary) को भी हैरानी हुई। उन्हें लगता था कि मोबाइल की छोटी स्क्रीन पर कोडिंग सीखना मुश्किल होगा, लेकिन बच्चों ने अपनी मेहनत से ये मुमकिन कर दिखाया। इसके बाद CodeYogi ने स्मार्टफोन के हिसाब से अपनी ट्रेनिंग तैयार की। मोबाइल पर कोडिंग सीखने के लिए Code Editor बनाया और ऐसा कंटेंट तैयार किया, जिसे बच्चे अपनी भाषा में आसानी से समझ सकें।

AI से गांव के बच्चों को मिलेगी नई गाइडेंस
प्रशांत चौधरी (Prashant Chaudhary) के मुताबिक, AI उन बच्चों के लिए बड़ा मददगार साबित हो सकता है, जिन्हें अपने आसपास करियर की सही गाइडेंस देने वाला कोई नहीं मिलता। शहरों में बच्चों को परिवार, दोस्तों और शिक्षकों से पढ़ाई, स्कॉलरशिप और नौकरी की जानकारी मिल जाती है। लेकिन गांवों में कई बच्चों को ये पता ही नहीं होता कि उनके सामने कौन-कौन से करियर ऑप्शन मौजूद हैं।
AI इस दूरी को कम कर सकता है। बच्चे AI से अपने करियर, स्कॉलरशिप और नौकरी से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं। वो अपना छोटा बिज़नेस शुरू करने के लिए सरकारी योजनाओं और ग्रांट की जानकारी भी हासिल कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए AI का सही इस्तेमाल करना सीखना ज़रूरी है। प्रशांत का मानना है कि बच्चों को Prompting यानी AI से सही सवाल पूछने की स्किल भी सिखानी होगी, ताकि उन्हें उपयोगी जवाब मिल सकें।
AI के दौर में बदलेंगी नौकरियों की ज़रूरतें
AI के आने से नौकरियों पर क्या असर पड़ेगा, ये आज कई युवाओं के मन में सवाल है। प्रशांत चौधरी (Prashant Chaudhary) मानते हैं कि आने वाले समय में काम करने के तरीके बदलेंगे। कई काम AI की मदद से आसान हो जाएंगे, लेकिन समस्याओं को समझने और उनका हल निकालने वाले लोगों की ज़रूरत बनी रहेगी। उनके मुताबिक, भविष्य में सिर्फ़ कोडिंग जानना काफी नहीं होगा। युवाओं को Business Analysis, Product Management और AI Tools का इस्तेमाल भी सीखना होगा। साथ ही AI पर पूरी तरह निर्भर होने के बजाय अपनी सोचने और समझने की सलाहियत को भी मज़बूत रखना होगा।
ग्रामीण विकास के लिए मिला सम्मान
गांवों के बच्चों तक टेक्नोलॉजी की तालीम पहुंचाने के इसी काम के लिए प्रशांत चौधरी (Prashant Chaudhary) को 5वें रोहिणी नैय्यर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार 40 साल या उससे कम उम्र के उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने ग्रामीण विकास में ख़ास योगदान दिया हो। उन्होंने CodeYogi के ज़रिए पिछले तीन सालों में 9 राज्यों के 120 ज़िलों में 3.5 लाख से ज़्यादा बच्चों तक पहुंच बनाई गई है। इनमें 48.6 फीसदी लड़कियां हैं और करीब 95 फीसदी बच्चे सिर्फ़ स्मार्टफोन के ज़रिए पढ़ाई कर रहे हैं। प्लेटफॉर्म पर बच्चे अपनी भाषा में AI और टेक्नोलॉजी सीख सकते हैं।

10 लाख बच्चों तक पहुंचने का सपना
प्रशांत चौधरी (Prashant Chaudhary) का अगला मक़सद मार्च 2027 तक 10 लाख बच्चों तक पहुंचना है। उनका मानना है कि गांव और छोटे शहरों के बच्चों को भी टेक्नोलॉजी फील्ड में आगे बढ़ने के बराबर मौके मिलने चाहिए। उनकी कहानी बताती है कि बड़े ख्वाब देखने के लिए बड़े शहर या महंगे गैजेट होना ज़रूरी नहीं है। सीखने का जज़्बा, सही गाइडेंस और स्मार्टफोन जैसे साधनों से भी नई शुरुआत की जा सकती है। AI के इस दौर में ज़रूरी है कि गांवों के बच्चे भी टेक्नोलॉजी में हो रहे बदलाव का हिस्सा बनें, क्योंकि काबिलियत किसी शहर या गांव की मोहताज नहीं होती।
ये भी पढ़ें- कौन हैं ‘English with Dehati Madam’ Yashoda Lodhi, जिनका वीडियो प्रियंका चोपड़ा ने किया शेयर?
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।



