मौलाना सैयद अबुल हसन नातिक़ गुलावठी उर्दू अदब के उन शायरों में शामिल थे, जिन्होंने अपनी शायरी से लोगों के दिलों में जगह बनाई। वह मशहूर शायर दाग़ देहलवी के शागिर्द थे। शायरी के अलावा उन्होंने समाज और सियासत में भी अहम किरदार निभाया। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा लेने के साथ-साथ उन्होंने सार्वजनिक जीवन में भी अपनी अलग पहचान बनाई।
नातिक़ गुलावठी की पैदाइश 11 नवंबर 1886 को महाराष्ट्र के कामटी में हुयी थी। हालांकि उनका ख़ानदान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गुलावठी का रहने वाला था। बताया जाता है कि 1857 की जंग-ए-आज़ादी के बाद उनका परिवार नागपुर ज़िले में आकर बस गया था। नातिक़ का बचपन गुलावठी में गुज़रा, जहां उन्होंने शुरुआती तालीम हासिल की। इसके बाद उन्होंने देवबंद के दारुल उलूम से तालीम हासिल की। वह हकीम भी थे और साहित्य के साथ-साथ चिकित्सा के क्षेत्र से भी जुड़े रहे।
शायरी की दुनिया में नातिक़ को दाग़ देहलवी की शागिर्दी हासिल हुई। दाग़ की शायरी का असर उनके कलाम में भी दिखाई देता है। उनके अशआर में मोहब्बत, जिंदगी, इंसानी फितरत, वक़्त और खुद्दारी जैसे विषय मिलते हैं। उनकी भाषा आसान और अंदाज़ दिल को छूने वाला था। वह कम लफ़्ज़ों में गहरी बात कहने का हुनर रखते थे।
तुम ऐसे अच्छे कि अच्छे नहीं किसी के साथ
मैं वो बुरा कि किसी का बुरा नहीं करता
इस शेर में शायर ने अपने किरदार और इंसानी व्यवहार को बेहद दिलचस्प अंदाज़ में बयान किया है। वहीं उनका एक और शेर ज़िंदगी और इंसान की तलाश को कुछ इस तरह सामने रखता है।
क्या इरादे हैं वहशत-ए-दिल के
किस से मिलना है ख़ाक में मिल के
नातिक़ गुलावठी की शायरी में वक़्त की बेवफाई और ज़िंदगी के बदलते हालात का ज़िक्र भी मिलता है।
किस को मेहरबां कहिए कौन मेहरबां अपना
वक़्त की ये बातें हैं वक़्त अब कहां अपना
उनकी शायरी सिर्फ़ मोहब्बत और जुदाई तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें इंसान के अनुभवों और समाज को देखने का एक अलग नज़रिया भी मिलता है।
उसी की देन है ग़म में गिला नहीं करता
क़ुबूल हो कि न हो अब दुआ नहीं करता
मौलाना सैयद अबुल हसन नातिक़ गुलावठी का इंतकाल 27 मई 1969 को हुआ। उन्हें नागपुर के मोमिनपुरा कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। नातिक़ गुलावठी की शख़्सियत इस बात की मिसाल है कि एक इंसान अदब, इल्म, समाज और सियासत के मैदान में एक साथ अपनी भूमिका निभा सकता है। उनकी शायरी आज भी ज़िंदगी के तजुर्बों और इंसानी जज़्बात को समझने का मौक़ा देती है।
ये भी पढ़ें: ज़फ़र इक़बाल: उर्दू ग़ज़ल को नए ख़्याल और अंदाज़ से सजाने वाले शायर
आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।



