उर्दू अदब और सूफ़ियाना रिवायत की फ़िज़ा में बेदम शाह वारसी का नाम एक ख़ास एहतिराम और मोहब्बत के साथ लिया जाता है। बेदम शाह वारसी ऐसी ही एक अज़ीम शख़्सियत थे, जिनकी शायरी में इश्क़, फ़ना और रूहानियत का गहरा रंग मिलता है।
बेदम शाह वारसी का असली नाम गुलाम हुसैन था। उनके पीर-ओ-मुर्शिद वारिस अली शाह ने ही उन्हें “बेदम शाह वारसी” का नाम दिया। उनकी पैदाइश 1876 में हुई और उनका ताल्लुक़ इटावा से था। उनके वालिद का नाम सैयद अनवर था। शुरुआती तालीम भी उन्होंने इटावा में ही हासिल की।
बचपन से ही उन्हें शायरी का शौक़ था। वे दूसरों की ग़ज़लें सुनकर उन्हें गुनगुनाया करते थे। यही शौक़ धीरे-धीरे उनके अंदर एक ख़्वाहिश बन गया। खुद शायर बनने की ख़्वाहिश। इसी जुनून के साथ वे आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने मशहूर शायर Nisar Akbarabadi से इस्लाह (मार्गदर्शन) लिया। यहीं से उनकी शायरी ने एक नया रंग और रफ़्तार पकड़ी।
बेदम शाह वारसी की शायरी की सबसे बड़ी ख़ासियत उनका सूफ़ियाना मिज़ाज था। उनकी ग़ज़लों में सिर्फ़ इश्क़-ए-मजाज़ी (मानवीय प्रेम) ही नहीं, बल्कि इश्क़-ए-हक़ीकी (ईश्वरीय प्रेम) की भी गहरी झलक मिलती है। यही वजह है कि उन्हें “सिराज अल-शुअरा” यानी शायरों का चिराग कहा जाने लगा।
उनकी शायरी क़व्वालों और ग़ज़ल गाने वालों के बीच बेहद मक़बूल रही। आज भी कई मशहूर क़व्वाल उनके कलाम को अपनी महफ़िलों में गाते हैं। एक ख़ास बात यह थी कि बेदम साहब अपनी ग़ज़ल या मनक़बत किसी को सुनाने से पहले अपने पीर के आस्ताने पर पेश करते थे। यह उनकी अक़ीदत और मोहब्बत का सबूत था।
उनकी ज़िंदगी का आख़िरी दौर लखनऊ में गुज़रा, जहां 1936 में हुसैनगंज में उनका इंतकाल हुआ। उनका आख़िरी दीवान “मुसहफ़-ए-बेदम” के नाम से मशहूर है, जिसे उनका कुल्लियात भी कहा जाता है। इसके अलावा उन्होंने अपने पीर वारिस अली शाह की ज़िंदगी पर “फूलों की चादर” नाम से एक अहम रचना भी लिखी।
बेदम शाह वारसी की शायरी की एक और खूबसूरती यह है कि उसमें सिर्फ़ सूफ़ियाना कलाम ही नहीं, बल्कि भजन, ठुमरी, दादरा और पूरबी ज़बान के गीत भी शामिल हैं। यानी उनकी शायरी में हिंदुस्तानी तहज़ीब की गंगा-जमुनी रवायत साफ़ झलकती है।
उनके अशआर आज भी लोगों के दिलों को छू जाते हैं।
“मुझे शिकवा नहीं बर्बाद रख, बर्बाद रहने दे,
मगर अल्लाह मेरे दिल में अपनी याद रहने दे।”
इस शेर में एक बंदे की अपने रब से बेपनाह मोहब्बत और तस्लीम (समर्पण) नज़र आता है।
“तुम जो चाहो तो मिरे दर्द का दरमां हो जाए,
वर्ना मुश्किल है कि मुश्किल मिरी आसां हो जाए।”
इसमें इश्क़ की वो कशिश है, जो इंसान को बेबस भी बनाती है और मुकम्मल भी।
बेदम शाह वारसी की शायरी सिर्फ़ अल्फ़ाज़ का खेल नहीं, बल्कि एक रूहानी सफ़र है। उनकी नज़्मों और ग़ज़लों में जो दर्द, मोहब्बत और ख़ुदा की तलाश है, वह हर दौर के इंसान को अपने करीब महसूस होती है।
अब आदमी कुछ और हमारी नज़र में है
जब से सुना है यार लिबास-ए-बशर में है
आज भी जब उनके कलाम को सुना जाता है, तो ऐसा लगता है जैसे कोई पुराना सूफ़ी दरवेश अपनी सादगी और सच्चाई के साथ दिलों को रोशन कर रहा हो। यही उनकी असली विरासत है एक ऐसा एहसास, जो वक़्त के साथ भी फीका नहीं पड़ता।
ये भी पढ़ें: इक़बाल अशहर: “उर्दू है मिरा नाम…” से पहचान बनाने वाले शायर की अदबी दास्तान
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते है।



