Monday, September 28, 2026
26.1 C
Delhi

मिर्ज़ा मज़हर जान-ए-जानां: सूफ़ियाना रूह, शायरी का नूर और इत्तेहाद का पैग़ाम

उर्दू और फ़ारसी अदब की तारीख़ में कुछ नाम ऐसे होते हैं, जो सिर्फ़ शायर नहीं होते, बल्कि एक पूरी तहज़ीब, एक रूहानी सिलसिला और एक फ़िक्र का नाम बन जाते हैं। मिर्ज़ा मज़हर जान-ए-जानां भी उन्हीं बुलंद शख़्सियतों में से एक हैं। उनका असल नाम शम्सुद्दीन हबीबुल्लाह था, लेकिन दुनिया उन्हें उनके लक़ब “जान-ए-जानां” के नाम से ही याद करती है।

पैदाइश और शुरुआती ज़िंदगी

मिर्ज़ा मज़हर की पैदाइश को लेकर तारीख़ में थोड़ा इख़्तिलाफ़ मिलता है। कुछ रिवायतों के मुताबिक़ उनकी पैदाइश आगरा में हुई, तो कुछ उन्हें मालवा के काला बाग़ से जोड़ती हैं। उनका ख़ानदान एक शरीफ़ और इल्मी घराना था, जो मुग़ल हुकूमत से जुड़ा हुआ था। उनके वालिद मिर्ज़ा जान, बादशाह औरंगज़ेब की फ़ौज में एक अहम ओहदे पर फ़ायज़ थे।

कहा जाता है कि औरंगज़ेब ने ही उनका नाम “जान-ए-जानां” रखा था। यह नाम अपने आप में उनके मुस्तकबिल की पहचान बन गया। एक ऐसी शख़्सियत जो लोगों के दिलों में बस जाए।

तालीम और रूहानी सफ़र

मिर्ज़ा मज़हर ने अपनी शुरुआती तालीम दिल्ली और आगरा में हासिल की। उन्होंने क़ुरान, हदीस और इस्लामी उलूम की गहरी तालीम ली। उनके उस्तादों में हाजी अफ़ज़ल सियालकोटी और हाफ़िज़ अब्दुल रसूल जैसे बड़े आलिम शामिल थे।

लेकिन उनकी असली पहचान बनी उनके सूफ़ियाना सफ़र से। 18 साल की उम्र में उन्होंने नक्शबंदी सिलसिले में दाख़िला लिया और नूर मुहम्मद बदायूनी से रूहानी तालीम हासिल की। सिर्फ़ 4 साल में उन्होंने इस रास्ते में ऐसी बुलंदी हासिल कर ली कि खुद एक बड़े सूफ़ी के तौर पर पहचाने जाने लगे।

बाद में उन्हें क़ादिरी, चिश्ती और सुहरावर्दी सिलसिलों से भी इजाज़त मिली। यानी उनकी रूहानी शख़्सियत हर सूफ़ियाना रंग से सराबोर थी।

रूहानी मक़ाम और असर

मिर्ज़ा मज़हर जान-ए-जानां सिर्फ़ एक सूफ़ी नहीं थे, बल्कि एक ऐसे रहनुमा थे जिनके पास हर तबक़े के लोग आते थे आम लोग, उमरा, और यहां तक कि बादशाहत से जुड़े लोग भी। उनके मुरीदीन (शागिर्द) की तादाद बहुत ज़्यादा थी। लोग उनकी रूहानी ताक़त, इल्म और शख़्सियत से इतने मुतास्सिर थे कि उन्हें बेइंतिहा इज़्ज़त देते थे। और उनके हमअस्र बड़े इस्लामी आलिम शाह वलीउल्लाह भी उन्हें बहुत क़द्र की निगाह से देखते थे। यह उनके इल्म और दीन की समझ का सबसे बड़ा सबूत है।

मिर्ज़ा मज़हर की शायरी में गहराई

मिर्ज़ा मज़हर जान-ए-जानां को फ़ारसी और उर्दू दोनों ज़बानों में महारत हासिल थी। हालांकि उन्होंने ज़्यादातर शायरी फ़ारसी में की, लेकिन उर्दू में भी उनका कलाम बहुत असरदार है। उनकी शायरी की सबसे बड़ी ख़ूबी है सादगी और सच्चाई। उन्होंने शायरी को बनावटी अल्फ़ाज़ या पेचीदा तश्बीहों में नहीं उलझाया, बल्कि दिल की बात को सीधे दिल तक पहुंचाया।

ये हसरत रह गई क्या क्या मज़े से ज़िंदगी करते
अगर होता चमन अपना, गुल अपना, बाग़बां अपना

इस शेर में इंसानी ख़्वाहिशों और अधूरी तमन्नाओं की एक गहरी झलक मिलती है।

रुस्वा अगर न करना था आलम में यूं मुझे
ऐसी निगाह-ए-नाज़ से देखा था क्यूं मुझे

यहां मोहब्बत की नज़ाकत और दर्द दोनों एक साथ महसूस होते हैं।

उर्दू अदब में योगदान

मिर्ज़ा मज़हर उन चार अहम शायरों में गिने जाते हैं, जिन्होंने उर्दू शायरी की बुनियाद को मज़बूत किया। उन्होंने फ़ारसी की नफ़ासत और लुत्फ़ को उर्दू में ढालकर इसे और भी मालामाल बनाया। उन्होंने यह भी समझा कि वक़्त बदल रहा है और उर्दू आने वाले दौर की ज़बान बनने वाली है। इसलिए उन्होंने उर्दू को एक अदबी ज़बान के तौर पर आगे बढ़ाने में अहम किरदार निभाया। उनकी मशहूर किताबों में शामिल हैं:

  • दीवान-ए-मज़हर (फ़ारसी)
  • ख़ुतूत (ख़तों के मजमुए)
  • ख़ैरात-ए-जवाहर (इंतेख़ाब-ए-शायरी)

फ़िक्र और पैग़ाम

मिर्ज़ा मज़हर की शख़्सियत का सबसे अहम पहलू था उनका इत्तेहाद (एकता) का पैग़ाम। उन्होंने हमेशा इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे की बात की। वो मज़हबी तंगनज़री के खिलाफ़ थे और हर इंसान को मोहब्बत और इज़्ज़त देने में यक़ीन रखते थे। यही वजह है कि उनके मुरीदीन हर मज़हब और तबक़े से थे।

इतनी बड़ी शख़्सियत का अंजाम बहुत दर्दनाक रहा। कहा जाता है कि मज़हबी इख़्तिलाफ़ात और अपने अक़ाइद के खुले इज़हार की वजह से उन्हें एक शिद्दत-पसंद शख़्स ने गोली मार दी। 7 मुहर्रम को उन पर हमला हुआ और कुछ दिनों बाद 10 मुहर्रम को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। यह वाक़िया उस दौर की तंगनज़री और नफ़रत की एक मिसाल भी है।

मिर्ज़ा मज़हर जान-ए-जानां की रूहानी विरासत आज भी ज़िंदा है। उनके मुरीदीन और उनके सिलसिले ने हिंदुस्तान ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया में सूफ़ियाना तालीम को फैलाया। मिर्ज़ा मज़हर जान-ए-जानां की ज़िंदगी हमें यह सिखाती है कि असली कामयाबी सिर्फ़ नाम या शोहरत में नहीं, बल्कि इंसानियत, मोहब्बत और सच्चाई में है।

ये भी पढ़ें: इक़बाल अशहर: “उर्दू है मिरा नाम…” से पहचान बनाने वाले शायर की अदबी दास्तान

आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

संबलपुरी बांधा: ओडिशा की वो विरासत जो धागों में क़ैद है

ओडिशा का संबलपुरी बांधा (इकत) केवल एक साड़ी नहीं,...

सरवत हुसैन: दर्द को लफ़्ज़ों में पिरोने वाला शायर

उर्दू शायरी की दुनिया में कुछ नाम ऐसे हैं...

अब्र अहसानी गुन्नौरी: एक शायर जिसकी ज़िंदगी भी नज़्म जैसी और मौत भी एक राज़

उर्दू अदब की तारीख़ में कुछ शख़्सियतें ऐसी होती...

चराग़ हसन हसरत: एक अदीब, एक सहाफ़ी की दास्तान

चराग़ हसन हसरत की पैदाइश सन् 1904 में पुंछ...

Phillora की गोलाबारी से अस्पताल तक: 1965 की जंग ने लेफ्टिनेंट कर्नल A.P.S. Ahluwalia की ज़िंदगी बदल दी

1965 की भारत-पाकिस्तान जंग को अक्सर फौजी कार्रवाई, सरहद...

Topics

संबलपुरी बांधा: ओडिशा की वो विरासत जो धागों में क़ैद है

ओडिशा का संबलपुरी बांधा (इकत) केवल एक साड़ी नहीं,...

सरवत हुसैन: दर्द को लफ़्ज़ों में पिरोने वाला शायर

उर्दू शायरी की दुनिया में कुछ नाम ऐसे हैं...

चराग़ हसन हसरत: एक अदीब, एक सहाफ़ी की दास्तान

चराग़ हसन हसरत की पैदाइश सन् 1904 में पुंछ...

आसल उत्ताड़ की जंग और परमवीर चक्र विजेता Abdul Hamid की लासानी शहादत

भारत के फौजी इतिहास में 1965 की भारत-पाकिस्तान जंग...

आग़ा हश्र काश्मीरी – उर्दू के शेक्सपियर की दास्तान

आग़ा हश्र काश्मीरी को यूं ही "उर्दू का शेक्सपियर"...

Related Articles

Popular Categories