Friday, November 13, 2026
31 C
Delhi

काली दीवार को बनाया ब्लैकबोर्ड, खेतों में सिखाई English, कैसे बनीं Yashoda Ladhi ‘Dehati Madam’

साड़ी, माथे पर बिंदी और खेतों में काम करते हुए फ़र्राटेदार अंग्रेज़ी बोलने का अंदाज़। सोशल मीडिया पर यशोदा लोधी (Yashoda Ladhi) की ऐसी वीडियो अक्सर देखने को मिल जाती हैं। कभी वो खेतों में काम करते हुए अंग्रेज़ी के नए शब्द सिखाती हैं, तो कभी रसोई में रोटियां बनाते हुए अंग्रेज़ी बोलने का तरीका बताती हैं। उनका ये देसी अंदाज़ लोगों को खूब पसंद आता है। आज उन्हें ‘English with Dehati Madam’ के नाम से जाना जाता है और सोशल मीडिया पर लाखों लोग उन्हें फॉलो करते हैं।

लेकिन यशोदा लोधी (Yashoda Ladhi) की ये पहचान एक दिन में नहीं बनी। कभी उनके पास वीडियो बनाने के लिए स्मार्टफोन तक नहीं था। परिवार की ज़िम्मेदारियों और मुश्किल हालात के बीच उन्होंने यूट्यूब पर अपना सफ़र शुरू किया। शुरुआत में उन्हें परिवार के कुछ लोगों की नाराज़गी भी झेलनी पड़ी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

मुश्किल हालात ने दिखाई नई राह

यशोदा लोधी (Yashoda Ladhi) की ज़िंदगी भी गांव की दूसरी महिलाओं की तरह चल रही थी। 12वीं की पढ़ाई के बाद परिवार और घर की ज़िम्मेदारियां उनकी ज़िंदगी का हिस्सा थी। लेकिन 28 दिसंबर 2019 को उनके पति का एक्सीडेंट हो गया। इस हादसे के बाद परिवार पर मुश्किलों का दौर शुरू हो गया। ननद की शादी के लिए कर्ज लेना पड़ा और कुछ समय बाद खेत में खड़ी गेहूं की फसल में किसी ने आग लगा दी।

Image Source: Instagram

यशोदा ने अपने पति को इन हालात में परेशान होते देखा। उन्हें लगता था कि अगर वो अपने पैरों पर खड़े हो पाते, तो परिवार की मुश्किलें कुछ कम हो सकती थी। पति की परेशानी देखकर यशोदा ने भी सोचा कि उन्हें कुछ ऐसा करना चाहिए, जिससे वो परिवार की मदद कर सकें और अपनी अलग पहचान बना सकें। उस वक़्त उनके पास स्मार्टफोन तक नहीं था। साल 2021 में दिवाली के मौके पर उनके पति घर के लिए पहला स्मार्टफोन लेकर आए। यशोदा ने उस फोन पर मोटिवेशनल वीडियो देखना शुरू किया। फिर उन्हें ये समझ आया कि महिलाएं घर बैठे भी कुछ नया कर सकती हैं और यूट्यूब के ज़रिए कमाई भी कर सकती हैं।

काली दीवार को बनाया ब्लैकबोर्ड

वीडियो बनाने का ख्याल तो यशोदा लोधी (Yashoda Ladhi) के मन में आ गया था, लेकिन शुरुआत कैसे करें, ये समझ नहीं आ रहा था। कई दिनों तक सोचने के बाद एक दिन उन्होंने तय किया कि अब वीडियो बनाकर ही रहेंगी। उन्होंने अपने पति से काला पेंट मंगवाया और घर की एक दीवार को ही ब्लैकबोर्ड बना दिया। रात करीब 11:30 बजे उन्होंने अपनी पहली वीडियो रिकॉर्ड की। इस वीडियो का विषय था- ‘How to Introduce Ourselves’, यानी अपना परिचय कैसे दें। इसी वीडियो के साथ ‘English with Dehati Madam’ का सफ़र शुरू हुआ।

यशोदा बताती हैं कि शुरुआत में उन्हें किसी बड़े रिस्पॉन्स की उम्मीद नहीं थी। इससे पहले वो कई यूट्यूब चैनल बना चुकी थी, लेकिन उन पर ख़ास कामयाबी नहीं मिली। उनका बस इतना सपना था कि दो साल के अंदर चैनल मोनेटाइज़ हो जाए। लेकिन इस बार कहानी कुछ अलग थी। 8 से 10 वीडियो डालने के बाद लोगों को उनका तरीका पसंद आने लगा। उनकी वीडियो से लोगों को अंग्रेज़ी सीखने में मदद मिलने लगी। धीरे-धीरे चैनल पर रिस्पॉन्स बढ़ा और करीब डेढ़ महीने में ही उनके 1,000 सब्सक्राइबर पूरे हो गए। 26 दिसंबर 2022 को शुरू हुआ ये चैनल एक महीने के अंदर मोनेटाइज़ भी हो गया।

Image Source: Instagram

‘Dehati Madam’ नाम से क्यों बनाई पहचान?

यशोदा लोधी (Yashoda Ladhi) के चैनल का नाम भी उनकी सोच को दिखाता है। वो कहती हैं कि ‘English with Dehati Madam’ नाम रखने के पीछे कोई ख़ास कहानी नहीं थी। वो खुद को वैसा ही दिखाना चाहती थी, जैसी असल ज़िंदगी में हैं। उनका मानना था कि जब वो देहात से आती हैं, तो अपनी इस पहचान को छिपाने की ज़रूरत ही क्या है। वो सिर्फ़ अपने नाम यानी यशोदा को नहीं, बल्कि अपने गांव और देहात की पहचान को भी लोगों तक पहुंचाना चाहती थी। उनके लिए ये नाम उनकी जड़ों से जुड़े रहने का एक तरीका है। घर के काम और खेत बने कॉन्टेंट क्रिएशन का हिस्सा

यशोदा की वीडियो की सबसे ख़ास बात उनका देसी अंदाज़ है। वो अंग्रेज़ी सिखाने के लिए किसी बड़े स्टूडियो या ख़ास सेटअप का इंतज़ार नहीं करती। घर में खाना बनाना हो, रोटियां बेलनी हों, सफ़ाई करनी हो या खेत में काम करना हो, वो रोज़मर्रा के इन्हीं कामों के बीच वीडियो बना लेती हैं। उनका मानना है कि काम शुरू करने के लिए खाली समय का इंतज़ार नहीं करना चाहिए। जो मौका मिले, उसी में अपनी कोशिश जारी रखनी चाहिए। शायद यही वजह है कि उनकी वीडियो लोगों को अपनी ज़िंदगी से जुड़ी हुई लगती हैं।

Image Source: Instagram

परिवार और समाज के विरोध के बावजूद नहीं मानी हार

यशोदा लोधी (Yashoda Ladhi) के लिए वीडियो बनाने का फैसला आसान नहीं था। शुरुआत में परिवार के कुछ लोगों को उनका ये काम पसंद नहीं आया। उन्हें लगता था कि वीडियो बनाने में समय बर्बाद हो रहा है और यशोदा को घर के काम पर ध्यान देना चाहिए। गांव में अक्सर खेतों में काम करने को ही मेहनत माना जाता है, जबकि कमरे में बैठकर मोबाइल पर काम करने को लोग काम नहीं समझते। लेकिन यशोदा ने दूसरों की बातों से ज़्यादा अपने लक्ष्य पर ध्यान दिया। उनका मानना है कि अगर वो लोगों की बातों में उलझ जाती, तो शायद आज इस मुकाम तक नहीं पहुंच पातीं।

प्रियंका चोपड़ा ने भी शेयर की वीडियो

यशोदा के सफ़र में एक यादगार पल तब आया, जब प्रियंका चोपड़ा ने उनकी वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की। यशोदा बताती हैं कि एक दिन वो खेत में मूली की निराई करने गई थी। वहां से लौटते वक्त उन्होंने सोचा कि एक वीडियो भी बना लेती हूं। अगले दिन उनके स्टूडेंट्स ने उन्हें बताया कि प्रियंका चोपड़ा ने उनकी वीडियो शेयर की है। ये उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।

आज अपने काम की वजह से यशोदा को हवाई जहाज में सफ़र करने और 5 स्टार होटल में रुकने का मौका भी मिला है। वो कहती हैं कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर उन्हें इतना प्यार मिलेगा। उनके लिए वीडियो बनाना और महिलाओं को अंग्रेज़ी सिखाना अब किसी मेडिटेशन से कम नहीं है।

Image Source: Instagram

महिलाओं को दिया आत्मनिर्भर बनने का संदेश

यशोदा लोधी (Yashoda Ladhi) चाहती हैं कि महिलाएं अपनी पढ़ाई के साथ-साथ किसी स्किल को सीखने पर भी ध्यान दें। उनके मुताबिक, अगर किसी महिला की पढ़ाई पूरी नहीं हो पाई है, तब भी उसके अंदर कई खूबियां हो सकती हैं। ज़रूरत है तो बस अपनी पसंद पहचानने और उस पर मेहनत करने की। यशोदा लोधी (Yashoda Ladhi) महिलाओं से कहती हैं कि हर काम के लिए परिवार या किसी दूसरे के सपोर्ट का इंतज़ार न करें। खुद पर भरोसा रखें और अपने सपनों के लिए कोशिश करती रहें।

यशोदा लोधी (Yashoda Ladhi) ऑनलाइन क्लास के ज़रिए भी महिलाओं को अंग्रेज़ी सिखाती हैं। उनकी क्लासेस गूगल मीट पर होती हैं और फीस भी कम है। इन क्लासेस में सिर्फ़ ग्रामर पर नहीं, बल्कि बोलने के कॉन्फिडेंस पर भी ध्यान दिया जाता है। उनके लिए स्टूडेंट्स की कामयाबी भी किसी बड़े सम्मान से कम नहीं है। जब उनकी स्टूडेंट्स अंग्रेज़ी सीखकर जॉब पाने लगती हैं, वीडियो बनाती हैं और आत्मनिर्भर होती हैं, तो यशोदा को खुशी मिलती है। वो इसे अपनी जीत मानती हैं।

अंग्रेज़ी सीखने के लिए Listening पर देती हैं ज़ोर

अंग्रेज़ी सीखने के तरीके पर बात करते हुए यशोदा सुनने को सबसे ज़रूरी मानती हैं। उनका कहना है कि अंग्रेज़ी बोलना सीखने के लिए ऐसे यूट्यूब चैनल्स और वीडियो देखें, जिनमें आपकी दिलचस्पी हो। जितना ज़्यादा आप अंग्रेज़ी सुनेंगे, उतना ही धीरे-धीरे उसे समझना और बोलना आसान होगा। किताबें पढ़ना भी उन्हें पसंद है। उनकी पसंदीदा किताबों में The Art of Being Alone, The Alchemist, The Power of Your Subconscious Mind और The Monk Who Sold His Ferrari शामिल हैं।

यशोदा लोधी (Yashoda Ladhi) की कहानी बताती है कि किसी नई शुरुआत के लिए बड़े शहर, महंगे उपकरण या ख़ास सुविधाओं का होना ज़रूरी नहीं है। कभी-कभी घर की एक काली दीवार, एक स्मार्टफोन और खुद पर भरोसा ही काफी होता है। खेतों और घर के कामों के बीच अंग्रेज़ी सिखाने वाली यशोदा आज उन महिलाओं के लिए मिसाल हैं, जो अपनी पहचान बनाना चाहती हैं, लेकिन शुरुआत करने से हिचकती हैं।

ये भी पढ़ें- कौन हैं ‘English with Dehati Madam’ Yashoda Lodhi, जिनका वीडियो प्रियंका चोपड़ा ने किया शेयर?

आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

ज़ेहरा निगाह: उर्दू शायरी में अपनी अलग पहचान बनाने वाली ख़ास आवाज़  

उर्दू अदब की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने...

ढलापत्थर पर्दा और फ़ैब्रिक: ओडिशा की वो विरासत जो हर घर को जन्नत बना देती है!

ढलापत्थर पर्दा और फ़ैब्रिक: क्या आप जानते हैं कि...

रहमान फ़ारिस: मोहब्बत और ज़िंदगी के एहसास को शायरी में पिरोने वाले शायर

उर्दू शायरी की दुनिया में कुछ शायरों के अल्फ़ाज़...

Topics

रहमान फ़ारिस: मोहब्बत और ज़िंदगी के एहसास को शायरी में पिरोने वाले शायर

उर्दू शायरी की दुनिया में कुछ शायरों के अल्फ़ाज़...

अमीर क़ज़लबाश: शायरी में समाज का आईना दिखाने वाले शायर

“उसी का शहर वही मुद्दई वही मुंसिफ़हमें यक़ीं था...

Related Articles

Popular Categories