लद्दाख की बात हो और सिर्फ़ बर्फ़ से ढके पहाड़ों का ज़िक्र हो, तो कारगिल की सुरू घाटी की कहानी अधूरी रह जाती है। कारगिल के दिल में बसी सुरू घाटी गर्मियों में लद्दाख की बिल्कुल अलग तस्वीर पेश करती है। हरे-भरे खेत, बहती नदियां, छोटे-छोटे गांव, खुला आसमान और दूर तक फैली बर्फीली चोटियां इस वादी को बेहद दिलकश बनाती हैं।
इसी ख़ूबसूरत वादी की कुदरत, तहज़ीब, खान-पान और रोमांच को लोगों के सामने लाने वाला आयोजन है Suru Summer Festival (सुरू समर फेस्टिवल)। ये सिर्फ़ एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुरू घाटी को करीब से जानने और समझने का मौका है। यहां की प्राकृतिक ख़ूबसूरती से लेकर स्थानीय लोगों की ज़िंदगी, उनके हुनर, संगीत, खाना और परंपराएं, सब इस फेस्टिवल का हिस्सा बनते हैं।
सुरू की गर्मियों का अपना रंग
लद्दाख के कई हिस्से गर्मियों में सूखे और बंजर नज़र आते हैं, लेकिन सुरू घाटी का नज़ारा अलग है। गर्मियों में यहां खेत हरे हो जाते हैं और घाटी के बीच से बहती नदियां इसकी ख़ूबसूरती को और बढ़ा देती हैं। एक तरफ़ हरे खेत और गांव हैं, तो दूसरी तरफ़ ऊंचे पहाड़ और बर्फ़ से ढकी चोटियां। इसी ख़ूबसूरत माहौल में Suru Summer Festival (सुरू समर फेस्टिवल) घाटी की गर्मियों को एक ख़ास रंग देता है। फेस्टिवल के दौरान लोग सिर्फ़ नज़ारे देखने नहीं आते, बल्कि क्षेत्र की ज़िंदगी, संस्कृति और यहां के हुनर से भी रूबरू होते हैं।

2026 में दिखा कुदरत और रोमांच का मेल
2026 में हुए Suru Summer Festival (सुरू समर फेस्टिवल) में घाटी की ख़ूबसूरती और रोमांच दोनों की झलक देखने को मिली। फेस्टिवल के दौरान साइकिल रैली, पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग और रॉक क्लाइंबिंग जैसी एक्टिविटी कराई गई। लद्दाख यूनिवर्सिटी कैंपस से अशिना तक साइकिल रैली हुई। वहीं त्सुंचे डोक्स और नामसुरु थांग में पैराग्लाइडिंग और कोचिक ब्रिज से दमसना तक रिवर राफ्टिंग कराई गई। करपो खार किले के पास रॉक क्लाइंबिंग भी हुई। इसके साथ स्थानीय संगीत, खान-पान, संस्कृति और हैंडीक्राफ्ट को भी फेस्टिवल में जगह मिली।
जब पहाड़ बनते हैं एडवेंचर का मैदान
सुरू घाटी की ख़ूबसूरती के साथ यहां रोमांच की भी कमी नहीं है। ऊंचे पहाड़, खुली वादियां और बहती नदियां इसे एडवेंचर टूरिज्म के लिए शानदार जगह बनाते हैं। साइकिलिंग, पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग, रॉक क्लाइंबिंग, ट्रेकिंग और माउंटेनियरिंग जैसी एक्टिविटी यहां आने वाले मुसाफ़िरों को अलग एक्सपीरियंस देती हैं। साइकिल पर घाटी की सड़कों को पार करना, नदी में राफ्टिंग करना या आसमान से पूरी सुरू वादी को देखना किसी भी सफ़र को यादगार बना सकता है। बेहतर सुविधाओं और सुरक्षा के साथ एडवेंचर टूरिज्म को आगे बढ़ाया जाए, तो सुरू एडवेंचर लवर्स के लिए एक ख़ास मुकाम बन सकता है।

संस्कृति भी है सुरू की पहचान
सुरू की पहचान सिर्फ़ उसके पहाड़ों से नहीं है। यहां रहने वाले लोगों की अपनी समृद्ध तहज़ीब और परंपराएं हैं। यहां का खाना, हैंडीक्राफ़्ट, संगीत, डांस, रीति-रिवाज़ और गांवों की ज़िंदगी सुरू की पहचान का अहम हिस्सा हैं। Suru Summer Festival (सुरू समर फेस्टिवल) में स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों, पारंपरिक संगीत, खान-पान और हैंडीक्राफ्ट को ख़ास जगह दी जाती है। इससे टूरिस्ट को सिर्फ़ घाटी देखने का नहीं, बल्कि यहां के लोगों और उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी को समझने का मौका मिलता है।
टूरिस्ट से स्थानीय लोगों को फ़ायदा
Suru Summer Festival (सुरू समर फेस्टिवल) का एक अहम मकसद स्थानीय टूरिज़्म को बढ़ावा देना भी है। पर्यटन बढ़ने का फ़ायदा सिर्फ़ बड़े होटल कारोबार तक सीमित नहीं रहना चाहिए। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय टैक्सी ड्राइवर, होमस्टे मालिक, छोटे होटल और गेस्ट हाउस चलाने वाले लोग, गाइड, कारीगर, किसान और स्थानीय कारोबारी अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं।
ख़ास तौर पर युवाओं के लिए एडवेंचर टूरिज्म रोज़गार के नए रास्ते खोल सकता है। वो गाइड, प्रशिक्षक, Tour Operator और दूसरी टूरिज्म सर्विस से जुड़ सकते हैं। वहीं स्थानीय महिलाएं अपने हाथों से तैयार, हैंडीक्राफ़्ट, स्थानीय खाना और दूसरे उत्पाद पर्यटकों तक पहुंचाकर अपने हुनर को कमाई में बदल सकती हैं।
कुदरत की हिफाज़त भी ज़रूरी
सुरू घाटी जितनी ख़ूबसूरत है, उसका प्राकृतिक माहौल उतना ही नाज़ुक भी है। हिमालयी इलाकों में बिना योजना के बढ़ता पर्यटन नदियों, पहाड़ों और पर्यावरण पर असर डाल सकता है। इसलिए टूरिज़्म बढ़ाने के साथ sustainable tourism और ecotourism पर भी ध्यान देना ज़रूरी है। साफ़-सफाई, प्राकृतिक संसाधनों की हिफाज़त, ज़िम्मेदार पर्यटन और स्थानीय लोगों की भागीदारी इस सोच का अहम हिस्सा हैं। यानी सुरू में पर्यटक आएं, लेकिन घाटी की कुदरत की कीमत पर नहीं।

बढ़ती पहचान के साथ बढ़ी ज़िम्मेदारी
सुरू घाटी को अब देश-दुनिया के मुसाफ़िर भी पहचानने लगे हैं। National Geographic ने 2025 में सुरू घाटी को घूमने के लिए दुनिया की 25 बेहतरीन जगहों में शामिल किया था। इस पहचान ने घाटी की तरफ़ लोगों की दिलचस्पी बढ़ाई है। लेकिन बढ़ती शोहरत के साथ ज़िम्मेदारी भी आती है। पर्यटन बढ़े, मगर घाटी की असली ख़ूबसूरती, पर्यावरण और स्थानीय संस्कृति महफूज़ रहे। सुरू समर फेस्टिवल इसी बैंलेस की तरफ़ एक कदम है।
सिर्फ़ फेस्टिवल नहीं, सुरू की पहचान
Suru Summer Festival (सुरू समर फेस्टिवल) की ख़ासियत यही है कि ये किसी एक चीज़ का जश्न नहीं मनाता। इसमें कुदरत भी है, तहज़ीब भी, रोमांच भी और स्थानीय लोगों की मेहनत भी। एक तरफ़ बर्फीली चोटियों के बीच एडवेंचर एक्टिविटी होती हैं, तो दूसरी तरफ़ स्थानीय कलाकार अपनी परंपराओं को लोगों तक पहुंचाते हैं। कहीं स्थानीय खाना पर्यटकों को आकर्षित करता है, तो कहीं कारीगरों का हुनर। यही मेल सुरू को ख़ास बनाता है। फेस्टिवल के ज़रिए सुरू घाटी को ऐसे पर्यटन स्थल के तौर पर पहचान दिलाने की कोशिश है, जहां लोग सिर्फ़ ख़ूबसूरत नज़ारे देखने नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति और स्थानीय ज़िंदगी को महसूस करने भी आएं।
आख़िर में, Suru Summer Festival (सुरू समर फेस्टिवल) को सिर्फ़ एक पर्यटन आयोजन कहना शायद कम होगा। ये सुरू की पहचान को दुनिया के सामने रखने का एक ज़रिया है। ये बताता है कि पहाड़ों की ख़ूबसूरती सिर्फ़ कैमरे में कैद करने के लिए नहीं होती। इन पहाड़ों के बीच लोगों की ज़िंदगी, उनका हुनर, उनकी तहज़ीब और उनकी उम्मीदें भी बसती हैं। और जब कुदरत के इस हसीन मंज़र के साथ स्थानीय लोगों की मेहनत और संस्कृति जुड़ती है, तो सुरू समर फेस्टिवल सिर्फ़ एक फेस्टिवल नहीं रहता ये पूरी सुरू घाटी की कहानी बन जाता है।
ये भी पढ़ें: आज़मगढ़ में फिल्म फेस्टिवल की कैसे हुई शुरूआत?
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।



