उर्दू अदब की दुनिया में अर्श मलसियानी एक ऐसे शायर के तौर पर पहचाने जाते हैं, जिन्होंने अपनी शायरी में मोहब्बत, ज़िंदगी के तजुर्बों, इंसानी रिश्तों और वतनपरस्ती जैसे विषयों को ख़ूबसूरती से बयान किया। उन्हें पंजाब के ‘राज कवि’ के नाम से भी जाना जाता है। अर्श मलसियानी का ताल्लुक़ एक ऐसे अदबी ख़ानदान से था, जहां शायरी और साहित्य की परंपरा पहले से मौजूद थी। उनके पिता जोश मलसियानी अपने दौर के मशहूर शायर थे। जोश मलसियानी को उर्दू के बड़े शायर दाग़ देहलवी का शागिर्द होने का गौरव हासिल था। ऐसे साहित्यिक माहौल में अर्श मलसियानी की परवरिश हुई और बचपन से ही उन्हें अदब और शायरी से लगाव हो गया।
अर्श मलसियानी की पैदाइश 20 सितंबर 1908 को पंजाब के एक छोटे से कस्बे मलसियां में हुयी थी। पैदाइश के समय उनका नाम बालमुकुंद रखा गया था। उन्होंने शुरुआती तालीम अपने पिता की देखरेख में हासिल की। पिता की सोहबत और घर के साहित्यिक माहौल ने उनके भीतर शायरी और लेखन की दिलचस्पी को और गहरा किया। धीरे-धीरे उन्होंने अपनी अलग पहचान बनानी शुरू की और उर्दू अदब की दुनिया में अपनी जगह बनाई।
पेशे के लिहाज़ से अर्श मलसियानी ने अपने करियर की शुरुआत एक ओवरसियर के तौर पर की। उन्होंने पंजाब के सिंचाई विभाग में काम किया। इसके बाद वह लुधियाना के गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल स्कूल में अध्यापक नियुक्त हुए और करीब 15 साल तक वहां अपनी सेवाएं दीं। अध्यापन के दौरान ही उन्होंने अपनी पढ़ाई भी जारी रखी और एफ.ए. तथा बी.ए. की डिग्रियां हासिल कीं। नौकरी और तालीम के साथ-साथ उनका साहित्यिक सफ़र भी आगे बढ़ता रहा।
साल 1932 में अर्श मलसियानी दिल्ली आ गए। यहां उन्होंने भारत सरकार के प्रकाशन विभाग (पब्लिकेशन्स डिवीज़न) में काम करना शुरू किया। उन्हें उर्दू की मशहूर पत्रिका ‘आजकल’ में असिस्टेंट एडिटर की ज़िम्मेदारी मिली। इस दौरान उन्होंने मशहूर शायर जोश मलीहाबादी के साथ करीब 7 साल तक काम किया। जोश मलीहाबादी के पाकिस्तान चले जाने के बाद अर्श मलसियानी को ‘आजकल’ का संपादक नियुक्त किया गया। संपादक के तौर पर उन्होंने उर्दू साहित्य और उसकी नई रचनात्मक आवाज़ों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
अर्श मलसियानी की शख़्सियत सिर्फ़ एक शायर तक महदूद नहीं थी। वह अच्छे अनुवादक, गद्य लेखक और संपादक भी थे। उनकी लेखनी में गंभीरता के साथ-साथ हास्य और व्यंग्य का भी रंग दिखाई देता है। उन्होंने अपनी नज़्मों और ग़ज़लों में जहां इंसानी जज़्बात को जगह दी, वहीं अपने गद्य लेखन में हल्के-फुल्के अंदाज़ से पाठकों को प्रभावित किया। उनकी हास्य रचनाएं भी काफी दिलचस्प मानी जाती हैं।
उनकी शायरी के संग्रह ‘हफ़्त रंग’ और ‘चंग-ओ-आहंग’ के नाम से प्रकाशित हुए। इसके अलावा उन्होंने फ़ारसी के मशहूर शायर उमर ख़य्याम की रचनाओं का अनुवाद भी किया, जिसे ‘हस्त-ओ-बूद’ नामक संग्रह में शामिल किया गया। उनके हास्य लेखों का संग्रह ‘पोस्टमार्टम’ के नाम से प्रकाशित हुआ। इन किताबों से उनकी साहित्यिक प्रतिभा के अलग-अलग पहलुओं का पता चलता है।
अर्श मलसियानी की शायरी में मोहब्बत का जज़्बा भी है और ज़िंदगी की तल्ख़ सच्चाइयों का एहसास भी। वह मोहब्बत को सिर्फ़ एक एहसास नहीं, बल्कि एक ऐसा जज़्बा मानते हैं, जिसमें दर्द भी है और संगीत भी।
मोहब्बत सोज़ भी है साज़ भी है
ख़मोशी भी है ये आवाज़ भी है।
इन दो मिसरों में शायर ने मोहब्बत की कई कैफ़ियतों को समेट दिया है। उनके मुताबिक मोहब्बत में एक तरफ़ दिल को जलाने वाला दर्द है, तो दूसरी तरफ़ साज़ की तरह सुकून देने वाली मिठास भी है। यह कभी ख़ामोशी बनकर दिल में रहती है, तो कभी आवाज़ बनकर अपने होने का एहसास कराती है।
ज़िंदगी और मौत के रिश्ते को लेकर भी अर्श मलसियानी का नज़रिया काफी अलग था। वह इंसान को सिर्फ़ मौत से ही नहीं, बल्कि ज़िंदगी के अपने अनुभवों से भी जूझता हुआ देखते हैं।
मौत ही इंसान की दुश्मन नहीं
ज़िंदगी भी जान लेकर जाएगी।
यह शेर ज़िंदगी की उन मुश्किलों और हालात की तरफ़ इशारा करता है, जो इंसान को अंदर से तोड़ देते हैं। कई बार ज़िंदगी के तजुर्बे भी इंसान को उतना ही दर्द देते हैं, जितना मौत का ख़ौफ़।
उनकी शायरी में रिश्तों की सच्चाई और इंसानी फ़ितरत पर भी गहरी नज़र दिखाई देती है। दोस्ती और भरोसे के बदलते मायनों को उन्होंने कुछ इस तरह बयान किया है।
‘अर्श’ किस दोस्त को अपना समझूं
सब के सब दोस्त हैं दुश्मन की तरफ़।
यह शेर उन हालात को सामने लाता है, जब इंसान को अपनों के बीच भी अकेलापन महसूस होने लगता है। जिन लोगों से वफ़ा और साथ की उम्मीद होती है, वही कभी-कभी तकलीफ़ का सबब बन जाते हैं।
अर्श मलसियानी की शायरी में वतन से मोहब्बत का जज़्बा भी ख़ास अहमियत रखता है। उन्होंने हिन्दुस्तान की ख़ूबसूरती और उसकी पहचान को अपने अशआर में जगह दी। उनका यह शेर मुल्क के लिए उनकी मोहब्बत और फ़ख्र को बयान करता है।
देसों में सबसे अच्छा हिन्दोस्तान मेरा
रू-ए-ज़मीं पे जन्नत, जन्नत-निशान मेरा।
उनके लिए हिन्दुस्तान सिर्फ़ एक मुल्क नहीं, बल्कि मोहब्बत, तहज़ीब और अपनी मिट्टी से जुड़े एहसास का नाम था। उनकी शायरी में इंसानियत और आज़ादी की सोच भी दिखाई देती है।
अर्श मलसियानी ने अपनी पूरी ज़िंदगी उर्दू अदब की ख़िदमत में गुज़ारी। शायरी, अनुवाद, गद्य लेखन और संपादन के ज़रिए उन्होंने साहित्य को कई यादगार रचनाएं दीं। उनकी लेखनी में जहां क्लासिकी उर्दू शायरी की रवायत दिखाई देती है, वहीं उनके अपने तजुर्बों और सोच की झलक भी मिलती है।
15 दिसंबर 1979 को दिल्ली में उनका इंतिक़ाल हो गया। हालांकि वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी शायरी और साहित्यिक योगदान उर्दू अदब में उनकी मौजूदगी का एहसास कराते हैं। अर्श मलसियानी उन अदीबों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी कलम से मोहब्बत, ज़िंदगी, रिश्तों और वतनपरस्ती के अलग-अलग रंगों को लफ़्ज़ों में ढाला। उनका साहित्य आज भी उर्दू शायरी के चाहने वालों के लिए एक अहम विरासत है।
ये भी पढ़ें: ज़फ़र इक़बाल: उर्दू ग़ज़ल को नए ख़्याल और अंदाज़ से सजाने वाले शायर
आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं



