Thursday, November 19, 2026
14 C
Delhi

मुस्तफ़ा ज़ैदी: मोहब्बत के एहसास और ज़िंदगी की तल्ख़ियों के शायर 

उर्दू अदब की दुनिया में मुस्तफ़ा ज़ैदी का नाम उन शायरों में शामिल है, जिन्होंने अपनी शायरी में इश्क़, इंसानी जज़्बात, दर्द और ज़िंदगी की तल्ख़ हक़ीक़तों को बेहद ख़ूबसूरती से बयान किया। वह एक बेहतरीन शायर होने के साथ-साथ पाकिस्तान के सिविल सर्वेंट भी थे। उनकी शायरी में रोमानी एहसास के साथ समाज और इंसानी ज़िंदगी के कई पहलू भी नज़र आते हैं। उन्होंने ‘तेग़ इलाहाबादी’ के नाम से भी शायरी की।

शुरुआती ज़िंदगी और तालीम

मुस्तफ़ा ज़ैदी का असल नाम सैयद मुस्तफ़ा हसनैन ज़ैदी था। उनकी पैदाइश 10 अक्टूबर 1930 को हुयी थी। कम उम्र से ही उन्हें शायरी और साहित्य से दिलचस्पी थी। महज़ 17 साल की उम्र में, 1949 में उनका पहला कविता संग्रह ‘ज़ंजीरें’ प्रकाशित हुआ। इस शुरुआती काम ने उर्दू अदब में उनकी अलग पहचान बनाने की राह तैयार की।

शायरी के साथ उन्होंने प्रशासनिक क्षेत्र में भी अपनी काबिलियत साबित की। साल 1954 में उन्होंने पाकिस्तान की सिविल सेवा की प्रतियोगी परीक्षा पास की। इसके बाद उन्हें ट्रेनिंग के लिए इंग्लैंड भेजा गया। आगे चलकर उन्होंने डिप्टी कमिश्नर और डिप्टी सेक्रेटरी जैसे अहम पदों पर काम किया।

मुस्तफ़ा ज़ैदी ने जर्मन नागरिक वेरा ज़ैदी से शादी की। उनके एक बेटा और एक बेटी थे।

सिविल सेवा से बर्ख़ास्तगी 

जून 1970 में पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति जनरल याह्या ख़ान के शासनकाल में मुस्तफ़ा ज़ैदी समेत सिविल सेवा के 39 अधिकारियों को नौकरी से बर्ख़ास्त कर दिया गया। इस घटना ने उनकी ज़िंदगी को एक नया मोड़ दिया। हालांकि, उनकी पहचान सिर्फ़ एक सरकारी अधिकारी के तौर पर नहीं, बल्कि एक संवेदनशील और गंभीर शायर के रूप में भी कायम रही।

शायरी में इश्क़, दर्द और इंसानी एहसास

मुस्तफ़ा ज़ैदी की शुरुआती शायरी में रोमानी रंग दिखाई देता है। उनकी नज़्मों और ग़ज़लों में मोहब्बत, जुदाई, उदासी और इंसानी रिश्तों की पेचीदगियां ख़ास तौर पर जगह पाती हैं। उनका अंदाज़-ए-बयां सादा होने के साथ असरदार भी था।

उनकी प्रमुख साहित्यिक कृतियों में ‘ज़ंजीरें’ (1949), ‘रोशनी’ (1950), ‘शहर-ए-आज़र’ (1958), ‘मौज मेरी सदफ़ सदफ़’ (1960), ‘ग़रीबां’ (1964) और ‘क़बा-ए-साज़’ (1967) शामिल हैं। उनका एक और संग्रह ‘कोह-ए-निदा’ 1971 में उनके इंतक़ाल के बाद प्रकाशित हुआ। उनकी तमाम रचनाओं को बाद में ‘कुल्लियात-ए-मुस्तफ़ा ज़ैदी’ के नाम से संकलित किया गया।

रहस्यमयी मौत ने खड़े किए कई सवाल

मुस्तफ़ा ज़ैदी की ज़िंदगी जितनी दिलचस्प थी, उनकी मौत भी उतनी ही रहस्यमयी रही। 12 अक्टूबर 1970 को, अपने 40वें यौम-ए-पैदाइश के महज़ दो दिन बाद, कराची में संदिग्ध परिस्थितियों में उनका इंतक़ाल हो गया। उनकी मौत को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे हत्या माना, जबकि कुछ ने आत्महत्या की आशंका जताई। हालांकि, उनकी मौत से जुड़े सवाल लंबे समय तक चर्चा का विषय बने रहे। उन्हें कराची के वादी-ए-हुसैन कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया।

मुस्तफ़ा ज़ैदी की ज़िंदगी भले ही महज़ 40 साल में ख़त्म हो गई, लेकिन उनका अदबी सफ़र आज भी उर्दू शायरी के चाहने वालों के लिए अहमियत रखता है। उनकी शायरी में दर्ज जज़्बात, मोहब्बत और ज़िंदगी के तजुर्बे उन्हें उर्दू अदब की दुनिया में एक अलग मुक़ाम देते हैं।

ये भी पढ़ें: ज़फ़र इक़बाल: उर्दू ग़ज़ल को नए ख़्याल और अंदाज़ से सजाने वाले शायर

आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब  कर सकते हैं

Mohd Saboor Ali
Mohd Saboor Alihttps://hindi.dnn24.com/
मोहम्मद सबूर अली DNN24 में सीनियर मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता, क्रिएटिव स्टोरीटेलिंग और वीडियो प्रोडक्शन में 5+ वर्षों का अनुभव है। वे शिक्षा, सफलता की कहानियों, पॉडकास्ट और उर्दू शायरी से जुड़ी ख़बरों को कवर करते हैं। पहले वे ‘Khel Cafe’ और ‘Jandarshan News’ के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से पत्रकारिता एवं जनसंचार में एमए की पढ़ाई पूरी की और साल 2026 में Exchange4Media की ओर से उन्हें Urdu Journalism Award से सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

सरपेच से सरताज तक: Cartier का ‘Tiger Eye’ और नवानगर के महाराजा की शान

जब बात शाही ज़ेवरात की होती है, तो ज़हन...

कुंवर नारायण: संवेदना, मानवीयता और जीवन के गहरे सवालों के कवि

हिंदी साहित्य में कुंवर नारायण का नाम उन प्रमुख...

दुष्यंत कुमार: वो कवि, जिसने ग़ज़ल को आम आदमी की आवाज़ बनाया

हिंदी साहित्य में दुष्यंत कुमार का नाम उन शायरों...

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना: जिनकी कविताओं में धड़कती आम इंसान की ज़िंदगी

हिंदी साहित्य में सर्वेश्वरदयाल सक्सेना का नाम उन कवियों...

Topics

कुंवर नारायण: संवेदना, मानवीयता और जीवन के गहरे सवालों के कवि

हिंदी साहित्य में कुंवर नारायण का नाम उन प्रमुख...

दुष्यंत कुमार: वो कवि, जिसने ग़ज़ल को आम आदमी की आवाज़ बनाया

हिंदी साहित्य में दुष्यंत कुमार का नाम उन शायरों...

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना: जिनकी कविताओं में धड़कती आम इंसान की ज़िंदगी

हिंदी साहित्य में सर्वेश्वरदयाल सक्सेना का नाम उन कवियों...

Chhau Dance: जहां कदम बन जाते हैं कहानी और मुखौटे देते हैं किरदारों को पहचान

कभी तलवारों की टकराहट और युद्ध के दांव-पेच, तो...

अनवर मसूद: हंसी के अंदाज़ में ज़िंदगी की तल्ख़ सच्चाइयां बयां करने वाले शायर

अनवर मसूद पाकिस्तान के मशहूर शायर, शिक्षक और साहित्यकार...

Related Articles

Popular Categories