101 किलो वजन उठाकर बनाया नेशनल रिकॉर्ड, कॉमनवेल्थ गेम्स में भी किया भारत का नाम रोशन
जसप्रीत कौर (Jaspreet Kaur) पंजाब की उभरती हुई महिला पैरा पावरलिफ्टर हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, हौसले और मज़बूत इरादे से खेल की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। जिस्मानी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने इंटरनेशनल लेवल तक का सफ़र तय किया। जसप्रीत कौर (Jaspreet Kaur) की कहानी सिर्फ़ खेल में कामयाबी की नहीं, बल्कि मुश्किलों का सामना करके आगे बढ़ने की एक मिसाल है। जसप्रीत कौर की पैदाइश पंजाब के बठिंडा ज़िले में हुआ। जब वो तीन साल की थी, तब पोलियो की वजह से उनके शरीर पर असर हुआ।
इसके बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी (NIT), कोझिकोड से M.Tech की डिग्री हासिल की। वो सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। साल 2020 में सेहत से जुड़ी परेशानियों और बढ़ते वज़न की वजह से उन्होंने अपनी लाइफ़स्टाइल बदलने का फैसला किया। करीब 40 किलो वज़न कम करने के बाद उनकी दिलचस्पी खेलों में बढ़ने लगी। साल 2022 में पैरा पावरलिफ्टिंग के बारे में पता चलने पर उन्होंने इसे अपना करियर बनाने का फैसला किया। अपनी पहली नेशनल चैंपियनशिप में ही 70 किलो वज़न उठाकर गोल्ड मेडल जीतना उनके खेल के सफ़र की एक अहम शुरुआत साबित हुआ।

नेशनल रिकॉर्ड बनाकर बढ़ाया देश का मान, इंटरनेशनल लेवल पर भी दिखाया दम
मार्च 2025 में दिल्ली में हुए खेलो इंडिया पैरा गेम्स में जसप्रीत कौर (Jaspreet Kaur) ने महिलाओं के 45 किलो वर्ग में 101 किलो वज़न उठाकर नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने अपना ही 100 किलो का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। साल 2026 में बैंकॉक, थाईलैंड में हुई एशिया-ओशिनिया पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जसप्रीत कौर (Jaspreet Kaur) ने सीनियर वर्ग में ब्रॉन्ज़ मेडल जीता।
इसके बाद ग्लासगो में हुए 2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार भारत की तरफ़ से हिस्सा लिया और महिला पैरा पावरलिफ्टिंग मुकाबले में छठा स्थान हासिल किया। इसके अलावा, अक्टूबर 2026 में जापान के नागोया में हुए एशियन पैरा गेम्स में भी उन्होंने भारत को रिप्रेंजेंट किया। इस मुकाबले के 45 किलो महिला वर्ग में जसप्रीत चौथे स्थान पर रही।

कोच की ट्रेनिंग से निखरी खेल की काबिलियत
जसप्रीत कौर (Jaspreet Kaur) गुजरात के गांधीनगर में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (SAI) के नेशनल सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग लेती हैं। उन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित और 2004 के एथेंस पैरालंपिक में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने वाले कोच राजिंदर सिंह राहेलू से ट्रेनिंग मिल रही है। कोच की सही गाइडेंस, अनुशासन और लगातार मेहनत ने उनके खेल को और बेहतर बनाया है।
जसप्रीत कौर (Jaspreet Kaur) की कहानी बताती है कि अगर इंसान के अंदर कुछ कर दिखाने का जज़्बा हो, तो जिस्मानी चुनौतियां भी उसकी राह नहीं रोक सकती। उनकी कामयाबी पंजाब की नौजवान लड़कियों और पैरा खिलाड़ियों के लिए एक मिसाल है। उनका सफ़र दिखाता है कि मेहनत, हौसले और मज़बूत इरादे के साथ इंटरनेशनल खेलों में भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है।
लेख: सुखमिंदर भंगू
इस लेख को पंजाबी में पढ़ें
ये भी पढ़ें- Shahid Bashir: कश्मीर के मल्टी-स्पोर्ट्स कोच का ओपन ग्राउंड से नेशनल स्टेज तक का सफ़र
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।



