Tuesday, November 10, 2026
29 C
Delhi

Mandana: कभी हर आंगन की शान थी ये कला, अब क्यों खो रही है अपनी पहचान?

राजस्थान की मिट्टी में यहां की संस्कृति और परंपराओं के कई रंग बसे हैं। इन्हीं रंगों में एक रंग है मांडना कला (Mandana Art) का। घरों के आंगन से लेकर दीवारों तक, लाल और सफेद रंगों से बनी ख़ूबसूरत आकृतियां सदियों से गावों की पहचान रही हैं। कहीं कमल के फूल और मोर दिखाई देते हैं, तो कहीं दीपक, सूरज और बेल-बूटों के डिज़ाइन नज़र आते हैं। ख़ास बात ये है कि इन डिज़ाइनों को बनाने के लिए किसी मंहगे सामान की नहीं, बल्कि मिट्टी, गोबर और खड़िया जैसी आम चीज़ों की ज़रूरत होती है।

राजस्थान की ये पारंपरिक लोक कला सिर्फ़ घरों को सजाने का ज़रिया नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति और महिलाओं को हुनर की एक खूबसूरत मिसाल भी है। लेकिन समय के साथ-साथ ये कला गुम होती जा रही है।

क्या है मांडना और कहां से हुई इसकी शुरुआत?

मांडना (Mandana) शब्द को संस्कृत के ‘मंडन’ शब्द से जुड़ा माना जाता है, जिसका अर्थ है सजाना या सुंदर बनाना। यानी चित्रों और आकृतियों के ज़रिए किसी जगह को सजाने की कला मांडना कहलाती है। इस कला की शुरुआत कब और कहां हुई, इसे लेकर कोई पुख्ता लिखित रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। हालांकि, कुछ मान्यताएं इसे प्राचीन भारतीय परंपराओं से जोड़ती हैं। इसे ख़ासतौर पर मीणा समुदाय की सांस्कृतिक पहचान और ग्रामीण जीवन का अहम हिस्सा माना जाता है।

मांडना कला (Mandana Art) की ख़ास बात ये है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजें आसपास के माहौल से ही जुटाई जाती थीं। सबसे पहले मिट्टी के फर्श या दीवार पर गोबर और लाल मिट्टी का लेप लगाया जाता था। इसके बाद गेरू और सफेद खड़िया मिट्टी से डिज़ाइन बनाए जाते थे। कुछ जगहों पर चावल के घोल का भी इस्तेमाल किया जाता था। लाल और सफेद रंगों के मेल से तैयार आकृतियां देखने में बेहद खूबसूरत लगती थी।

Image Source: Rajasthan Tourism/X

हर त्योहार और शुभ मौके के लिए ख़ास डिज़ाइन

मांडना कला (Mandana Art) का रिश्ता सिर्फ़ दिवाली से नहीं है। शादी-ब्याह, होली, बच्चे के जन्म और दूसरे शुभ मौकों पर भी महिलाएं घर के आंगन, दरवाजों और दीवारों पर ख़ास आकृतियां बनाती थीं। घर में नई दुल्हन के आने या किसी ख़ास मेहमान के स्वागत के मौके पर भी मांडना कला (Mandana Art) बनाने की परंपरा रही है। इन डिज़ाइनों में इस्तेमाल होने वाली हर आकृति का अपना एक ख़ास मतलब होता है।

कमल का फूल, कलश और स्वस्तिक शुभता के प्रतीक माने जाते हैं, जबकि दीपक रोशनी और खुशहाली को दर्शाता है। मोर, पक्षियों, गाय, सूरज और बेल-बूटों जैसी आकृतियों में ग्रामीण जीवन, प्रकृति और धार्मिक मान्यताओं की झलक दिखाई देती है। यही वजह है कि मांडना को सिर्फ़ दीवारों या फर्श पर बनाई गई एक तस्वीर नहीं कहा जा सकता। ये गांवों की ज़िंदगी, लोगों की आस्था और उनकी सांस्कृतिक पहचान को भी अपने भीतर समेटे हुए है।

क्यों कम होती जा रही है मांडना की पहचान?

एक वक्त था जब राजस्थान के गांवों में त्योहारों और शुभ मौकों पर घरों में मांडना कला (Mandana Art) बनाना आम बात थी। लेकिन बदलते वक़्त के साथ इस परंपरा का चलन धीरे-धीरे कम होने लगा है। इसकी एक बड़ी वजह गांवों में घरों का बदलता स्वरूप है। पहले कच्चे मकानों और मिट्टी के आंगनों में मांडना कला (Mandana Art) बनाना आसान था, लेकिन अब उनकी जगह सीमेंट के फर्श, टाइल्स और पक्की दीवारों ने ले ली है।

इसके अलावा बाज़ार में मिलने वाले रेडीमेड स्टीकर, वॉलपेपर और दूसरी सजावटी चीजों ने भी पारंपरिक डिज़ाइन बनाने की ज़रूरत को कम कर दिया है। नई पीढ़ी का इस कला से जुड़ाव भी पहले जैसा नहीं रहा। जिन महिलाओं के लिए मांडना बनाना रोज़मर्रा की ज़िंदगी और त्योहारों का हिस्सा था, उनकी अगली पीढ़ी के पास अब इसे सीखने और आगे बढ़ाने के कम मौके हैं। हालांकि, ग्रामीण इलाकों में आज भी कई महिलाएं इस परंपरा को ज़िंदा रखे हुए हैं।

Image Source: Rajasthan Tourism/X

मिट्टी के आंगन से नए कैनवास तक पहुंची मांडना कला

बदलते वक़्त के साथ मांडना कला (Mandana Art) ने भी नए रास्ते तलाशने शुरू किए हैं। अब ये सिर्फ़ घरों के फर्श और दीवारों तक महदूद नहीं है। कलाकार इसके पारंपरिक डिजाइनों को कपड़ों, बैग्स, पेंटिंग्स, हैंगिंग्स और सिरेमिक प्रोडक्ट्स पर भी उतार रहे हैं। जयपुर, उदयपुर और जोधपुर जैसे शहरों में लोक कला से जुड़े कलाकार मांडना के पुराने पैटर्न को नए रंगों और डिजाइन के साथ पेश कर रहे हैं। इससे इस कला को नए लोगों तक पहुंचाने और कलाकारों के लिए नए अवसर तैयार करने की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।

मांडना कला (Mandana Art) की ख़ूबसूरती सिर्फ़ इसके लाल और सफेद रंगों या ख़ूबसूरत आकृतियों में नहीं है। इसकी असली पहचान उन महिलाओं के हुनर में छिपी है, जिन्होंने बिना किसी ऑफिशियल ट्रेनिंग के इस कला को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया। आज ज़रूरत है कि मांडना को सिर्फ़ त्योहारों पर घर सजाने वाली कला के तौर पर न देखा जाए, बल्कि राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत के रूप में भी पहचान मिले।

इसके पारंपरिक डिज़ाइन, उन्हें बनाने के तरीके और उनसे जुड़ी कहानियों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना ज़रूरी है। क्योंकि मांडना मिट्टी पर बनी कुछ लकीरें भर नहीं हैं। ये राजस्थान के गांवों की ज़िंदगी, महिलाओं के हुनर और सदियों से चली आ रही उस परंपरा की कहानी है, जो आज भी अपनी अलग पहचान रखती है।

ये भी पढ़ें- 150 आर्ट फॉर्म्स की महारथी Pallavi Rani: India Book of Records से लेकर शारदा सिन्हा तक का सफ़र

आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

तीन सदियों का हुनर, एक अनमोल विरासत-बुंदेलखंड की Bell Metal Craft

Bell Metal Craft:मध्य प्रदेश की उत्तरी सरहद पर बसे...

शौकत थानवी: हंसी के सौदागर और “स्वदेशी रेल” के मुसन्निफ़

उर्दू अदब में बहुत कम किताबों को वो मक़बूलियत...

Bhai Dooj 2026: तारीख़, शुभ मुहूर्त, महत्व और पारंपरिक रस्में

भाई-बहन का रिश्ता दुनिया के सबसे प्यारे रिश्तों में...

Topics

तीन सदियों का हुनर, एक अनमोल विरासत-बुंदेलखंड की Bell Metal Craft

Bell Metal Craft:मध्य प्रदेश की उत्तरी सरहद पर बसे...

शौकत थानवी: हंसी के सौदागर और “स्वदेशी रेल” के मुसन्निफ़

उर्दू अदब में बहुत कम किताबों को वो मक़बूलियत...

Bhai Dooj 2026: तारीख़, शुभ मुहूर्त, महत्व और पारंपरिक रस्में

भाई-बहन का रिश्ता दुनिया के सबसे प्यारे रिश्तों में...

Related Articles

Popular Categories