भाई-बहन का रिश्ता दुनिया के सबसे प्यारे रिश्तों में से एक है। ये वो रिश्ता है जिसमें बहस भी है और बेपनाह मोहब्बत भी। भाई दूज का त्योहार इसी पवित्र रिश्ते को समर्पित है। दिवाली के पांच दिनों के पर्व का समापन Bhai Dooj (Bhai Dooj 2026) इसी दिन होता है। साल 2026 में भाई दूज 11 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा। आइए जानते हैं इस दिन की पूरी तफ़सील, शुभ मुहूर्त, पौराणिक कथा और देशभर में मनाई जाने वाली रस्मों के बारे में।
भाई दूज 2026: तारीख़ और शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के मुताबिक,, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे शुरू होगी और 11 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर भाई दूज का त्योहार 11 नवंबर को ही मनाया जाएगा।
तिलक का शुभ मुहूर्त: भाई को तिलक लगाने का सबसे शुभ समय दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से लेकर 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा । मान्यता है कि इस दौरान तिलक करने से भाई की उम्र लंबी होती है और हर तरह के संकट दूर रहते हैं। ख़्याल रखें कि तिलक करते वक्त भाई का मुख उत्तर या उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर होना चाहिए, जबकि बहन का मुख पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा की ओर होना शुभ माना जाता है।
भाई दूज की अहमियत और पौराणिक कथा
आपको बता दें कि भाई दूज को यम द्वितीया या भ्रातृ द्वितीया भी कहते हैं। इस दिन बहनें अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करती हैं। इसके बदले में भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन देते हैं और उन्हें गिफ्ट्स देते हैं।
इस त्योहार के पीछे सबसे प्रचलित कथा यमराज और यमुना की है। मान्यता है कि मृत्यु के देवता यमराज अपनी बहन यमुना (जिन्हें यमी भी कहते हैं ) से मिलने उनके घर गए थे। यमुना ने अपने भाई का खूब आदर-सत्कार किया, उनके माथे पर तिलक लगाया और मज़ेदार खाना खिलाया। यमराज अपनी बहन के इस प्यार और सत्कार से बहुत खुश हुए। उन्होंने यमुना को वरदान दिया कि जो भी बहन इस दिन अपने भाई को तिलक लगाएगी और आरती उतारेगी, उसके भाई को मृत्यु का भय नहीं सताएगा और उसकी लंबी उम्र होगी । तभी से ये परंपरा चली आ रही है।
एक दूसरी कथा के अनुसार, नरकासुर का वध करने के बाद जब भगवान श्रीकृष्ण अपनी बहन सुभद्रा से मिलने गए, तो सुभद्रा ने उनका आरती और तिलक से स्वागत करती हैं। यही परंपरा आगे चलकर भाई दूज के रूप में प्रचलित हो गई।
पूजा विधि और ज़रूरी सामग्री
भाई दूज की पूजा के लिए सुबह नहाने के बाद साफ कपड़े पहनें। एक चौकी पर पीला या लाल कपड़ा बिछाकर भाई को बैठाएं। पूजा की थाली में रोली, अक्षत (चावल), दीपक, मिठाई, नारियल और फूल रखें। सबसे पहले भगवान गणेश और यमराज का ध्यान करें। फिर बहन अपने भाई के माथे पर रोली और चावल से तिलक लगाए और आरती उतारे। भाई को मिठाई खिलाएं और नारियल भेंट करें। आख़िर में भाई बहन को उपहार देकर उसकी रक्षा का वचन दे।
देशभर में भाई दूज का अलग अंदाज़
भारत में एकता में अनेकता देखने को मिलती है। भाई दूज को हर राज्य में अलग नाम और अलग-अलग तरीकों से मनाया जाता है:
- उत्तर भारत: यहां सादे तरीके से तिलक और आरती की परंपरा है। बहनें भाई के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना करती हैं ।
- महाराष्ट्र और गोवा (भाऊ बीज): यहां बहनें फर्श पर चावल के आटे से एक चौकोर डिज़ाइन बनाती हैं और भाई को उसके अंदर बैठाकर तिलक करती हैं। ऐसा माना जाता है कि इससे भाई की रक्षा होती है।
- बंगाल (भाई फोंटा): यहां बहनें भाई के माथे पर दही, शहद, चंदन, घी और काजल से बना तिलक लगाती हैं। साथ ही व्रत भी रखती हैं।
- बिहार: यहां एक अनोखी परंपरा है जिसमें बहनें भाई को कोसती हैं और फिर अपनी जीभ पर चुटकी लेकर माफी मांगती हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से भाई यमराज के भय से मुक्त रहता है ।
रक्षाबंधन और भाई दूज में अंतर
अक्सर लोग रक्षाबंधन और भाई दूज को एक ही समझ लेते हैं, लेकिन दोनों में ज़मीन-आसमान का फर्क है। रक्षाबंधन में बहन भाई की कलाई पर राखी बांधती है और भाई से रक्षा का वचन मांगती है। वहीं भाई दूज में बहन भाई के माथे पर तिलक लगाकर खुद उसकी रक्षा का वादा देती है। ये त्योहार बताता है कि रिश्ते सिर्फ लेने के नहीं, बल्कि देने और एक-दूसरे की परवाह करने का नाम है। इस भाई दूज पर अपने भाई-बहन के साथ टाइम बिताएं, उन्हें तिलक लगाएं और इस प्यारे रिश्ते को और मजबूत बनाएं।
ये भी पढ़ें-ज़मीन के नीचे छिपा था चोलों का ख़जाना : नागपट्टिनम से निकली नटराज-शिवकामी की दुर्लभ कांस्य मूर्तियां
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते है।



