भारत की पुरानी किताबों में सिर्फ़ कहानियां ही नहीं, बल्कि सदियों पुराना इतिहास, समाज की तस्वीर, राजनीति की समझ और ज़िंदगी जीने के कई फलसफे भी छिपे हैं। इन किताबों के ज़रिए हम जान पाते हैं कि पुराने दौर में लोग कैसे रहते थे, राजा किस तरह हुकूमत करते थे और समाज में किन बातों को अहमियत दी जाती थी। अब भारत की ऐसी ही तीन ऐतिहासिक रचनाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।
राजतरंगिणी, महाभारत और अर्थशास्त्र को UNESCO के Memory of the World Asia-Pacific Regional Register में शामिल किया गया है। ये भारत की साहित्यिक और बौद्धिक विरासत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। साथ ही, ये दुनिया के सामने भारत की उस पुरानी ज्ञान परंपरा को पेश करने का मौका भी है, जो सदियों से किताबों और पांडुलिपियों के ज़रिए ज़िंदा है।

क्या है इन तीनों रचनाओं की ख़ासियत?
12वीं सदी में कश्मीर के इतिहासकार कल्हण ने ‘राजतरंगिणी’ लिखी थी। संस्कृत में लिखी गई इस किताब में कश्मीर के राजाओं, सियासी घटनाओं और उस दौर के सामाजिक हालात का ज़िक्र मिलता है। इसे भारतीय उपमहाद्वीप में इतिहास लिखने की शुरुआती अहम किताबों में गिना जाता है।
वहीं, महर्षि वेदव्यास को ‘महाभारत’ का रचयिता माना जाता है। ये दुनिया के सबसे बड़े महाकाव्यों में से एक है। इसमें कुरुक्षेत्र के युद्ध की कहानी के साथ-साथ ज़िंदगी, इंसाफ, नैतिकता, दर्शन और समाज से जुड़े कई अहम विचार भी शामिल हैं। भगवद्गीता भी इसी महाकाव्य का हिस्सा है।
तीसरी रचना ‘अर्थशास्त्र’ है, जिसे प्राचीन भारत के विद्वान और रणनीतिकार कौटिल्य से जोड़ा जाता है। इस किताब में हुकूमत चलाने, प्रशासन, अर्थव्यवस्था, कूटनीति और फौजी रणनीति से जुड़ी बातें बताई गई हैं। ये पुराने भारत की सियासी सोच और शासन के तौर-तरीकों को समझने का एक अहम ज़रिया है

सदियों पुरानी पांडुलिपियों को भी मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
UNESCO की क्षेत्रीय मेमोरी ऑफ़ द वर्ल्ड कमेटी की जानकारी के मुताबिक, महाभारत की पांडुलिपि करीब 400 साल पुरानी है। ये भोजपत्र पर शारदा लिपि में लिखी गई है और पुणे के भंडारकर ओरिएंटल रिसर्च इंस्टीट्यूट में महफूज है। वहीं, अर्थशास्त्र की पांडुलिपि 16वीं सदी की है। ये ताड़पत्र पर ग्रंथ लिपि में लिखी गई है और मैसूर के ओरिएंटल रिसर्च इंस्टीट्यूट में रखी गई है।
जबकि राजतरंगिणी की पांडुलिपि श्रीनगर की ओरिएंटल रिसर्च लाइब्रेरी में संभालकर रखी गई है। दरअसल, UNESCO ने 1992 में Memory of the World Programme की शुरुआत की थी। इसका मक़सद दुनिया के उन दस्तावेजों, किताबों और पांडुलिपियों को महफूज रखना है, जिनकी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक अहमियत है। ताकि आने वाली नस्लें भी अपने इतिहास और विरासत को जान सकें।

भारत की इन तीन रचनाओं से पहले 2024 में रामचरितमानस, पंचतंत्र और सहृदयालोक-लोचन को भी इस क्षेत्रीय रजिस्टर में जगह मिल चुकी है। राजतरंगिणी, महाभारत और अर्थशास्त्र को मिली ये पहचान सिर्फ़ तीन पुरानी किताबों का सम्मान नहीं है, बल्कि उन लेखकों, विचारों और पांडुलिपियों की भी पहचान है, जिन्होंने सदियों से भारत के इतिहास, समाज और ज्ञान को अपने भीतर समेटकर रखा है। ये रचनाएं हमें याद दिलाती हैं कि भारत की विरासत सिर्फ़ इमारतों और स्मारकों में ही नहीं, बल्कि उन किताबों में भी मौजूद है, जिनके पन्नों में हमारा अतीत आज भी महफूज है।
ये भी पढ़ें- अंडमान की गुफाओं से सिरपुर के इतिहास तक, UNESCO की Tentative List में भारत की तीन धरोहरें
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।



