Wednesday, April 1, 2026
20.1 C
Delhi

Anahata Cafe: ओपन किचन का अनोखा कॉन्सेप्ट, महिलाओं को दे रहा नई पहचान

देश में ऐसे बहुत से लोग हैं जो अपनी ज़िंदगी की मुश्किलों को पार करके कामयाबी की नई मिसाल कायम करते हैं। ऐसी ही एक दिल को छू लेने वाली कहानी है मीनाक्षी कुमारी की, जिन्होंने अपने जज़्बे, मेहनत और हौसले से न सिर्फ़ खुद की पहचान बनाई, बल्कि कई औरतों की ज़िंदगी भी बदल दी। दिल्ली में मीनाक्षी Anahata Cafe (अनाहता कैफे) नाम का एक ख़ास कैफे चलाती हैं। इस कैफे की सबसे बड़ी ख़ासियत है कि यहां सिर्फ महिलाएं काम करती हैं। लेकिन ये सिर्फ़ एक कैफे नहीं, बल्कि एक ऐसा प्लेटफार्म है जहां औरतों को अपने पैरों पर खड़ा होना सिखाया जाता है।

एक ख़्वाब जो हक़ीक़त बना

मीनाक्षी बताती हैं कि ये काम ख़ास तौर पर उन औरतों के साथ शुरू किया गया जो घर तक सीमित थी। चाहे वो हाउसवाइफ हो या युवा लड़कियां यहां 19 साल से ऊपर की महिलाओं को मौक़ा दिया जाता है। उनका मानना है कि काम करने की कोई उम्र नहीं होती। जब ज़रूरत होती है, तो इंसान को काम करना ही पड़ता है। इसलिए वो ख़ास तौर पर उन महिलाओं के साथ काम करती हैं, जिनमें कॉन्फिडेंस की कमी थी या जिन्हें कभी बाहर काम करने का मौक़ा नहीं मिला।

Source: DNN24

ओपन किचन का अनोखा कॉन्सेप्ट

मीनाक्षी बताती हैं कि उन्होंने पहले “रूट्स कैफे” के नाम से शुरुआत की थी। उनका कहना है कि उन्हें हमेशा ये महसूस हुआ कि लोग ये नहीं जान पाते कि खाना कैसे बन रहा है वो कितना फ्रेश है और उसमें क्या इस्तेमाल हो रहा है। इसी वजह से उन्होंने ओपन किचन का कॉन्सेप्ट अपनाया। यहां कस्टमर खाना बनते हुए देख सकते हैं, शेफ से बात कर सकते हैं और अपनी पसंद-नापसंद भी बता सकते हैं। मीनाक्षी का मानना है कि खाना सिर्फ़ पेट भरने के लिए नहीं होता, बल्कि दिल से बनाया गया खाना दिल को भी छूता है।

एक कैफे से शुरू हुआ सफ़र आज कई कैफे तक पहुंच चुका है। मीनाक्षी ने अपने अनुभव के दम पर एक मज़बूत टीम तैयार की है। Anahata Cafe (अनाहता कैफे) का मेन्यू वेजिटेरियन है, जिसमें नो ऑनियन और नो गार्लिक के ऑप्शन भी मिलते हैं। यहां हर चीज फ्रेश और सीजनल होती है। सैंडविच, सलाद, जूस, स्मूदी, स्मूदी बाउल्स सब कुछ हेल्दी और टेस्टी है। साथ ही इंटरनेशनल फ्लेवर भी मिलते हैं जैसे वियतनामी, इंडोनेशियन और थाई फूड।

कैफे में काम करने वाली महिलाओं का एक्सपीरियंस

Anahata Cafe (अनाहता कैफे) में काम करने वाली मधु बताती हैं,“जैसे हम घर में किसी को देखकर खाना बनाना सीख लेते हैं, वैसे ही यहां भी मैम ने हमें बहुत सादे और आसान तरीके से सिखाया।” वो आगे कहती हैं कि उन्हें यहां काम करके एक नया तजुर्बा मिला और एक नई पहचान भी। शीतल, जो इस कैफे में काम करती हैं, कहती हैं, “हम दिल से खाना बनाते हैं और दिल से ही सर्व करते हैं।

लोग भी दिल से तारीफ करके जाते हैं।” वो बताती हैं कि 45 साल की उम्र में नई जॉब मिलना बहुत मुश्किल होता है, लेकिन यहां उन्हें न सिर्फ काम मिला, बल्कि सुकून भी मिला। अब वो आगे चलकर अपना काम शुरू करना चाहती हैं और इसी फील्ड में आगे बढ़ना चाहती हैं।

Source: DNN24

डिग्री नहीं, जज़्बा ज़रूरी

मीनाक्षी की सोच बाकी लोगों से बिल्कुल अलग है। वो कहती हैं, “अगर कोई कहता है कि उसे खाना बनाना पसंद है, तो मेरे लिए यही काफी है।” वो ये नहीं पूछती कि सामने वाले को पढ़ना-लिखना आता है या नहीं, या वो इंग्लिश बोलता है या नहीं। उनके लिए सबसे अहम चीज़ है इंसान का जज़्बा और सीखने की चाह। इसके बाद वो उन्हें ट्रेनिंग देती हैं और वही सिखाती हैं जो Anahata Cafe (अनाहता कैफे) में काम आता है। मधु बताती हैं कि उन्होंने यहां आकर बहुत कुछ नया सीखा।“मैंने पहले कभी केक नहीं बनाया था, लेकिन यहां आकर केक बेक करना सीखा। इंडोनेशियन डिशें और ‘खाओ से’ भी बनाया, जो लोगों को बहुत पसंद आया।”

वो कहती हैं कि मैडम ने जैसा सिखाया, उन्होंने वैसा ही किया और उन्हें बहुत अच्छा रिज़ल्ट मिला। मीनाक्षी अपनी ज़िंदगी के बारे में बताते हुए कहती हैं कि उनके पिता ने उन्हें समझाया था कि अपने गुस्से और एनर्जी को सही दिशा में लगाओ और उसे एक मक़सद दो। वो कहती हैं, “धीरे-धीरे मुझे मेरा पर्पस खुद ही मिल गया।” वो इसे एनजीओ नहीं मानती, बल्कि एक ऐसा काम मानती हैं जहां वो लोगों को मज़बूत बनाती हैं। उनका मक़सद है कि हर महिला अपने पैरों पर खड़ी हो सके और अपनी स्किल्स से कमाई कर सके।

हाउसवाइफ से शेफ़ तक का सफ़र

आज Anahata Cafe (अनाहता कैफे) में काम करने वाली महिलाएं इतनी कॉन्फिडेंट हो चुकी हैं कि कोई ये नहीं कह सकता कि वो पहले सिर्फ़ हाउसवाइफ थी। लोग उन्हें प्रोफ़ेशनल शेफ समझते हैं। ये बदलाव सिर्फ़ स्किल्स का नहीं, बल्कि सोच और आत्मविश्वास का भी है। मीनाक्षी बताती हैं कि Anahata Cafe (अनाहता कैफे) खोलना आसान नहीं था। कहा गया कि ये काम मुश्किल है, अकेले कैसे संभालेगी, यहां तक कि शादी करने का दबाव भी डाला गया।

लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उनका कहना है, “जब अंदर जुनून होता है, तो उसे कोई बुझा नहीं सकता।” कैफे की महिलाएं अब बेकिंग में भी माहिर हो चुकी हैं। वे कुकीज़, केक और मफिन्स आसानी से बना लेती हैं। उनकी बनाई कुकीज़ काफी फेमस हो चुकी हैं। यह सब मुमकिन हुआ है सही ट्रेनिंग और सपोर्ट की वजह से।

Source: DNN24

औरतों के लिए एक पैग़ाम

मीनाक्षी कहती हैं कि उन्हें वही लोग पसंद आते हैं जो अपनी ज़िंदगी में स्ट्रॉन्ग होते हैं।वह उन लड़कियों को पहचान लेती हैं जो सच में कुछ करना चाहती हैं। फिर वह उन्हें सख्ती और प्यार दोनों के साथ ट्रेन करती हैं, ताकि वे खुद को पहचान सकें। उनका साफ संदेश है “अगर आप कुछ करना चाहते हैं, तो हार मत मानिए।”

मीनाक्षी कुमारी की ये कहानी सिर्फ एक कैफे की नहीं, बल्कि हौसले, मेहनत और इंसानियत की कहानी है। ये कहानी बताती है कि अगर इरादा मज़बूत हो, तो कोई भी मुश्किल रास्ता रोक नहीं सकता। और अगर एक इंसान ठान ले, तो वह न सिर्फ अपनी, बल्कि कई और ज़िंदगियों को रोशन कर सकता है। Anahata Cafe (अनाहता कैफे) सिर्फ एक जगह नहीं, बल्कि उन ख्वाबों का घर है, जो कभी अधूरे रह गए थे और अब हक़ीक़त बन रहे हैं।

ये भी पढ़ें: ज़मीन नहीं थी, हौसला था: जम्मू-कश्मीर की Aasiya ने छत को बना दिया खेती का मैदान

आप हमें FacebookInstagramTwitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

ज़हीन शाह ‘ताजी’: सूफ़ियाना फ़िक्र, इल्म की रोशनी और शायरी की महक

उर्दू अदब और सूफ़ियाना रिवायत में कुछ नाम ऐसे...

Google Maps का ‘Ask Maps’ फीचर: अब घूमना हुआ और भी आसान, बस पूछो और चल पड़ो!

कहते हैं घूमने का मज़ा उतना मंज़िल में नहीं,...

Topics

Google Maps का ‘Ask Maps’ फीचर: अब घूमना हुआ और भी आसान, बस पूछो और चल पड़ो!

कहते हैं घूमने का मज़ा उतना मंज़िल में नहीं,...

पंजाब से बस्तर तक: दम तोड़ती हिंसक विचारधाराएं और खोता हुआ आधार

भारत के मौजूदा नक्सल-विरोधी अभियान (Anti-Naxal Operation) को सिर्फ़...

Related Articles

Popular Categories