हर तेज़ दौड़, अधिक सुरक्षित रिकवरी और आखिरी समय में स्मार्ट खेल निर्णय के पीछे प्रौद्योगिकियों का एक बढ़ता हुआ नेटवर्क है, जो खेल उद्योग को नया रूप दे रहा है। फिर भी केवल प्रौद्योगिकी से यह नहीं समझ सकते कि खेल नवप्रवर्तन के क्षेत्र में अमेरिका एक अग्रणी बाज़ार क्यों बन गया है।
टेक्सास के फ्रिस्को स्थित प्लग एंड प्ले टेक सेंटर में स्पोर्ट्सटेक वर्टिकल के निदेशक डेविड स्टील के अनुसार, अमेरिका की बढ़त उन संबंधों में निहित है जो उसने टीमों, स्टार्ट-अप, स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं, निवेशकों और वैश्विक ब्रांडों के बीच स्थापित किए हैं। ये संबंध नए आइडिया को परीक्षण और पायलट कार्यक्रमों से आगे बढ़ाकर व्यावसायिक उत्पादों और व्यवसायों में बदलने में मदद करते हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के स्पीकर प्रोग्राम के अंतर्गत, स्टील ने हाल ही में दिल्ली, चंडीगढ़ और मुंबई का दौरा किया, जहां उन्होंने चर्चा की कि खेल-प्रौद्योगिकी तंत्र किस प्रकार नवप्रवर्तन, निवेश और विकास के अवसर पैदा करता है। उनका संदेश था कि अमेरिकी मॉडल की शक्ति किसी एक प्रौद्योगिकी में नहीं, बल्कि उसके विशाल बाज़ार और उन साझेदारियों में निहित है जो नवप्रवर्तनों को उपयोगकर्ताओं तक पहुंचाने में मदद करती हैं।

खेल नवप्रवर्तन के उत्प्रेरक के रूप में बाज़ार
स्टील के लिए अमेरिकी खेल-प्रौद्योगिकी तंत्र की सबसे बड़ी ताकतों में से एक उसका विशाल बाज़ार है।
वह कहते हैं, “जब आप पूरे अमेरिकी बाज़ार को देखते हैं, तो उसका आकार और दायरा अत्यंत विशाल है। जब आप युवा खेलों, जिन्हें हम जमीनी स्तर के खेल मानते हैं और जिनमें तीन से चार करोड़ बच्चे शामिल हैं, से लेकर हमारे पेशेवर और उच्चस्तरीय नामी खिलाड़ियों तक देखते हैं, तो यह एक अत्यंत व्यापक परिदृश्य है।”
यह व्यापकता कंपनियों को खेलों में भागीदारी और प्रतिस्पर्धा के विभिन्न स्तरों के खिलाड़ियों के लिए उत्पाद विकसित करने के अवसर प्रदान करती है। कुछ कंपनियां नामी खिलाड़ियों से शुरुआत करती हैं और बाद में अपनी प्रौद्योगिकियों को व्यापक बाज़ारों के लिए अनुकूलित करती हैं। अन्य कंपनियां जमीनी स्तर से शुरुआत कर धीरे-धीरे ऊपर की ओर विस्तार करती हैं।
इसका परिणाम एक ऐसा विशाल परीक्षण वातावरण है, जहां विभिन्न खेलों और प्रतिस्पर्धा के स्तरों पर प्रौद्योगिकियों को परिष्कृत किया जा सकता है।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी प्रौद्योगिकियां खेल संगठनों को इस पैमाने का लाभ उठाने में मदद कर रही हैं। टीमें, कोच और खेल संचालन निकाय प्रतिभा की पहचान करने, प्रदर्शन का विश्लेषण करने और खिलाड़ियों के विकास में सहायता के लिए एआई-सक्षम प्रणालियों का बढ़ते हुए उपयोग कर रहे हैं।
स्टील अमेरिकी सॉकर जैसे संगठनों के प्रयासों का भी उल्लेख करते हैं, जो मैदान पर लगाए गए कैमरों और अभ्यास, मैचों तथा मैच के बाद किए गए प्रदर्शन विश्लेषण से प्राप्त आंकड़ों के माध्यम से खिलाड़ियों की प्रतिभा की शुरुआती पहचान और विकास पर काम कर रहे हैं।
ये प्रणालियां संगठनों को पारंपरिक स्काउटिंग तरीकों की तुलना में कहीं अधिक बड़े पैमाने पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन करने की अनुमति देती हैं।
कॉर्पोरेट साझेदारियां और व्यावसायीकरण की रणनीतियां
जहां व्यापकता से अवसर पैदा होते हैं, वहीं स्टील का कहना है कि साझेदारियां ही प्रौद्योगिकियों को बाज़ार तक पहुंचाने में मदद करती हैं।
प्लग एंड प्ले में यह प्रक्रिया टीमों, ब्रांडों और अन्य संगठनों के सामने मौजूद चुनौतियों की पहचान से शुरू होती है। दुनिया भर में फैले अपने 70 कार्यालयों के नेटवर्क का उपयोग करते हुए, प्लग एंड प्ले संगठनों को उन स्टार्ट-अप से जोड़ता है जो प्रासंगिक समाधान विकसित कर रहे हैं।
स्टील बताते हैं कि इस प्रक्रिया में विशिष्ट चुनौतियों की पहचान करना, एक संरचित समीक्षा प्रक्रिया के माध्यम से संभावित समाधानों का मूल्यांकन करना और चयनित कंपनियों को पायलट परियोजनाओं के लिए संगठनों से जोड़ना शामिल है। सफल पायलट परियोजनाएं प्रौद्योगिकियों की उपयोगिता को प्रमाणित कर सकती हैं, जिससे व्यावसायीकरण, निवेश और व्यापक बाज़ार स्वीकृति के द्वार खुलते हैं।
खेल संगठनों के लिए निवेश आकर्षित करने वाली अनेक प्रौद्योगिकियां खिलाड़ी स्वास्थ्य, प्रदर्शन और रिकवरी पर केंद्रित हैं।
इनमें खेल मैदान की सतहों, सुरक्षात्मक उपकरणों, हाइड्रेशन प्रणालियों, पहनने योग्य निगरानी उपकरणों और प्रशिक्षण तथा प्रतिस्पर्धा के दौरान प्रदर्शन को ट्रैक करने वाले उपकरणों से जुड़े नवप्रवर्तन शामिल हैं।
खिलाड़ी स्वास्थ्य और प्रदर्शन संबंधी प्रौद्योगिकियों की पुष्टि
गेटोरेड स्पोर्ट्स साइंस और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं जैसे संगठनों के साथ साझेदारियां भी कंपनियों को नई प्रौद्योगिकियों के विकास और सत्यापन में मदद करती हैं।
स्टील बताते हैं, “गेटोरेड स्पोर्ट्स साइंस जैसे ब्रांडों के साथ काम करके हम समझते हैं कि खिलाड़ियों के लिए हाइड्रेशन और रिकवरी कितनी महत्वपूर्ण है। वहीं टेक्सास की बेयलर स्कॉट एंड व्हाइट हेल्थ जैसी स्वास्थ्य प्रणालियों के साथ काम करके हम यह समझ सकते हैं कि यदि कोई चोट लगती है तो मैदान में वापसी की प्रक्रिया क्या होगी और कौन-सी स्टार्ट-अप प्रौद्योगिकियां तेज़ समयसीमा में सफल वापसी की संभावना बढ़ाने में मदद कर सकती हैं।”
उभरती कंपनियों के लिए पुष्टि करना उतना ही महत्वपूर्ण हो सकता है जितना नवप्रवर्तन। स्टील बताते हैं कि प्रमुख खेल संगठनों और वैश्विक ब्रांडों के साथ साझेदारियां यह प्रदर्शित करने में मदद करती हैं कि प्रौद्योगिकियां वास्तविक और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी प्रभावी ढंग से काम कर सकती हैं।
यह विश्वसनीयता प्रौद्योगिकी को अपनाने की गति बढ़ा सकती है, निवेश आकर्षित कर सकती है और कंपनियों को केवल जमीनी स्तर की वृद्धि की तुलना में कहीं अधिक तेज़ी से विस्तार करने में मदद कर सकती है। वह कहते हैं, “एक बार जब आप फॉर्च्यून 1000 या फॉर्च्यून 500 कंपनियों की उस बाधा को पार कर लेते हैं, तो किसी स्टार्ट-अप प्रौद्योगिकी की विस्तार क्षमता अत्यधिक बढ़ जाती है।”

भारत के खेल बाज़ार के लिए विस्तार की संभावनाएं
स्टील का मानना है कि वही कारक जिसने अमेरिकी खेल-प्रौद्योगिकी बाज़ार को आगे बढ़ाया है—यानी पैमाना—भारत के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर पैदा करता है।
अमेरिका की तरह भारत भी नई प्रौद्योगिकियों के लिए एक विशाल संभावित उपयोगकर्ता आधार प्रदान करता है, जिससे कंपनियों को खेल के विभिन्न स्तरों पर समाधानों का परीक्षण, परिष्करण और विस्तार करने के अवसर मिलते हैं।
वह कहते हैं, “अभी जो सबसे बड़े रुझान मैं देख रहा हूं, वे एआई जनरेशन से जुड़े हैं और ऐसी हर चीज़ से जुड़े हैं जो प्रशंसकों की भागीदारी या खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाती है।”
भारत में स्टील इन अवसरों को देश के विशाल और अत्यंत सक्रिय खेल दर्शक वर्ग से जुड़ा हुआ देखते हैं। वह क्रिकेट को भारत में खेल नवप्रवर्तन के लिए एक विशेष रूप से महत्वपूर्ण अवसर मानते हैं क्योंकि इसका पैमाना, दर्शकों की भागीदारी और व्यावसायिक पहुंच अत्यंत व्यापक है।
एथलीट स्वास्थ्य एक और क्षेत्र है जिसमें बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां अत्यधिक गर्मी पड़ती है।
गर्मी से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करने वाली प्रौद्योगिकियां और उपकरण—जिनमें आहार संबंधी उत्पाद, पहनने योग्य उपकरण, शीतलन सामग्री और गर्मी से होने वाली बीमारियों की निगरानी प्रणालियां शामिल हैं—ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें स्टील को महत्वपूर्ण वृद्धि की संभावना दिखाई देती है।
जैसे-जैसे खेल संगठन, स्टार्ट-अप और निवेशक प्रदर्शन में सुधार, प्रशंसकों की भागीदारी बढ़ाने और खिलाड़ियों के स्वास्थ्य के बेहतर तरीकों की तलाश कर रहे हैं, स्टील का मानना है कि सबसे बड़े अवसर नवप्रवर्तकों और उन संगठनों के बीच मज़बूत संबंध बनाने से आएंगे जो उन्हें विस्तार करने में मदद कर सकते हैं।
अमेरिकी खेल-प्रौद्योगिकी तंत्र से मिलने वाला सबक केवल नई प्रौद्योगिकियों को अपनाने के बारे में नहीं है। यह ऐसे नेटवर्क बनाने के बारे में है जो नवप्रवर्तकों को टीमों, स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं, ब्रांडों और निवेशकों से जोड़ते हैं। यही साझेदारियां आइडिया को पायलट परियोजनाओं से व्यापक स्वीकृति तक पहुंचाने में मदद करती हैं और नवप्रवर्तन को व्यावसायिक अवसरों में बदल देती हैं।
चार्वी अरोड़ा, स्पैन पत्रिका, अमेरिकी दूतावास नई दिल्ली द्वारा लिखा गया
ये भी पढ़ें: Karla Caves: करोड़ों साल पुराने इतिहास को मिला नया आयाम, सिंह स्तंभ के नीचे मिली रहस्यमयी गुफा
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं



