उर्दू साहित्य की दुनिया में गोपाल मित्तल का नाम एक ऐसे शायर, समालोचक और संपादक के तौर पर लिया जाता है, जिन्होंने अपनी कलम से अदब को नई सोच और नया नज़रिया देने की कोशिश की। उनकी शायरी में ज़िंदगी के तजुर्बे, इंसानी फ़ितरत, मोहब्बत, ग़म और समाज की हक़ीक़तों की झलक दिखाई देती है। वहीं, उनकी आलोचनात्मक लेखनी ने उर्दू साहित्य की पुरानी और नई बहसों को समझने में अहम भूमिका निभाई। वह उन साहित्यकारों में शामिल थे, जिन्होंने शायरी के साथ-साथ साहित्यिक पत्रकारिता और आलोचना के मैदान में भी अपनी अलग पहचान बनाई।
गोपाल मित्तल का जन्म 11 जून 1901 को पंजाब के मालेरकोटला में हुआ था। बचपन से ही उन्हें पढ़ने-लिखने और साहित्य में दिलचस्पी थी। उन्होंने लाहौर के सनातन धर्म कॉलेज से बी.ए. की पढ़ाई पूरी की। उस दौर में लाहौर शिक्षा और साहित्य का एक अहम केंद्र हुआ करता था। यहां के साहित्यिक माहौल ने उनके विचारों और लेखन को आगे बढ़ने का मौक़ा दिया। तीलीम पूरी करने के बाद उन्होंने साहित्य की दुनिया में अपनी दिलचस्पी को और गहरा किया।
साल 1948 में गोपाल मित्तल दिल्ली आ गए। यहां उनका जुड़ाव उर्दू की मशहूर मासिक पत्रिका ‘तहरीक’ से हुआ। इस पत्रिका के संपादन की ज़िम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने उर्दू साहित्यिक पत्रकारिता में एक अहम मुकाम हासिल किया। उनके संपादन में ‘तहरीक’ ने साहित्यिक बहसों, नए विचारों और रचनात्मक लेखन को जगह दी। पत्रिका के ज़रिए उन्होंने कई साहित्यकारों और लेखकों के विचारों को पाठकों तक पहुंचाया। उनका संपादकीय नज़रिया सिर्फ़ रचनाओं को प्रकाशित करने तक सीमित नहीं था, बल्कि वह साहित्य को बेहतर ढंग से समझने और उस पर गंभीर बातचीत को बढ़ावा देने में भी यक़ीन रखते थे।
गोपाल मित्तल की साहित्यिक शख़्सियत के कई पहलू थे। वह शायर होने के साथ-साथ एक गंभीर समालोचक भी थे। उनकी आलोचनात्मक रचनाओं में विचारों की स्पष्टता और विषयों को गहराई से समझने की कोशिश दिखाई देती है। उन्होंने अपने लेखन के ज़रिए नए वैचारिक विमर्श को आगे बढ़ाया और साहित्य से जुड़ी पुरानी बहसों को नए संदर्भों में समझने का रास्ता दिखाया। उर्दू आलोचना के क्षेत्र में उनकी यह ख़िदमत ख़ास अहमियत रखती है।
उनकी शायरी में इंसान की मनःस्थिति और उसके भीतर चलने वाली कशमकश को ख़ास जगह मिली। वह इंसानी फ़ितरत, डर, उम्मीद, मोहब्बत और ज़िंदगी की उलझनों को अपने अशआर में बड़ी सादगी से बयान करते थे।
मुझे ज़िंदगी की दुआ देने वाले
हंसी आ रही है तिरी सादगी पर।
इस शेर में शायर ने ज़िंदगी और उसके तजुर्बों को लेकर एक गहरी बात कही है। उनके अंदाज़ में हल्का व्यंग्य भी है और इंसानी सोच पर सवाल भी। शायर उस शख़्स की सादगी पर हैरानी जताता है, जो ज़िंदगी की दुआ दे रहा है, जबकि ज़िंदगी अपने साथ कितनी ही मुश्किलें और आज़माइशें लेकर आती है।
फ़ितरत में आदमी की है मुबहम सा एक ख़ौफ़
उस ख़ौफ़ का किसी ने ख़ुदा नाम रख दिया।
इन मिसरों में वह इंसानी फ़ितरत और उसके भीतर मौजूद अनजाने डर की तरफ़ इशारा करते हैं। शायर के मुताबिक इंसान के मन में एक ऐसा ख़ौफ़ मौजूद रहता है, जिसे वह समझ नहीं पाता। इसी डर को किसी ने ख़ुदा का नाम दे दिया। इस शेर में उनकी सोच और सवाल करने का अंदाज़ साफ़ दिखाई देता है।
उनकी शायरी में मोहब्बत के साथ इंसानी कमज़ोरियों और ख़िवाहिशों का बयान भी मिलता है। वह जानते थे कि इंसान कई बार उन चीज़ों की तरफ़ भी खिंचा चला जाता है, जिनसे उसे बचना चाहिए। इसी कैफ़ियत को उन्होंने कुछ यूं बयान किया है।
क्या कीजिए कशिश है कुछ ऐसी गुनाह में
मैं वर्ना यूं फ़रेब में आता बहार के।
यहां शायर इंसानी दिल की उस कमज़ोरी को सामने लाते हैं, जहां गुनाह की कशिश और बहार का फ़रेब इंसान को अपनी तरफ़ खींचता है। उनके अशआर में ऐसे जज़्बात को बिना किसी बनावट के पेश किया गया है।
गोपाल मित्तल के यहां प्यास, तन्हाई और अधूरेपन जैसे एहसास भी बार-बार दिखाई देते हैं। उनका यह शेर ज़िंदगी की एक गहरी कैफ़ियत बयान करता है।
मेरा साक़ी है बड़ा दरिया-दिल
फिर भी प्यासा हूं कि सहरा हूं मैं।
इस शेर में साक़ी की दरियादिली के बावजूद शायर अपनी प्यास को ख़त्म होता नहीं देखता। वह खुद को सहरा यानी रेगिस्तान से जोड़कर अपनी बेपनाह प्यास और अधूरेपन का एहसास कराते हैं। यह प्यास सिर्फ़ पानी की नहीं, बल्कि इंसानी ख़्वाहिशों और ज़िंदगी की अधूरी उम्मीदों की भी हो सकती है।
उनकी शायरी में आज़ादी और इंसान की उड़ान का विचार भी मिलता है। वह पिंजरे और आशियाने, दोनों को इंसान की परवाज़ के रास्ते में रुकावट के रूप में देखते हैं। उनका यह शेर इसी सोच को सामने रखता है।
ख़ुदा गवाह कि दोनों हैं दुश्मन-ए-परवाज़
ग़म-ए-क़फ़स हो कि राहत हो आशियाने की।
इन अशआर में शायर कहते हैं कि चाहे पिंजरे का दुख हो या आशियाने का आराम, दोनों ही इंसान की उड़ान को सीमित कर सकते हैं। उनके लिए असल अहमियत आज़ाद सोच और अपनी मंज़िल की तलाश की है।
गोपाल मित्तल की शायरी में मोहब्बत की कसक और जुदाई का दर्द भी बेहद ख़ूबसूरत अंदाज़ में सामने आता है। वह अपने जज़्बात को सीधे शब्दों में कहने के बजाय कई बार उन्हें दिल में ही छिपाए रखते हैं।
मिरी जां गो तुझे दिल से भुलाया जा नहीं सकता
मगर ये बात मैं अपनी ज़बां पर ला नहीं सकता।
इस शेर में मोहब्बत और ख़ामोशी का एक अलग ही रंग दिखाई देता है। शायर अपने महबूब को भुला नहीं सकता, लेकिन अपने दिल की बात ज़बान पर लाने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाता। यही कशमकश इस शेर को असरदार बनाती है।
गोपाल मित्तल को उनकी अदबी और तन्कीदी ख़िदमात के लिए कई सम्मान भी मिले। उन्हें ग़ालिब अवॉर्ड और बिहार उर्दू अकादमी अवॉर्ड से नवाज़ा गया। ये सम्मान उर्दू साहित्य और आलोचना के क्षेत्र में उनके योगदान की अहमियत को दर्शाते हैं।
15 मार्च 1993 को दिल्ली में उनका इंतिक़ाल हो गया। हालांकि वह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी शायरी, आलोचनात्मक लेखन और संपादकीय योगदान उर्दू अदब की दुनिया में उनकी पहचान को ज़िंदा रखे हुए हैं। गोपाल मित्तल उन साहित्यकारों में से थे, जिन्होंने कलम को केवल जज़्बात के इज़हार का ज़रिया नहीं बनाया, बल्कि समाज, इंसान और साहित्य को समझने का एक अहम माध्यम भी बनाया। उनकी रचनाएं आज भी पाठकों को सोचने, सवाल करने और ज़िंदगी को नए नज़रिए से देखने का मौक़ा देती हैं।
ये भी पढ़ें: ज़फ़र इक़बाल: उर्दू ग़ज़ल को नए ख़्याल और अंदाज़ से सजाने वाले शायर
आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं


