Thursday, November 19, 2026
27 C
Delhi

‘Guru Ka Lahore’: इतिहास, धार्मिक अहमियत और देखने लायक जगहें

सिख इतिहास कई अनोखी, रूहानी और ऐतिहासिक घटनाओं से भरा हुआ है। ये इतिहास सिर्फ़ जंग और शहादत तक ही महदूद नहीं है, बल्कि इसमें गुरु साहिबान की ज़िंदगी, उनके चमत्कार, संगत के लिए प्यार, सेवा का जज़्बा और इंसानियत की सीख भी शामिल है। सिख इतिहास में ऐसी कई पाक जगहें हैं, जिनका सीधा रिश्ता गुरु साहिबान की ज़िंदगी से है। इन्हीं में से एक अहम ऐतिहासिक जगह है ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore)।

‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) वो पाक जगह है, जिसका रिश्ता दसवें सिख गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और माता जीतो जी के आनंद कारज (शादी) से है। ये जगह हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर ज़िले में मौजूद है। ये श्री आनंदपुर साहिब से करीब 12 से 15 किलोमीटर उत्तर की तरफ़ पहाड़ियों के बीच बसी हुई है। यहां का ख़ूबसूरत कुदरती नज़ारा, पहाड़ियां और ऐतिहासिक गुरुद्वारे इस जगह को ख़ास धार्मिक अहमियत देते हैं।

इस जगह का नाम भी अपने आप में एक दिलचस्प तारीख़ समेटे हुए है। दरअसल, लाहौर से आई संगत की ख़्वाहिश का एहतराम करते हुए गुरु साहिब ने आनंदपुर साहिब के पास ही एक नया नगर बसाया था। बाद में इस जगह को ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) के नाम से जाना जाने लगा। आज ये जगह गुरु साहिब की शादी की याद में देश-विदेश से आने वाली संगत के लिए आस्था का एक बड़ा मरकज़ है।

भाई हरि जस जी की ख़्वाहिश और गुरु साहिब से रिश्ता

‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) का इतिहास नौवें सिख गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी के समय से जुड़ा हुआ है। ऐतिहासिक मान्यताओं के मुताबिक, लाहौर के रहने वाले भाई हरि जस जी, जिनका नाम कुछ जगहों पर हरजस राय भी मिलता है, गुरु तेग बहादुर जी के दर्शन करने श्री आनंदपुर साहिब पहुंचे थे। वो एक संपन्न खत्री परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनकी दिली ख़्वाहिश थी कि उनकी बेटी जीतो जी का रिश्ता साहिबजादा गोबिंद राय जी के साथ हो।

Photo Credit: Sikhplaces

भाई हरि जस जी ने अपनी ये ख़्वाहिश गुरु साहिब के सामने रखी। उन्होंने अपनी बेटी की सगाई का शगुन साहिबजादा गोबिंद राय जी को दिया और गुज़़ारिश की कि शादी की बारात लाहौर आए, ताकि वो अपने शहर में गुरु साहिब और संगत का शानदार तरीके से स्वागत कर सकें। उस समय लाहौर मुगल हुकूमत का एक बड़ा केंद्र था। श्री गुरु तेग बहादुर जी के समय धार्मिक आज़ादी को लेकर हालात तनावपूर्ण थे। ऐसे माहौल में आनंदपुर साहिब से लाहौर तक बारात लेकर जाना आसान नहीं था। इससे कम उम्र के साहिबजादा गोबिंद राय जी और उनके साथ आने वाली संगत की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता था।

‘गुरु का लाहौर’ की स्थापना

गुरु साहिब संगत की भावनाओं का पूरा ख्याल रखते थे। वो नहीं चाहते थे कि भाई हरि जस जी की ख़्वाहिश अधूरी रह जाए। इसलिए गुरु साहिब ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्हें लाहौर जाने की ज़रूरत नहीं है। आनंदपुर साहिब के पास ही ऐसा इंतज़ाम किया जाएगा, जहां शादी की सभी रस्में उनकी ख़्वाहिश के मुताबिक पूरी हो सकें।

ऐतिहासिक मान्यताओं के मुताबिक, गुरु साहिब ने भाई हरि जस जी से अपने रिश्तेदारों और शादी के ज़रूरी सामान के साथ वहां पहुंचने के लिए कहा। इसके बाद आनंदपुर साहिब के उत्तर में गांव बसंतगढ़ के पास पहाड़ियों के बीच एक अस्थायी नगर बसाया गया। यहां संगत के ठहरने के लिए तंबू लगाए गए और शादी के सभी ज़रूरी इंतज़ाम किए गए। धीरे-धीरे वहां शादी की रौनक बढ़ने लगी।

Photo Credit: Sikh Dharam international

इस तरह लाहौर से आए परिवार की ख़्वाहिश पूरी करने के लिए गुरु साहिब ने इस जगह का नाम ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) रखा। आज भी ये नाम उस ऐतिहासिक घटना की याद दिलाता है, जब गुरु साहिब ने संगत की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनके लिए एक नया नगर बसाया था।

श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का आनंद कारज (विवाह)

सिख इतिहास की मान्यताओं के मुताबिक, साहिबजादा गोबिंद राय जी की शादी माता जीतो जी के साथ ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) में हुई थी। माता जीतो जी को बाद के ऐतिहासिक लेखों में माता अजीत कौर जी के नाम से भी याद किया जाता है। इस पाक शादी में गुरु परिवार, भाई हरि जस जी के रिश्तेदार और बड़ी तादाद में संगत शामिल हुई थी। गुरु साहिब का आनंद कारज सिख धर्म की रीति-रिवाजों के मुताबिक हुआ। इस मौके पर गुरु का लंगर लगातार चलता रहा और संगत ने मिलकर गुरु घर की ख़ुशियों में हिस्सा लिया।

शादी की तारीख़ को लेकर अलग-अलग ऐतिहासिक किताबों और मान्यताओं में थोड़ा फर्क मिलता है। कुछ जगहों पर 23 हाड़, 1734 विक्रमी यानी 21 जून 1677 का ज़िक्र मिलता है, जबकि कुछ दूसरे स्रोतों में अलग तारीख़ बताई गई है। इसलिए शादी की तारीख़ बताते समय इन ऐतिहासिक मतभेदों का ध्यान रखना ज़रूरी है। ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) आज भी इसी ऐतिहासिक आनंद कारज की याद को संजोए हुए है। यही वजह है कि ये जगह सिख संगत के लिए सिर्फ़ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि गुरु परिवार की ज़िंदगी से जुड़ी एक पाक यादगार भी है।

Photo Credit: Sikhplaces

गुरु का लाहौर के तीन प्रमुख गुरुद्वारे

आज ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) में तीन प्रमुख गुरुद्वारे हैं, जहां बड़ी संख्या में संगत माथा टेकने पहुंचती है। इनके नाम हैं- गुरुद्वारा आनंद कारज स्थान, गुरुद्वारा पौड़ साहिब और गुरुद्वारा त्रिवेणी साहिब। इन तीनों गुरुद्वारों का रिश्ता गुरु साहिब से जुड़ी ऐतिहासिक मान्यताओं और पानी के प्राकृतिक स्रोतों से है।

गुरुद्वारा आनंद कारज स्थान पातशाही दसवीं

गुरुद्वारा आनंद कारज स्थान, ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) का सबसे ख़ास ऐतिहासिक गुरुद्वारा है। ये उस पाक जगह की याद दिलाता है, जहां श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और माता जीतो जी का आनंद कारज (विवाह) हुआ था। इस गुरुद्वारा साहिब की मौजूदा इमारत काफी ख़ूबसूरत और बड़ी है। इसके निर्माण और विकास में आनंदपुर साहिब के जाने-माने सेवादार संत सेवा सिंह जी का ख़ास योगदान बताया जाता है।

गुरुद्वारे के मुख्य दरबार हॉल में संगमरमर का ख़ूबसूरत फर्श है और यहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश होता है। गुरुद्वारा साहिब के साथ ही संगत के बैठने और गुरबाणी कीर्तन सुनने के लिए एक बड़ा हॉल भी है। इसके पास ही गुरु का लंगर चलता है, जहां आने वाली संगत को लंगर छकाया जाता है। गुरु घर की ये परंपरा सेवा, बराबरी और मिल-जुलकर रहने का पैगाम देती है।

Photo Credit: Sikh Wiki

गुरुद्वारा पौड़ साहिब

गुरुद्वारा पौड़ साहिब, गुरुद्वारा आनंद कारज स्थान से कुछ दूरी पर बना हुआ है। इस जगह का रिश्ता एक कुदरती जल स्रोत से जुड़ा है। स्थानीय लोगों की मान्यता और ऐतिहासिक रिवायत के मुताबिक, शादी के दौरान संगत और बारातियों के लिए पीने के पानी की ज़रूरत महसूस हुई थी। कहा जाता है कि उस समय गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने घोड़े को एक जगह पर पैर मारने का इशारा किया। घोड़े के खुर से ज़मीन के अंदर से मीठे और ठंडे पानी का चश्मा निकल आया।

इसी रिवायत की वजह से इस जगह का नाम ‘पौड़ साहिब’ पड़ा। यहां बना गुरुद्वारा साहिब आकार में छोटा, लेकिन बेहद ख़ूबसूरत है। इसकी इमारत पर गुंबद बना हुआ है। अंदर की सजावट में रंगीन कांच और नक़्क़ाशीदार पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है। ये जगह संगत को गुरु साहिब से जुड़ी उस ऐतिहासिक रिवायत की याद दिलाती है, जिसमें पानी की ज़रूरत पूरी करने के लिए चश्मा निकलने का ज़िक्र मिलता है।

Photo Credit: Social Media

गुरुद्वारा त्रिवेणी साहिब

गुरुद्वारा त्रिवेणी साहिब, ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) का एक और अहम धार्मिक स्थल है। ये एक कुदरती जल स्रोत के पास बना हुआ है। ऐतिहासिक मान्यता के मुताबिक, गुरु गोबिंद सिंह जी ने संगत के लिए पानी का इंतज़ाम करने के लिए यहां अपनी कृपाण या भाला ज़मीन में मारा था। ऐसा कहा जाता है कि इसके बाद ज़मीन से पानी की धाराएं निकलने लगीं। कुछ रिवायतों में इस जगह को ‘कृपाण बावली’ या ‘भाला बावली’ भी कहा जाता है। बाद में यहां से पानी की तीन धाराएं निकलने की वजह से इसका नाम ‘त्रिवेणी साहिब’ मशहूर हुआ।

त्रिवेणी का आम मतलब तीन धाराओं या नदियों के मिलने की जगह से है। गुरुद्वारा साहिब की इमारत खूबसूरत होने के साथ-साथ सादगी भरी भी है। इसके फर्श पर संगमरमर लगा है और ऊपर एक गुंबद बना हुआ है। इसके पास ही पवित्र जल स्रोत और सरोवर है, जहां संगत श्रद्धा के साथ स्नान करती है। कुदरती पानी और पहाड़ी माहौल इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं।

Photo Credit: travelwithanki

गुरु का लाहौर के धार्मिक मेले और परंपराएं

‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) में पूरे साल संगत का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन कुछ ख़ास धार्मिक मौकों पर यहां बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं। गुरु का लाहौर में गुरु गोबिंद सिंह जी के विवाह की याद में ख़ास धार्मिक कार्यक्रम किए जाते हैं। बसंत पंचमी के मौके पर यहां बड़ी संख्या में संगत पहुंचती है। इन कार्यक्रमों में गुरबाणी कीर्तन, कथा-विचार, अरदास और गुरु का लंगर ख़ास तौर पर शामिल होते हैं।

पंजाब, हिमाचल प्रदेश और दूसरे राज्यों से भी संगत यहां माथा टेकने आती है। श्री आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला मनाने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस मौके पर कई संगत ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) के दर्शन भी करती हैं। इस तरह ये जगह आनंदपुर साहिब की धार्मिक यात्रा का एक अहम हिस्सा बन गई है।

सिख राज के दौरान इस जगह की देखभाल

सिख राज के समय धार्मिक जगहों की देखभाल और लंगर की परंपरा को बढ़ावा दिया जाता था। ऐतिहासिक रिवायतों में ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) से जुड़ी ज़मीन और उससे होने वाली आमदनी का भी ज़िक्र मिलता है। माना जाता है कि इस ज़मीन से मिलने वाली आमदनी का इस्तेमाल गुरुद्वारा साहिब की देखभाल और लंगर के इंतज़ाम में किया जाता रहा होगा। इस जगह की अहमियत सिर्फ़ यहां बनी इमारतों या ज़मीन तक ही महदूद नहीं है। यहां आने वाली संगत गुरु साहिब की ज़िंदगी से जुड़ी यादों को नमन करती है। गुरुद्वारा साहिब की सेवा, गुरु का लंगर और संगत का आपसी जुड़ाव इस जगह की धार्मिक पहचान का अहम हिस्सा हैं।

Photo Credit: Mappls

गुरु का लाहौर से मिलने वाला रूहानी संदेश

‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) का इतिहास हमें कई अहम बातें सिखाता है। सबसे पहली बात ये है कि गुरु साहिब अपनी संगत से कितना प्यार करते थे और उनकी भावनाओं की कितनी कद्र करते थे। भाई हरि जस जी की इच्छा का सम्मान करते हुए गुरु साहिब ने उनकी सुविधा के मुताबिक शादी का इंतज़ाम करवाया। दूसरी बात, ये जगह हमें सिखाती है कि समय और हालात को समझकर समझदारी से फैसले लेने चाहिए। उस दौर के राजनीतिक हालात को देखते हुए गुरु साहिब ने ऐसा रास्ता चुना, जिससे संगत की इच्छा भी पूरी हुई और किसी बेवजह के खतरे से भी बचा जा सका।

तीसरी बात, पौड़ साहिब और त्रिवेणी साहिब से जुड़ी परंपराएं हमें पानी की अहमियत समझाती हैं। साथ ही, ये बताती हैं कि गुरु घर में संगत की बुनियादी ज़रूरतों का भी कितना ख्याल रखा जाता था। सिख धर्म में सेवा, नम्रता, आपसी भाईचारे और इंसानियत की भलाई को हमेशा ख़ास जगह दी गई है।

गौर करने वाली बात है कि गुरु का लाहौर सिर्फ़ एक ऐतिहासिक जगह नहीं है, बल्कि ये सिख धर्म की पुरानी परंपराओं, गुरु और संगत के गहरे प्यार और गुरु साहिब की ज़िंदगी से जुड़ी पवित्र यादों का प्रतीक है। हिमाचल प्रदेश की ख़ूबसूरत पहाड़ियों के बीच बसा ये स्थान आज भी संगत को रूहानी सुकून देता है और उन्हें गुरु घर से जुड़ने का मौका देता है।

गुरुद्वारा आनंद कारज स्थान, पौड़ साहिब और त्रिवेणी साहिब के दर्शन करने आने वाली संगत यहां के इतिहास और धार्मिक अहमियत को करीब से जानती है। ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) हमें ये भी याद दिलाता है कि गुरु साहिबान ने हमेशा संगत की भावनाओं का सम्मान किया और इंसानियत की भलाई को सबसे ऊपर रखा। इस ऐतिहासिक जगह की देखभाल करना, इससे जुड़ी पुरानी परंपराओं और इतिहास को सहेजना और नई पीढ़ी को इसके बारे में बताना हम सबकी ज़िम्मेदारी है। ‘गुरु का लाहौर’ (Guru Ka Lahore) सिख विरासत का एक अनमोल हिस्सा है। यहां आकर हर श्रद्धालु के मन में गुरु साहिब के लिए श्रद्धा और सम्मान और भी बढ़ जाता है।

लेख: सुखविंदर कौर

इस लेख को पंजाबी में पढ़ें

ये भी पढ़ें- जहां खिलौना हवाई जहाज़ बनता है मुरादों का ज़रिया, जानिए गुरुद्वारा तलहण साहिब की कहानी

आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

धागों में बुनी मिजोरम की कहानी, जानिए क्या है Puanchei की ख़ासियत?

भारत के उत्तर-पूर्व में बसा मिजोरम अपनी ख़ूबसूरत पहाड़ियों,...

सरपेच से सरताज तक: Cartier का ‘Tiger Eye’ और नवानगर के महाराजा की शान

जब बात शाही ज़ेवरात की होती है, तो ज़हन...

कुंवर नारायण: संवेदना, मानवीयता और जीवन के गहरे सवालों के कवि

हिंदी साहित्य में कुंवर नारायण का नाम उन प्रमुख...

दुष्यंत कुमार: वो कवि, जिसने ग़ज़ल को आम आदमी की आवाज़ बनाया

हिंदी साहित्य में दुष्यंत कुमार का नाम उन शायरों...

Topics

धागों में बुनी मिजोरम की कहानी, जानिए क्या है Puanchei की ख़ासियत?

भारत के उत्तर-पूर्व में बसा मिजोरम अपनी ख़ूबसूरत पहाड़ियों,...

कुंवर नारायण: संवेदना, मानवीयता और जीवन के गहरे सवालों के कवि

हिंदी साहित्य में कुंवर नारायण का नाम उन प्रमुख...

दुष्यंत कुमार: वो कवि, जिसने ग़ज़ल को आम आदमी की आवाज़ बनाया

हिंदी साहित्य में दुष्यंत कुमार का नाम उन शायरों...

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना: जिनकी कविताओं में धड़कती आम इंसान की ज़िंदगी

हिंदी साहित्य में सर्वेश्वरदयाल सक्सेना का नाम उन कवियों...

Chhau Dance: जहां कदम बन जाते हैं कहानी और मुखौटे देते हैं किरदारों को पहचान

कभी तलवारों की टकराहट और युद्ध के दांव-पेच, तो...

Related Articles

Popular Categories