हिंदी साहित्य में दुष्यंत कुमार का नाम उन शायरों और कवियों में शुमार है, जिन्होंने अपनी ग़ज़लों के ज़रिए आम आदमी के दर्द, समाज की परेशानियों और व्यवस्था की सच्चाई को बेबाक अंदाज़ में बयान किया। उनकी शायरी में जहां मोहब्बत और ज़िंदगी के एहसास मिलते हैं, वहीं सामाजिक बदलाव की चाह और इंसाफ़ की आवाज़ भी सुनाई देती है। उनकी ग़ज़लें आज भी लोगों की ज़ुबान पर हैं और हर दौर में नए मायने रखती हैं।
मैं जिसे ओढ़ता-बिछाता हूं,
वो ग़ज़ल आपको सुनाता हूं।
दुष्यंत कुमार की पैदाइश उत्तर प्रदेश के बिजनौर ज़िले के राजपुर नवादा गांव में 1 सितंबर 1933 को हुयी थी। उनका पूरा नाम दुष्यंत कुमार त्यागी था। उन्होंने अपनी शुरुआती रचनाएं ‘दुष्यंत कुमार परदेशी’ नाम से लिखीं। बचपन से ही उन्हें साहित्य और लेखन में दिलचस्पी थी। 10वीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने कविताएं लिखना शुरू कर दिया था।
आगे चलकर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान उनकी साहित्यिक प्रतिभा को नई पहचान मिली। यहां उन्हें कई साहित्यकारों का साथ मिला। वह ‘परिमल’ और ‘नए पत्ते’ जैसी साहित्यिक संस्थाओं से भी जुड़े। इसी दौरान कमलेश्वर और मार्कण्डेय जैसे लेखकों के साथ उनकी दोस्ती भी काफी चर्चित रही।
दुष्यंत कुमार ने कविता, ग़ज़ल, नाटक, एकांकी और उपन्यास जैसी कई विधाओं में लेखन किया, लेकिन उन्हें सबसे ज़्यादा शोहरत हिंदी ग़ज़लों से मिली। उनकी ग़ज़लों की ख़ास बात यह थी कि उनमें आम आदमी की ज़िंदगी, उसके संघर्ष, समाज में फैली बेइंसाफ़ी और राजनीतिक व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए गए। उनकी भाषा आसान थी, लेकिन उनके अल्फ़ाज़ का असर गहरा था। यही वजह है कि उनकी रचनाएं साहित्य की दुनिया से निकलकर आम लोगों के बीच भी लोकप्रिय हुईं।
उनका मशहूर ग़ज़ल-संग्रह ‘साये में धूप’ हिंदी साहित्य की अहम कृतियों में गिना जाता है। इस संग्रह की ग़ज़लों में समाज की सच्चाई, इंसानी तकलीफ़ और बदलाव की उम्मीद साफ़ दिखाई देती है। उनकी ये पंक्तियां आज भी लोगों को सोचने और अपने हक़ के लिए आवाज़ उठाने का हौसला देती हैं।
सिर्फ़ हंगामा खड़ा करना मेरा मक़सद नहीं,
मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए।
इसी तरह उनकी एक और मशहूर ग़ज़ल की पंक्तियां हैं
हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए,
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।
इन पंक्तियों में समाज के दर्द को दूर करने और बदलाव की राह तलाशने का पैग़ाम मिलता है। साल 2011 के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान भी इन पंक्तियों को खूब गाया और दोहराया गया। उनकी ग़ज़लों के कई हिस्से फ़िल्मों और टेलीविजन कार्यक्रमों में भी इस्तेमाल किए गए। फ़िल्म ‘हल्ला बोल’ में उनकी ग़ज़ल ‘साये में धूप’ की मशहूर पंक्तियां सुनाई दीं। वहीं फ़िल्म ‘मसान’ में उनकी कविता की पंक्ति ‘तू किसी रेल-सी गुज़रती है’ को गीत के रूप में पेश किया गया। साल 2017 में आई फ़िल्म ‘इरादा’ में भी उनकी कविता ‘हो गई है पीर पर्वत-सी’ के अंश शामिल किए गए।
दुष्यंत कुमार का साहित्य सिर्फ़ ग़ज़लों तक सीमित नहीं रहा। उनके प्रमुख काव्य-संग्रहों में ‘सूर्य का स्वागत’, ‘आवाज़ों के घेरे’ और ‘जलते हुए वन का वसंत’ शामिल हैं। उपन्यास के क्षेत्र में उन्होंने ‘छोटे-छोटे सवाल’, ‘आंगन में एक वृक्ष’ और ‘दुहरी ज़िंदगी’ जैसी रचनाएं लिखीं। इसके अलावा उनका प्रसिद्ध नाटक ‘और मसीहा मर गया’, एकांकी ‘मन के कोण’ और काव्य-नाटक ‘एक कंठ विषपायी’ भी साहित्य में उनकी रचनात्मक प्रतिभा को दर्शाते हैं।
30 दिसंबर 1975 को महज़ 42 साल की उम्र में दुष्यंत कुमार का निधन हो गया। उनके साहित्यिक योगदान को सम्मान देते हुए भारत सरकार ने सितंबर 2009 में उनके नाम पर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में उनके जीवन और साहित्य को समर्पित ‘दुष्यंत कुमार स्मारक पांडुलिपि संग्रहालय’ भी स्थापित किया गया है।
दुष्यंत कुमार भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी ग़ज़लें आज भी समाज की सच्चाई बयान करती हैं। उनके अल्फ़ाज़ में आम आदमी का दर्द, उम्मीद और बदलाव की चाह मौजूद है। यही वजह है कि उनकी शायरी हर दौर में प्रासंगिक बनी हुई है। उनकी एक मशहूर पंक्ति उनके पूरे साहित्यिक नज़रिए को बखूबी बयान करती है।
मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही,
हो कहीं भी आग, लेकिन आग जलनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: ज़फ़र इक़बाल: उर्दू ग़ज़ल को नए ख़्याल और अंदाज़ से सजाने वाले शायर
आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं



