Wednesday, November 18, 2026
25.1 C
Delhi

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना: जिनकी कविताओं में धड़कती आम इंसान की ज़िंदगी

हिंदी साहित्य में सर्वेश्वरदयाल सक्सेना का नाम उन कवियों में लिया जाता है, जिन्होंने अपनी कविताओं के ज़रिए आम इंसान की ज़िंदगी, उसके संघर्ष, भावनाओं और समाज की सच्चाइयों को बख़ूबी बयान किया। उनकी रचनाओं में गांव की मिट्टी की ख़ुशबू, रिश्तों की गर्माहट, प्रकृति से लगाव और समाज के दबे-कुचले लोगों का दर्द साफ़ दिखाई देता है।

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की पैदाइश 15 सितंबर 1927 को उत्तर प्रदेश के बस्ती में हुयी थी। उनकी शुरुआती शिक्षा के बाद उच्च शिक्षा काशी और इलाहाबाद में पूरी हुई। पढ़ाई के बाद उन्होंने कुछ समय तक अध्यापन किया और सरकारी दफ़्तर में भी काम किया। इसके बाद वे आकाशवाणी से जुड़े। आगे चलकर मशहूर साहित्यकार अज्ञेय के आमंत्रण पर उन्होंने ‘दिनमान’ पत्रिका में काम करना शुरू किया। कुछ समय तक वे बच्चों की लोकप्रिय पत्रिका ‘पराग’ के संपादक भी रहे।

कविता में आम आदमी की आवाज़

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना ने 1951 के आसपास कविता लिखना शुरू किया। धीरे-धीरे साहित्यिक दुनिया में उनकी पहचान बनने लगी। ‘परिमल गोष्ठी’ में उनकी कविताओं पर चर्चा हुई और उन्हें नई कविता आंदोलन की एक महत्वपूर्ण आवाज़ के रूप में देखा जाने लगा। साल 1959 में उनका पहला कविता-संग्रह ‘काठ की घंटियां’ प्रकाशित हुआ। इसी साल उनकी कविताएं अज्ञेय द्वारा संपादित ‘तीसरा सप्तक’ में भी शामिल की गईं।

उनकी कविताओं में भारतीय गांव का जीवन, आम लोगों की परेशानियां और समाज में फैली असमानता की झलक मिलती है। उनकी सोच पर समाजवादी विचारधारा का भी गहरा असर था। वे उन लोगों की तकलीफ़ों को अपनी कविता का हिस्सा बनाते थे, जिन्हें अक्सर समाज में अनदेखा कर दिया जाता है।

उनकी कविताओं में प्रकृति का भी एक ख़ास स्थान है। चिड़िया, पेड़ की टहनी, बारिश की बूंद और घास जैसी छोटी-छोटी चीज़ों के ज़रिए वे जीवन की गहरी संवेदनाओं को सामने लाते हैं। उनके लिए प्रकृति सिर्फ़ सुंदरता का प्रतीक नहीं थी, बल्कि मुश्किल वक़्त में इंसान का साथ निभाने वाली एक सच्ची हमदर्द भी थी।

कविता से पत्रकारिता और रंगमंच तक

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की प्रतिभा सिर्फ़ कविता तक सीमित नहीं रही। उन्होंने नाटक, उपन्यास, यात्रा-संस्मरण और बाल साहित्य में भी अपनी लेखनी का हुनर दिखाया। पत्रकार के रूप में ‘दिनमान’ में प्रकाशित उनका स्तंभ ‘चरचे और चरखे’ काफ़ी चर्चित रहा। इस स्तंभ के ज़रिए वे अपने दौर के सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक़ी और संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखते थे।

उन्होंने रंगमंच, नृत्य और संस्कृति जैसे विषयों पर भी समीक्षात्मक लेख लिखे। उनके नाटकों में ‘बकरी’, ‘लड़ाई’, ‘अब ग़रीबी हटाओ’, ‘कल भात आएगा’ और ‘हवालात’ प्रमुख हैं। वहीं बच्चों के लिए उन्होंने ‘बतूता का जूता’, ‘महंगू की टाई’, ‘भों-भों खों-खों’ और ‘लाख की नाक’ जैसी रचनाएं लिखीं।

उनके प्रमुख कविता-संग्रहों में ‘काठ की घंटियां’, ‘बांस का पुल’, ‘एक सूनी नाव’, ‘गर्म हवाएं’, ‘कुआनो नदी’, ‘जंगल का दर्द’, ‘खूंटियों पर टंगे लोग’ और ‘कोई मेरे साथ चले’ शामिल हैं। इसके अलावा उनका उपन्यास ‘सूने चौखटे’ और लघु उपन्यास ‘पागल कुत्तों का मसीहा’ तथा ‘सोया हुआ जल’ भी उल्लेखनीय हैं।

साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की साहित्यिक प्रतिभा को देशभर में सराहना मिली। उनके कविता-संग्रह ‘खूंटियों पर टंगे लोग’ के लिए उन्हें 1983 में साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान हिंदी कविता में उनके महत्वपूर्ण योगदान की पहचान बना।

उनकी कविताओं में रिश्तों की नज़दीकी, इंसानी जज़्बात और समाज को समझने की एक अलग नज़र मिलती है। उनकी एक कविता में वे कहते हैं कि बिना एक-दूसरे को जाने भी पास-पास होना और धमनियों में बजते संगीत को महसूस करना कितना ख़ूबसूरत अनुभव है। वहीं उनकी कविता में सिगरेट पीती हुई औरत का ज़िक्र भी एक अलग सोच को सामने लाता है, जहां औरत अपनी पहचान और स्वतंत्रता के साथ दिखाई देती है।

बच्चों की दुनिया और उनकी कल्पनाओं को भी उन्होंने बेहद ख़ूबसूरती से समझा। उनकी कविता में बच्चा नक़्शा बनाता है, उसमें रंग भरता है और फिर उसे फाड़ देता है। इन छोटी-छोटी हरकतों के ज़रिए कवि इंसान की कल्पना, आज़ादी और सोच की नई दिशाओं की ओर इशारा करते हैं।

सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की शायरी और कविताओं की ख़ासियत यही है कि वे आम ज़िंदगी की छोटी-छोटी बातों में बड़े मायने तलाशते हैं। उनकी रचनाएं आज भी पाठकों को सोचने, महसूस करने और अपने आसपास की दुनिया को एक नए नज़रिए से देखने का मौक़ा देती हैं।

ये भी पढ़ें: ज़फ़र इक़बाल: उर्दू ग़ज़ल को नए ख़्याल और अंदाज़ से सजाने वाले शायर

आप हमें Facebook,Instagram,Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब  कर सकते हैं

Mohd Saboor Ali
Mohd Saboor Alihttps://hindi.dnn24.com/
मोहम्मद सबूर अली DNN24 में सीनियर मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर हैं। उन्हें डिजिटल पत्रकारिता, क्रिएटिव स्टोरीटेलिंग और वीडियो प्रोडक्शन में 5+ वर्षों का अनुभव है। वे शिक्षा, सफलता की कहानियों, पॉडकास्ट और उर्दू शायरी से जुड़ी ख़बरों को कवर करते हैं। पहले वे ‘Khel Cafe’ और ‘Jandarshan News’ के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से पत्रकारिता एवं जनसंचार में एमए की पढ़ाई पूरी की और साल 2026 में Exchange4Media की ओर से उन्हें Urdu Journalism Award से सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Hot this week

दुष्यंत कुमार: वो कवि, जिसने ग़ज़ल को आम आदमी की आवाज़ बनाया

हिंदी साहित्य में दुष्यंत कुमार का नाम उन शायरों...

Chhau Dance: जहां कदम बन जाते हैं कहानी और मुखौटे देते हैं किरदारों को पहचान

कभी तलवारों की टकराहट और युद्ध के दांव-पेच, तो...

अनवर मसूद: हंसी के अंदाज़ में ज़िंदगी की तल्ख़ सच्चाइयां बयां करने वाले शायर

अनवर मसूद पाकिस्तान के मशहूर शायर, शिक्षक और साहित्यकार...

Topics

दुष्यंत कुमार: वो कवि, जिसने ग़ज़ल को आम आदमी की आवाज़ बनाया

हिंदी साहित्य में दुष्यंत कुमार का नाम उन शायरों...

Chhau Dance: जहां कदम बन जाते हैं कहानी और मुखौटे देते हैं किरदारों को पहचान

कभी तलवारों की टकराहट और युद्ध के दांव-पेच, तो...

अनवर मसूद: हंसी के अंदाज़ में ज़िंदगी की तल्ख़ सच्चाइयां बयां करने वाले शायर

अनवर मसूद पाकिस्तान के मशहूर शायर, शिक्षक और साहित्यकार...

ठेकुआ: छठ पूजा का पवित्र प्रसाद, जो सिर्फ़ मिठाई नहीं, एहसास है

छठ पूजा की पहचान सिर्फ़ सूर्य उपासना नहीं, बल्कि...

इफ़्तिख़ार नसीम : उर्दू शायरी में मोहब्बत और अपनी पहचान की आवाज़

इफ़्तिख़ार नसीम ‘इफ़्ती’ उर्दू, पंजाबी और अंग्रेज़ी के मशहूर...

रज़ा अली आबिदी: अपनी आवाज़ से इतिहास और तहज़ीब को ज़िंदा करने वाले पत्रकार

उर्दू पत्रकारिता और रेडियो प्रसारण की दुनिया में रज़ा...

Related Articles

Popular Categories