इमाम अहमद रज़ा ख़ान बरेलवी को दुनिया आला हज़रत और मुजद्दिद-ए-मात हज़रा जैसे ख़िताबों से भी याद करती है। उनकी पैदाइश 14 जून 1856 को बरेली में हुई थी। वह अपने दौर के मशहूर इस्लामी आलिम, मुफ़स्सिर, फ़क़ीह और लेखक थे। उनका संबंध हनफ़ी फ़िक़्ह से था।
आला हज़रत की पहचान सिर्फ़ एक बड़े धार्मिक विद्वान के रूप में नहीं थी, बल्कि इश्क़-ए-रसूल उनकी ज़िंदगी का सबसे अहम पहलू था। उन्होंने पैग़ंबर की शान में बड़ी तादाद में नात, सलाम और मनक़बत लिखीं। उनकी नातिया शायरी में मोहब्बत, अदब और अकीदत का गहरा रंग दिखाई देता है।
अल्लाह की सर-ता-ब-क़दम शान हैं ये
इन सा नहीं इंसान, वो इंसान हैं ये
इल्म का विशाल ख़ज़ाना
आला हज़रत ने अपनी शुरुआती तालीम घर पर ही अपने वालिद मौलाना नक़ी अली ख़ान से हासिल की। उर्दू, फ़ारसी और अरबी की तालीम के बाद उन्होंने अपने वालिद से विभिन्न उलूम हासिल किए। उन्होंने अपने दौर के कई उलेमा से भी इल्म हासिल किया और फ़िक़्ह, हदीस, तफ़्सीर, गणित, जफ़र तथा दूसरे विषयों में महारत हासिल की।
उनकी इल्मी ज़िंदगी का सबसे बड़ा काम फ़तावा-ए-रज़विया माना जाता है। यह फ़तावों का एक विशाल संग्रह है, जो करीब 12 जिल्दों पर आधारित है और इस्लामी फ़िक़्ह के विभिन्न मसाइल पर उनकी गहरी जानकारी को सामने लाता है।
आला हज़रत ने अरबी, फ़ारसी और उर्दू में सैकड़ों किताबें और रिसाले लिखे। उनकी तहरीरों में दीन के साथ-साथ भाषा, साहित्य, गणित और दूसरे उलूम की जानकारी भी दिखाई देती है।
कुरआन का उर्दू तर्जुमा
आला हज़रत ने क़ुरआन-ए-पाक का उर्दू तर्जुमा भी किया, जो कंज़ुल ईमान के नाम से मशहूर है। इस तर्जुमे में उन्होंने भाषा के साथ-साथ अदब और अकीदत का भी ख़ास ख़्याल रखा।
उनकी कोशिश थी कि क़ुरआन के पैग़ाम को उर्दू पढ़ने वालों तक आसान और अदबी अंदाज़ में पहुंचाया जाए। आला हज़रत की शख़्सियत का सबसे ख़ूबसूरत पहलू उनका इश्क़-ए-रसूल ﷺ था। नात और सलाम उनके दिल की कैफ़ियत का इज़हार थे। उन्होंने उर्दू, अरबी और फ़ारसी—तीनों ज़बानों में नातिया कलाम लिखा।
उनका नातिया कलाम कई जिल्दों में जमा किया गया। उनकी शायरी में पैग़ंबर-ए-इस्लाम के लिए बेपनाह मोहब्बत के साथ अदब और ताज़ीम का जज़्बा भी नज़र आता है।
तुम चाहो तो क़िस्मत की मुसीबत टल जाए
क्यूं कर कहूं साअत से क़यामत टल जाए
उनकी शायरी में सिर्फ़ धार्मिक भावनाएं ही नहीं, बल्कि भाषा की मिठास और फ़ारसी-उर्दू अदब की खूबसूरती भी मिलती है।
रूहानी सिलसिला और तसव्वुफ़
आला हज़रत ने इल्म के साथ-साथ रूहानी तालीम भी हासिल की। उन्होंने हज़रत सैयद अल-रसूल क़ादरी, जो मारहरा की बरकातिया ख़ानक़ाह के सज्जादा-नशीन थे, से तरीक़त की तालीम हासिल की।
अपने मुर्शिद के विसाल के बाद उन्होंने हज़रत सैयद अबुल हुसैन अहमद नूरी मारहरवी से भी तरीक़त और दूसरे उलूम की तालीम हासिल की। इस तरह उनकी ज़िंदगी में इल्म और रूहानियत दोनों साथ-साथ चलते रहे।
आला हज़रत का रिश्ता पठान क़बीले से बताया जाता है। उनके परदादा सईदुल्लाह ख़ान कंधार से भारत आए थे। मुग़ल दौर में उन्होंने अहम ओहदों पर काम किया और उन्हें शुजाअत जंग जैसे ख़िताब से भी नवाज़ा गया।
इसी इल्मी और सामाजिक विरासत ने आगे चलकर उनके परिवार की ज़िंदगी पर भी असर डाला।
हज और इबादत
आला हज़रत ने दो बार बैतुल्लाह का हज किया। ज़िंदगी का बड़ा हिस्सा तदरीस, तस्नीफ़ और धार्मिक रहनुमाई में गुज़ारा। उनके पास दूर-दूर से लोग अपने धार्मिक सवालों और मसाइल के जवाब लेने आते थे।
उनकी ज़िंदगी में इल्म, इबादत, तसव्वुफ़ और अदब का एक ख़ूबसूरत संगम दिखाई देता है।
इल्म और मोहब्बत की विरासत
28 अक्टूबर 1921 को आला हज़रत का इंतिक़ाल हुआ। उनके विसाल के बाद भी उनकी इल्मी और अदबी विरासत ज़िंदा रही। बरेली शरीफ़ में मौजूद उनका मज़ार आज भी अकीदतमंदों के लिए ख़ास जगह रखता है।
आला हज़रत की ज़िंदगी को सिर्फ़ एक धार्मिक आलिम की ज़िंदगी कहकर सीमित नहीं किया जा सकता। वह इल्म, फ़िक़्ह, तसव्वुफ़, अदब और इश्क़-ए-रसूल के ऐसे आलिम थे, जिनकी तहरीरों और कलाम ने भारतीय उपमहाद्वीप की धार्मिक और साहित्यिक परंपरा पर गहरा असर छोड़ा।
उनकी पूरी ज़िंदगी का पैग़ाम यही था कि इल्म जब अदब और मोहब्बत के साथ जुड़ता है, तो वह सिर्फ़ किताबों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दिलों को भी रोशन करता है।
ये भी पढ़ें: नवाज़ देवबंदी: मोहब्बत, जज़्बात और इंसानियत के शायर
आप हमें Facebook, Instagram, Twitter पर फ़ॉलो कर सकते हैं और हमारा YouTube चैनल भी सबस्क्राइब कर सकते हैं।



